मंगलवार, फ़रवरी 12, 2008

देशों की जनश्रुतियों में साम्‍य है

इन जनश्रुतियों में अंतर्निहित ऐतिहासिक तथ्‍य क्‍या हैं, यह खोजना पुरातत्‍व का कार्य है। मेरे छोटे बाबाजी (चौ. धनसराजसिंह) ने इसके लिए अपना तरीका निकाला। इनके तुलनात्‍मक अध्‍ययन से कुछ सामान्‍य अनुमान हम लगा सकते हैं। अनेक देशों की जनश्रुतियों में एक विचित्र साम्‍य है। इसके कई कारण हो सकते हैं। प्रथम, मानव स्‍वभाव एक होने से एक तरह की कल्‍पनाओं में इनका सृजन हुआ। द्वितीय, जिसका सार्वदेशिक प्रभाव हुआ और वंशानुवंश स्‍मृति बनी रही, ऐसी किसी घटना के चारों ओर प्रसूत जाल ये हैं। तृतीय, किसी देश के सांस्‍कृतिक प्रभाव के कारण वहॉं की जनश्रुतियॉं दूसरे देश में रूढ़ हुईं या उत्‍प्रवास और व्‍यापार के कारण गईं।

भारतीय पुराणों का विशेष महत्‍व है। इनमें रूपक में कही गई कहाजियॉं भी हैं। अपने देश की ऐतिहासिक घटनाओं और जनश्रुतियों के अतिरिक्‍त कुछ दुसरे देशों की भी जनश्रुतियॉं हैं। वेद ग्रंथों में जिस प्रकार संसार का ज्ञान संकलन करने का प्रयत्‍न हुआ, वैसा ही उस समय की सभी देशों की ज्ञात घटनाओं का संग्रह पुराणों में किया गया। इसलिए पुराणों में अनेक प्रकार के लोगों का वर्णन मिलता है। इनमें से बहुतों को, जैसे –यक्ष, गंधर्व, किन्‍नर, नाग आदि—हम भूल गए कि कौन थे, कहॉं के निवासी थे। पुराणों में वर्णित अनेक प्रदेश आज हम संसार के मानचित्र में नहीं बता सकते। आज पुराण वर्णित सभी घटनास्‍थल कूपमंडूक बनकर भारत में ढूढ़ते हैं। इनमें से कुछ घटनाऍं भारत के बाहर की हो सकती हैं। कम-से-कम अनेक देशों में प्रचलित उसी प्रकार की जनश्रुतियों से यह कहा जा सकता है कि वे सार्वभौमिक हैं। तो फिर दुनिया में इनके रंगमंच की खोज करनी होगी। पर इनके प्रमुख स्‍त्रोत होंगे भारत के पुराण ग्रंथ।

कालांतर में जनश्रुतियों में परिवर्तन हुए। अनेक विकृतियाँ तथा क्षेपक इनमें जुड़ गए। भिन्‍न-भिन्‍न मत-मतांतरों के विभेदों ने इन्‍हें तोड़-मरोड़ डाला। अपने मत के प्रतिपादन में कल्‍पना तथा अलौकिकता का सहारा और देवी-देवताओं की दुहाई इन कथाओं में आ गई। इसलिए इन सब प्रकार के आवरणों को हटाकर और रूपक को भेदकर पुराणों का अर्थ समझने की आवश्‍यकता है। उनसे ऐतिहासिक घटना-तत्‍व प्राप्‍त कर उसका समर्थन पुरातत्‍व के अन्‍य तरीकों से खोजा जा सकता है। क्‍या जनश्रुतियों के सत्‍यांश को पहचानकर, कभी मानव सभ्‍यता, जो प्राचीन काल में भारतीय अथवा हिंदु सभ्‍यता से प्रभावित थी, का वास्‍तविक इतिहास हम खड़ा कर सकेंगे?


