सोमवार, दिसंबर 24, 2007

जल प्‍लावनः सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं

दूसरी बहुत बड़ी घटना जल प्‍लावन की है। तृतीय हिमाच्‍छादन के समय भूमध्‍य सागर का अस्तित्‍व दो झीलों के रूप में था, जो नदी द्वारा संबद्ध हो सकती थीं। पूर्वी झील में, जो शायद मीठे पानी की थी, नील नदी और आसपास का जल आता था। भूमध्‍य सागर आज भी एक प्‍यासा सागर है। सूर्य के ताप से पानी अधिक उड़ने के कारण वह सिकुड़ता है, जैसे आज कश्‍यप सागर और मृत सागर (Dead Sea) सिकुड़ रहे हैं। इस संकुचन को दूर करने के लिए आज पानी अटलांटिक महासागर से जिब्राल्‍टर जलसंधि होकर तथा काला सागर से दानियाल (Dardanelles) जलसंधि होकर भूमध्‍य सागर में आता है। काला सागर को आवश्‍यता से अधिक जल नदियों से प्राप्‍त होता है। जब भूमध्‍य सागर की घाटी दोनों ओर सागरों से संबद्ध न थी तब जहॉं आज नील सागर लहराता है वहॉं हरी-भरी घाटी में मनुष्‍य स्‍वच्‍छंद घूमते थे।

पर हिमाच्‍छादनस की बर्फ पिघलने से महासागरों के जल की सतह ऊपर उठने लगी। तभी संभवतया किसी आकाशीय पिंड ने पास आकर भयंकर ज्‍वार-तरंगे उत्‍पन्‍न कीं। फलत: अटलांटिक महासागर का जल पश्चिम से यूरोप और अफ्रीका के बीच की घाटी में फूट निकला। उसने मिट्टी बहा दी। आज भी अटलांटिक महासागर से जिब्राल्‍टर जलसंधि होकर भूमध्‍यसागर तल तक एक गहरा गलियारा रूपी महाखड्ड विद्यमान है। वहॉं की सीधी चट्टानों को ‘हरकुलिस’ के स्‍तंभ (Pillars of Hercules) कहते हैं। हरकुलिस (हरि + कुलि:, बलराम का दूसरा नाम) के साहसिक कार्यों की कहानियॉं विदित हैं। इस महा विपत्ति की कल्‍पना करें। सारे संसार में ज्‍वार तरंगे उठीं। पहले थोड़ी धारा में और फिर भयंकर गहराता सागर ‘भूमध्‍य घाटी’ की झीलों के किनारों की आदिम बस्तियों पर उमड़ पड़ा। शनै:-शनै: वह खारा पानी बस्तियों और पेड़ों के ऊपर पहाड़ों को छूने लगा। वहॉं पनपता सभ्‍यता का बीज मिट गया और अफ्रीका का यूरोप से स्‍थल-संबंध टूट गया। अफ्रीकी प्रजातियों का बड़ी मात्रा में यूरोप में निर्गमन समाप्‍त हुआ। प्रारंभिक मानव इतिहास के कुछ रहस्‍यों को गर्भ में धारण किए आज भूमध्‍य सागर लहरा रहा है।


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं
- समय का पैमाना
- समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय
- सभ्‍यता का दोहरा कार्य
- पाषाण युग
- उत्‍तर- पाषाण युग
६- जल प्‍लावन

रविवार, दिसंबर 16, 2007

उत्‍तर- पाषाण युगः सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं

उत्‍तर- पाषाण (Upper Paleolithic) युग के प्रारंभ में दो बहुत बड़े परिवर्तन पृथ्‍वी पर हुए। प्रथम, उत्‍तरी अफ्रीका एवं दक्षिण-पश्चिम एशिया की जलवायु बदलने लगी। वर्षा कम हो गई और घास के मैदान मरूस्‍थल बनने लगे। सहारा का रेगिस्‍तान तभी बना और रेगिस्‍तान के बीच नील नदी की धारा मिस्‍त्र की जीवन-धारा बनी। अरब (अर्व देश, अर्वन = घोड़ा), गांधार (आधुनिक कंधार) और थार के मरूस्‍थल तभी बने। जहॉं कहीं पानी बचा, वह मरूद्यान (oasis) बन गया। इन प्रदेशों के वन्‍य-पशु और मनुष्‍य इन्‍हीं जल-स्‍त्रोंतों के समीप रहने को बाध्‍य हुए। कुत्‍ता मानव के साथ पहले से था। पांडवों के साथ कुत्‍ते के भी हिमालय जाने की कथा है। चारा खाकर रह सकने वाले पशु –गाय-बैल, भेड़, बकरी, सुअर आदि मरूद्यानों के समीप चक्‍कर काटने लगे। भैंस संभवतया बाद में मानव जीवन में आई। कहते हैं, एक बार विश्‍वामित्र ने वसिष्‍ठ के यहॉं से कामधेनु को ले जाना चाहा। पर वह छूटकर वापस भाग गई तो उन्‍होंने एक नई सृष्टि-रचना की, जिसमें गाय के स्‍थान पर भैंस थीं। मनुष्‍य ने हिंसक जंतुओं से उनकी रक्षा की और खेत का चारा उन्‍हें दिया। वे मनुष्‍य के ऊपर निर्भर हो गई। इस प्रकार या अन्‍य कारणों से पशु का साथ होने पर मानव ने पशुपालन सीखा।