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं
०१- समय का पैमाना
०२- समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय
०३- सभ्‍यता का दोहरा कार्य
०४- पाषाण युग
०५- उत्‍तर- पाषाण युग
०६- जल प्‍लावन
०७- धातु युग
०८- राजा उदयन की राजधानी - कौशांबी
०९- पुराने कबीले मातृप्रधान थे
१०- जादू, टोने टुटके से - विज्ञान के पथ पर
११- रिलिजन के लिये हिन्दी में उपयुक्त शब्द - संप्रदाय या पंथ
१२- जनश्रुतियों या दंतकथाओं में भी सत्यता होती है
१३- देशों की जनश्रुतियों में साम्‍य है

सोमवार, फ़रवरी 04, 2008

जनश्रुतियों या दंतकथाओं में भी सत्यता होती है

आदि मानव ने घटनाओं को अपने स्‍वप्‍न और कल्‍पना में घोलकर कहानियॉं रचीं। विशेषकर सर्वनाशी भयानक विपत्तियों और उनके निराकरण के प्रसंगों ने, वीर कृत्‍यों, तात्‍कालिक सामाजिक जीवन-मूल्‍यों या अपने देवी-देवताओं एवं अंधविश्‍वासों को प्रस्‍थापित करने वाली अथवा चमत्‍कारी तथा आश्‍चर्यजनक घटनाओं ने एक अमिट छाप किसी प्रदेश में या कबीले में छोड़ी, जिसका अतिरंजित वर्णन किया जाता रहा। उस पर पीढ़ी-दर-पीढ़ी समय की आकांक्षाओं के अनुसार रंग भी चढ़ता गया। बहुत सी बातें प्रतीकात्‍मक शैली में उसके मन से फूट निकलीं। कहानियों की एक परंपरा बनी। यही जनश्रुतियॉं या दंतकथाऍं हैं।

जनश्रुतियों का दायरा जीवन से बड़ा और अधिक सुंदर होता है। वे निराधार नहीं गढ़ी गई अपितु सत्‍यांश ले मानव के अंतर से विकसित हुई हैं। वैसे कभी-कभी किसी बात को या साधारण व्‍यवहार समझाने के लिए भी कहानियॉं गढ़ी जाती रहीं। इन आश्‍यायिकाओं में पशु-पक्षी और जड़ वस्‍तुऍं भी बोलती हैं, मानव समान प्रकृति एवं अनेक स्‍वरूप धारण करती हैं और मानवीय भावों से प्रेरित होती हैं। ऐसी ‘ईसप की कहानियॉं’ या ‘पंचतंत्र की कथाऍं’ अलग दिखती हैं और सर्वप्रिय एवं प्रचलित होते हुए भी जनश्रुतियों की परंपरा में नहीं हैं।

जनश्रुतियों को पुरातत्‍वज्ञ कपोल कल्‍पना कहकर टाल देते थे। उनके अंदर अलौकिक (supernatural) तत्‍व का समावेश होने से उसे ‘मिथक’ (myth, अर्थात् मिथ्‍या) कहकर उपेक्षा की जाती थी। इनमें ऐतिहासिक तथ्‍य हो सकता है, यह दिखाने का श्रेय एक जर्मन व्‍यापारी हेनरिख श्‍लीमान को है। उसे आधुनिक पुरातत्‍व तथा उत्‍खनन प्रणाली का प्रणेता कहते हैं। हेनरिख श्‍लीमान नेत्रहीन कवि होमर के प्राचीन महाकाव्‍य ‘इलियड’ (Iliad) और ‘ओडेसी’ (Odyssey) का प्रेमी था। उसने इन्‍हें सत्‍य सिद्ध करने की ठानी।

इलियड यवन कबीलों की वीरगाथा (epic) है। ट्रॉय (Troy) के राजकुमार पेरिस ने एक यवन राजकुमार की पत्‍नी हेलेन का अपहरण कर लिया। इस पर यवन कबीलों ने ट्रॉय को घेर लिया। पर न नगर का फाटक टूटा और न प्राचीर ही लॉंघी जा सकी। अंत में यवन सेना ने एक चाल चली। एक लकड़ी का खोखला घोड़ा पहिएयुक्‍त पटले पर जड़ा गया। उसे छोड़ एक दिन यवन अपने जहाजों से चल दिए। ट्रॉय के लोगों ने सोचा कि यवन अपने देवता की मूर्ति छोड़कर निराश हो चले गए। वे उसे खींचकर नगर में लाए तो मुख्‍य द्वार के मेहराब को कुछ काटना पड़ा। रात्रि को जब ट्रॉय खुशियॉं मना रहा था, खोखली अश्‍व मूर्ति से यवन सैनिकों ने निकलकर चुपचाप ट्रॉय का फाटक खोल दिया। यवन सेवा, जो पास में जाकर छिप गई थी, ट्रॉय में घुस गई। एक हेलेन के पीछे ट्रॉय नष्‍ट हो गया। जैसे सीता के पीछे रावण की स्‍वर्णमयी लंका नष्‍ट हुई। इसी से अंग्रेजी में ‘द ट्रॉजन हॉर्स’ (The Trojan Horse) का मुहावरा बना। ‘ओडेसी’ मनीषी यवन कप्‍तान ओडेसस की साहसिक वापसी यात्रा की गाथा है।

होमर वर्णित दंतकथाओं का अध्‍ययन कर श्‍लामान ने अनातोलिया ( जिसे अब एशियाई तुर्की कहते हैं) में कुछ स्‍थानों पर उत्‍खनन प्रारंभ किया। अंत में एक स्‍थान पर दबे हुए एक के ऊपर एक बसे नौ ट्रॉय नगर उसने खोज निकाले। उसके बाद यूनान ( Greece) में होमर द्वारा वर्णित ‘टिरीस’ राजप्रासाद तथा अन्‍य अवशेष खोजे। इस प्रकार उसने इन जनश्रुतियों की ऐतिहासिकता सिद्ध की। काश ! भारतीय पुरातत्‍वज्ञ श्‍लीमान से सीखते। राम और कृष्‍ण के अवशिष्‍ट चिन्‍ह सारे देश में फैले हैं। इन ऐतिहासिक महापुरूषों के जीवन का शोध आज तक हम नहीं कर पाए।


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं
०१- समय का पैमाना
०२- समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय
०३- सभ्‍यता का दोहरा कार्य
०४- पाषाण युग
०५- उत्‍तर- पाषाण युग
०६- जल प्‍लावन
०७- धातु युग
०८- राजा उदयन की राजधानी - कौशांबी
०९- पुराने कबीले मातृप्रधान थे
१०- जादू, टोने टुटके से - विज्ञान के पथ पर
११- रिलिजन के लिये हिन्दी में उपयुक्त शब्द - संप्रदाय या पंथ
१२- जनश्रुतियों या दंतकथाओं में भी सत्यता होती है

गुरुवार, जनवरी 31, 2008

रिलिजन के लिये हिन्दी में उपयुक्त शब्द - संप्रदाय या पंथ

कृषि के लिए ऋतुओं का ज्ञान आवश्‍यक था। प्रथम काल-गणना तो दिन एवं चंद्रमास द्वारा प्रारंभ हुई। आज भी अरब देशों में चंद्रमास से वर्ष गिनने के कारण मुसलमानी त्‍योहार कभी जाड़े में आते हैं तो कभी गरमी में। ईसा के क्रूसारोपण (crucifixion) और पुनर्जीवन (resurrection) के दिन ग्रेगरी पंचांग (Gregorian calendar) के अनुसार एक तिथि को नहीं पड़ते। बीज कब बोया जाय,यह सौर वर्ष पर आधारित है। दसियों सहस्‍त्राब्दियों से मानव ने तारों के उदय-अस्‍त पर ध्‍यान दिया। नक्षत्रों (तारा समूहों) को देखकर उनके स्‍वरूप की कल्‍पनाऍं उसके मन में उठीं। नक्षत्र ऋतु में निश्चित समय पर उदय होते हैं। इससे सौर वर्ष की कल्‍पना आई। भारतीय पंचांग चंद्रमास और सौर वर्ष के बीच संगति बैठाने का तरीका है।

पंचांग संभवतया सबसे प्राचीन विज्ञान है। यहॉं अनेक कल्‍पनाओं की कलई चढ़ने के बावजूद प्राकृतिक नियमों ने मानव को तर्कशुद्ध चिंतन के लिए बाध्‍य किया। पर मानव का मन फलित ज्‍योतिष की भूलभुलैया में भटकता रहा है। काल-गति ऐसी विचित्र है‍ कि उसका अंतिम दार्शनिक या वैज्ञानिक विश्‍लेषण आज भी संभव नहीं। अनजाने भविष्‍य को पढ़ने के आकर्षण ने मानव कमजोरियों का उपयोग कर अंधविश्‍वासों को भी जन्‍म दिया।

मनुष्‍य समाज के रूप में रह सके, यह जीवन-दर्शन ‘धर्म’ कहलाया। प्राकृतिक तथ्‍यों और घटनाओं में मानव भाव आरोपित कर जहॉं प्रकृति पर प्रभुत्‍व की ओर उसने पग उठाया वहॉं आपसी व्‍यवहार के विधि निषेध ‘धर्म’ ने अपनाए। इन विचारों ने पूजा-वस्‍तुओं, टोटका, मंत्र-तंत्र और अंधविश्‍वासों के साथ एक व्‍यावहारिक ताना-बाना तैयार किया। इसे भारतीय परिभाषा में ‘पंथ’ या ‘संप्रदाय’ कहते हैं। ‘धर्म’ वह है जिसके द्वारा समाज की धारणा हो। अंग्रेजी का ‘रिलिजन’ (religion) शब्‍द लैटिन के ‘रेलिगेयर’ (religare) से बना है, जिसका अर्थ है ‘बॉंधना’। अंग्रेजी के इस शब्‍द के लिए हिंदी में ‘संप्रदाय’ या ‘पंथ’ अधिक उपयुक्‍त है। ‘रिलीजन’ से अर्थ उन विश्‍वासों, रीति-रिवाजों से है जो संप्रदाय या पंथ के अनुयायियों को एक साथ रखते हैं, भावना के एक सूत्र में बॉधते हैं। इसका मूल लक्षण एक प्रकार की उपासना-पद्धति है। पर धर्म वे मूलभूत विचार तथा विश्‍वास हैं जिनके बिना सभ्‍य समाज संभव न था। एक पंथ संबंधी है तो दूसरा सार्विक। यह बुनियादी अंतर न समझने और पंथ के दुराग्रह के कारण अनेक झगड़े हुए हैं और इसमें ‘हिंदु धर्म’ के प्रति हुई गलतफहमियों या जानबूझकर फैलाई गई भ्रांतियों का उत्‍स है।

फ्रायड ने धर्म के मनोभावों का एक नास्तिक (atheistic) अथवा अज्ञेयवादी (agnostic) निरूपण अपने ग्रंथ ‘एक माया का भविष्‍य’ (Future of an Illusion) में किया है। पर इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि पंथ और संप्रदाय ने मानव को सभ्‍य बनाने का कार्य किया। इन्‍होंने संसार का कुछ सीमा तक मानवीकरण किया और सभ्‍यता का एक विस्‍तृत ढॉंचा खड़ा किया। पर पंथ या संप्रदाय का आग्रह और स्‍वार्थ कभी-कभी मानव प्रगति में बेड़ी बनकर आया, झगड़े उत्‍पन्‍न किए और स्‍वतंत्र विचारों की राह में विभीषिका बनकर खड़ा हुआ। यह सभी सामी पंथों के लिए सत्‍य है।

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं
०१- समय का पैमाना
०२- समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय
०३- सभ्‍यता का दोहरा कार्य
०४- पाषाण युग
०५- उत्‍तर- पाषाण युग
०६- जल प्‍लावन
०७- धातु युग
०८- राजा उदयन की राजधानी - कौशांबी
०९- पुराने कबीले मातृप्रधान थे
१०- जादू, टोने टुटके से - विज्ञान के पथ पर
११- रिलिजन के लिये हिन्दी में उपयुक्त शब्द - संप्रदाय या पंथ

शनिवार, जनवरी 26, 2008

जादू, टोने टुटके से - विज्ञान के पथ पर

प्रारंभ में आदि मानव ने संसार को वैसे ही देखा होगा जैसे शिशु अपने मकान के छोटे से संसार को देखता है। ‘यह है’, इतना ही भाव उसके लिए पर्याप्‍त है। धीरे-धीरे वह मस्तिष्‍क दौड़ाने लगा। अन्‍वेषण का भाव उत्‍पन्‍न हुआ। उसके साथ जागी आश्‍चर्यजनक तथा अबोध्‍य लगने वाले कार्य-कलापों के प्रति जिज्ञासा। कठोपनिषद में नचिकेता का प्रसंग है, जिसने अपने पिता के विचारों को चुनौती दी। अंत में जब तक यम ने उसे जीवन और मृत्‍यु का रहस्‍य नहीं बताया तब तक वहॉं से हटने से इनकार किया। यह वैचारिक साहस और मानव की अमर जिज्ञासा का प्रतीक है। इस जिज्ञासा के कारण दर्शन और विज्ञान संभव हो पाया।

कार्य-कारण भाव मन में आना स्‍वाभाविक है। ‘तुम ऐसा करते हो तो यह हो जाता है’, यह संबंध एक सीमा तक पशुओं के मस्तिष्‍क में भी रहता है; और धीरे-धीरे उनकी अंत:प्रवृत्ति में बदल जाता है। आदि मानव बहुत व्‍यवस्थित और विवेकपूर्ण ढंग से सोचने का आदी न होगा। इसलिए कई बातों में असंगति थी। कुछ बातें प्रत्‍यक्ष अनुभव से सिद्ध हो जातीं—यदि विषैला फल खाओगे तो मर जाओगे। पर आदि मानव के लिए अनेक अहम समस्‍याऍं थीं, जिनके हल की खोज में गलत कारण मन में आए, पर जो इतने गलत न थे कि उनकी गलती पकड़ में आ सके। इसने अंधविश्‍वासों को जन्‍म दिया। कुछ अंधविश्‍वासों को मानव आज तक भुगत रहा है। इसलिए कौन सा आश्‍चर्य है कि हजारों प्रकार के जादू-टोना, झाड़-फूँक, मंत्र-तंत्र, शकुन-अपशकुन और तावीजों आदि में उसका विश्‍वास बढ़ा। आज भी वनवासी एवं अशिक्षित लोगों में इस प्रकार के अंधविश्‍वास पलते हैं और शिक्षितों में उनकी छाया।

बालक के समान आदि मानव के स्‍वप्‍न और कल्‍पना-चित्र अधिक सजीव तथा विशद थे और भीति तीव्र थी। वह पशुओं में और यहॉं तक कि जड़ वस्‍तुओंमें भी अपनी तरह के मनोभाव आरोपित करता। ऊफनती नदी और उठती ऑंधी को वह किसी के क्रोध के लक्षण समझता। कबीले के प्रधान की मृत्‍यु के बाद भी उसके सजीव स्‍वप्‍न आदि मानव को विश्‍वास दिलाते होंगे कि वह (मुखिया) मरा नहीं बल्कि किसी परोक्ष काल्‍पनिक जगत में विचरण कर रहा है। उसके हृदय में प्रधान के प्रति आदर तथा भय नया हो जाता। शायद पूर्व प्रस्‍तर युग में इसी से कहीं-कहीं शव को दफनाते समय व्‍यक्ति के हथियार और हड्डी आदि के अलंकार साथ दफना दिए जाते थे। इनको देखकर भारतीय सामाजिक जीवन (एवं शवदाह) और चिंतन की अलौकिकता को समझा जा सकता है।

आदि मानव के लिए बीमारी और मृत्‍यु अपना भयंकर रहस्‍य छिपाए खड़ी थी। कभी महामारी लंबे डग भरती हुई सारे प्रदेश में महानाश उपस्थित करती। उसका भयग्रस्‍त भावुक हृदय आतंक में कभी इधर कारण खोजता और कभी उधर दोष देता। गाढ़े में सहायता के लिए कभी इस वस्‍तु या प्राणी की, कभी उसकी शरण में भटकता। प्रकृति की क्रूरता को उसने मृदु बनाने का यत्‍न किया। अपनी तरह के मनोभाव इन विपत्तियों तथा जड़ वस्‍तुओं पर आरोपित कर उनको तुष्‍ट कर अनुकूल बनाने का प्रयास किया। इसी से वस्‍तु-पूजा, उनके समक्ष जीव-बलि प्रारंभ हुई। इस प्रकार उसने अनेक कठोर परिस्थितियों को जीवन में सहनीय बनाया। प्रकृति की क्रूरता को सहने की शक्ति अर्जित की। पर भारत में इसे वैज्ञानिक दृष्टि से देखना प्रारंभ हुआ।

इसके साथ आया अनजानी शक्तियों को प्रसन्‍न करने का भाव। फिर यह कि मानव कुछ त्‍याग करे, अपनी प्रिय-से प्रिय वस्‍तु देवताओं को अर्पण करे। इसी से बलि की प्रथा आई। नव प्रस्‍तर युग के प्रारंभ में खेत बोने के पहले उर्वरता ( fertility) की देवी को नर-बलि देने की प्रथा भी कहीं-कहीं थी। कोई नीच, बहिष्‍कृत व्‍यक्ति की बलि नहीं बल्कि चुने हुए सुंदर युवक या युवती की, जिसको वे श्रद्धा से देखते और बलिदान के पहले पूजते। इसके पीछे एक कर्मकांड था और एक मानसिक बाध्‍यता। प्रस्‍तरयुगीन मानव को बलि होने वाले व्‍यक्ति और उसके प्रियजनों को भी इसकी क्रूरता का भास नहीं होता था। भारत में जब अकाल पड़ता तो सोने के हल से प्रमुख या राजा खेत जोतता। ऐसी राजा जनक द्वारा पुत्री सीता को प्राप्‍त करने की कथा है। सबका ध्‍यान आकर्षित करने के लिए यह किया जाता होगा। केवल एक अपवाद भारत में कहा जाता है सतयुग की शुन:शेप कथा। जब बारह वर्ष तक अनावृष्टि के कारण अकाल हुआ तो वर्षा के देवता इंद्र को प्रसन्‍न करने के लिए स्‍वेच्‍छा से अपने को बलि के निमित्‍त एक ब्राम्‍हण पुत्र ने, जिससे माता-पिता तथा समाज की दुर्दशा नहीं देखी गई, अर्पित किया। उसे बलि चढ़ाने खेत पर ले जाया गया। पर हवन प्रारंभ करते ही वर्षा हुई और नर-बलि की नौबत नहीं आई। भारत ने नर-बलि को कभी नहीं स्‍वीकारा।

अनुभव से मानव ने बीमारी का संबंध अनेक प्रकार की गंदगी और छूत से लगाया। इसी से शुचिता के भाव उत्‍पन्‍न हुए। भारतीय जीवन में छुआछूत के विचार इसी से आए। इनकी विकृति भी बाद में आई। इसका संबंध किसी आर्य-अनार्य भाव से न था। अनेक लोगों के साथ रहने पर यह आवश्‍यक था कि सामाजिक जीवन चलाने के लिए शरीर-मन-कर्म की शुद्धता पर बल दिया जाता। इस त्रिविध पवित्रता और उसमें उत्‍कर्ष करने के भाव से श्रेष्‍ठ सामाजिक जीवन यहॉं उत्‍पन्‍न हो सका।

पूर्व प्रस्‍तर युग में कुछ प्रौढ़ स्थिरमति लोग होंगे, जो भावनाओं और अंधविश्‍वासों में सहभागी होते हुए भी अधिक आग्रही तथा साहसी होंगे। इनके ऊपर कबीले के नेतृत्‍व का भार आ पड़ा। प्रकृति के कोप को शांत करना और दैवी विपत्तियों के निराकरण का मार्ग सुझाना, शकुन-अपशकुन का विचार करना आदि कार्य इनके मत्‍थे थे। यही परामर्शदाता एवं पुरोहित बने। संकट-निवारण तथा सौभाग्‍य बुलाने के अनेक टोटकों के ज्ञाता। यह समझना भूल होगी कि उस समय के ये पुरोहित नेता छल-कपट या चालबाजी करते और कबीले उनके शिकार बनते थे। इन सब टोटकों, झाड़-फूँक एवं मंत्र-तंत्र पर उनका विश्‍वास था और कबीले के सर्व-कल्‍याण के लिए ही यह सब किया जाता था। यह पुरोहितों का आदिकालीन व्‍यावरिक विज्ञान था। प्रारंभ में पुरोहित धार्मिक व्‍यक्ति न होकर तत्‍कालीन विज्ञान के अभ्‍यासकर्ता थे।


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं
०१- समय का पैमाना
०२- समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय
०३- सभ्‍यता का दोहरा कार्य
०४- पाषाण युग
०५- उत्‍तर- पाषाण युग
०६- जल प्‍लावन
०७- धातु युग
०८- राजा उदयन की राजधानी - कौशांबी
०९- पुराने कबीले मातृप्रधान थे
१०- जादू, टोने टुटके से - विज्ञान के पथ पर

गुरुवार, जनवरी 17, 2008

पुराने कबीले मातृप्रधान थे

आज फ्रॉयड (Freud) , यूँग (Jung) और ऍडलर (Adler) की खोजों और मनोविश्‍लेषण (psycho-analysis) से हम शिशु जीवन की मनोरचना का और सामाजिक जीवन के लिए किस प्रकार उसके अहम् भाव और वासनाओं का ढका जाना, दमन, नियंत्रण,परिष्‍कार तथा उदात्‍तीकरण होता है, इसका अनुमान लगा सकते हैं। दूसरे उस समय की लोककथाऍं, रीति-रिवाज तथा अंधविश्‍वासों से आदि मानस की झलक पा सकते हैं। इस विचारधारा के अवशेष हमारे चाल-चलन एवं रीति-रिवाजों में रूढ़ हो गए हैं। इसके अतिरिक्‍त उसके बनाए चित्र, मूर्तियॉं, प्रतीक और सबसे अधिक पूजा-वस्‍तुऍं उसकी कल्‍पना के झरोखे हैं। पुरातत्‍व के अनुसार आदिकालीन मानव शिशु की भॉंति कल्‍पना चित्रों में सोचते, उसी प्रकार जनित भावावेश में काम करते थे। व्‍यवस्थित क्रमबद्ध विचार बाद में पाश्‍चात्‍य विद्वानों के अनुसार, लगभग ३०,००० वर्ष पहले मानव जीवन में आना प्रारंभ हुआ। भारतीय विचारकों के अनुसार यह बहुत पहले से था।

इसके पहले कि कबीले (tribe) के लोग एक साथ रह सकते, सामाजिकता का तकाजा था कि व्‍यक्तिगत मनोविकारों, कुप्रवृत्तियों और दुर्वासनाओं पर अंकुश लगे। भय, क्रोध आदि सभी पशुभाव मानव में हैं। स्‍तनपायी जीवों के समय से, जब से जीव का सामूहिक जीवन प्रारंभ हुआ, अंत:प्रवृत्ति के निर्माण का अविच्छिन्‍न क्रम मानव तक चलता आया है। यह मानव की पूर्व रचित मनोभूमिका है। उसके चाल-चलन की रचना आगे विधि-निषेधों द्वारा हुई। पर कुछ उसे वंशानुक्रम में पूर्व योनियों से भी प्राप्‍त हुआ। अनेक जातियों में सहजात निषेध ( taboo) पाए जाते हैं।

पुरातत्‍वज्ञों का अनुमान है कि पूर्व पाषाण युग के कबीले मातृप्रधान थे। उनके अनुसार इसका कारण स्त्रियों द्वारा खेती का अन्‍वेषण था। पर बाद के अन्‍वेषण पुरूषों द्वारा होने के कारण उनका महत्‍व बढ़ गया। इसलिए ये पुरातत्‍वज्ञ कहते हैं, ‘समाज पितृप्रधान हो गए।‘ यह दिमागी सैर मात्र है। आज से दो-तीन शताब्‍दी पहले जो अमेरिका, ऑस्‍ट्रेलिया या अफ्रीका में प्रस्‍तरयुगीन मानव के बचे-खुचे कबीले पाए जाते थे, वे साधारणतया पितृप्रधान थे। कुछ पुरातत्‍वज्ञ कहते हैं कि मातृप्रधान समाज अधिक ‘सभ्‍य’ अवस्‍था है। केरल में कुछ मातृप्रधान समाज हैं। वहॉं विवाहोपरांत पति को पत्‍नी के मायके में जाकर रहना पड़ता था। वहीं उन्‍हें उत्‍तराधिकार मिलता था। पर नए हिंदू कानून से उत्‍तराधिकार बदल गया। प्रस्‍तर युग में संभवतया समाज-व्‍यवस्‍था में स्‍त्री-पुरूष दोनों की समान साझेदारी थी।

दो शताब्‍दी पूर्व तक कुछ कबीले संसार में पाए जाते थे। यह आदि समाज की विकृति भी हो सकती है। फिर भी इनके जनमानस में मानसिक तथा सामाजिक विकास की प्रक्रिया दिख सकती है। ऐसे ऑस्‍ट्रेलिया के आदि निवासियों का धार्मिक, सामाजिक जीवन टोटेमवाद ( totemism) पर आधारित था। हर कबीले का एक गण-चिन्‍ह (totem) था, जो साधारणतया कोई जानवर या विरल वनस्‍पति या प्राकृतिक शक्ति होती थी। कबीला उस गण-चिन्‍ह को अपना पूर्वज मानता और उसके नाम पर जाना जाता। कबीले का विश्‍वास था कि वह उनकी रक्षा करता है और देववाणी द्वारा मार्गदर्शन करता है। गण-चिन्‍ह के साथ अनेक निषेध जुड़े थे। वे उस जानवर को मारते न थे, वरन् संरक्षण करते थे। एक गण –चिन्‍ह के लोगों में परस्‍पर विवाह-संबंध का निषेध था। रामायण काल की वानर तथा ऋक्ष (रीछ) जातियॉं ऐसी ही थीं, जिनके गण-चिन्‍ह वानर एवं ऋक्ष थे।


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं
०१- समय का पैमाना
०२- समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय
०३- सभ्‍यता का दोहरा कार्य
०४- पाषाण युग
०५- उत्‍तर- पाषाण युग
०६- जल प्‍लावन
०७- धातु युग
०८- राजा उदयन की राजधानी - कौशांबी
०९- पुराने कबीले मातृप्रधान थे