भारत में थार का मरूस्‍थल बनना शुरू हो गया था। तब राजस्‍थान और सिंध की भूमि ऊपर उठने से जहॉं एक ओर सॉभर जैसी खारे पानी की झील बच गई वहॉं दूसरी ओर एक बालुकामय खंड निकल आया। किसी समय राजस्‍थान में पर्याप्‍त वर्षा होती थी; पर विश्‍व की बदलती जलवायु ने उसे शुष्‍क रेगिस्‍तान बना दिया। यहॉं की नदियाँ सूख गई। आज भी राजस्‍थान के बीच सरस्‍वती नदी ( जिसे कहीं ‘घग्‍घर’ भी कहते हैं) का शुष्‍क नदी तल सतलुज के दक्षिण, कुछ दूर उसके समानांतर,कच्‍छ के रन तक पाया जाता है।

कुछ पुरातत्‍वज्ञों का मत है कि आज जिस प्रदेश को पंजाब कहते हैं उसे कभी ‘सप्‍तसिंधव:’, सात नदियों की भूमि कहते थे। कुछ कहते हैं कि यमुना भी पहले सरस्‍वती के साथ राजस्‍थान और कच्‍छ या सिंधु सागर में गिरती थी। गंगावतरण के बाद गंगा की किसी सहायक नदी ने धीरे-धीरे यमुना को अपनी ओर खींच लिया। उनके कहने के अनुसार आधुनिक पंजाब की पॉंच नदियॉं—सतलुज ( शतद्रु), व्‍यास ( विपाशा), रावी (परूष्‍णी), चेनाब ( असक्री), झेलम ( वितस्‍ता) और सरस्‍वती तथा यमुना मिलकर सात नदियॉं सिंधु सागर में मिलती थीं। इन्‍हीं के कारण ‘सप्‍तसिंधव:’ नाम पड़ा। कुछ अन्‍य कहते हैं कि सप्‍तसिंधु में सरस्‍वती एवं सिंधु नदी और उनके बीच बहती पॉंच नदियॉं गिननी चाहिए। परंतु विष्‍णु पुराण के एक श्‍लोक में सात पवित्र नदियों के नाम इस प्रकार हैं—‘गंगे च यमुने चैव गोदावरि सरस्‍वती। नर्मदे सिंधु कावेरी (जलेस्मिन सन्निधिं कुरू)।‘ इस प्रकार हिमालय के दक्षिण के संपूर्ण देश को ही ‘सप्‍तसिंधु’ कहते थे।

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं
- समय का पैमाना
- समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय
- सभ्‍यता का दोहरा कार्य
- पाषाण युग
५- उत्‍तर- पाषाण युग

गुरुवार, दिसंबर 06, 2007

पाषाण युग - सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं

लगभग दो लाख वर्ष का मानव का प्रारंभिक जीवन, जब हमें पत्‍थर के हथियार ही उसके अस्तित्‍व की याद दिलाते हैं, पाषाण युग (stone age) के नाम से विख्‍यात है। उस समय के जीवन का चित्ररू खड़ा करते समय मानव को जंगली कहकर कल्‍पनाऍं करते हैं। पर वह असमय में शरीर से वयस्‍क बने शिशु के समान था। पूर्व पाषाण युग में पीढियों के संचित अनुभव से प्राप्‍त ज्ञान ने उसे मन का स्‍थायित्‍व और बालावस्‍था दी। चतुर्थ हिमाच्‍छादन लगभग ५०,००० वर्ष ( हमारे पैमाने पर पॉंच सेंटीमीटर) पहले पराकाष्‍ठा पर था और उसके १०,००० वर्ष बाद संभवतया उसका प्रभाव घटने लगा। तब नव प्रस्‍तर युग का प्रारंभ कहा जाता है।

ऐसे समय ग्रीष्‍मोन्‍मुख जलवायु के कारण वनस्‍पति और जंतु के साथ मानव भी उत्‍तर की ओर बढ़े। यूरोपीय विचाराधारा के अनुसार इन्‍होंने स्‍पेन और फ्रांस की कंदराओं में रेनडियर और अन्‍य जानवरों के कलापूर्ण चित्र खींचे। उत्‍तरी अफ्रीका में भी ऐसे चित्र मिलते हैं। अंत में ये ज्‍यामितीय रेखाचित्ररू बन गए। सहस्‍त्राब्दियों में दूर हटते शीत ने रेनडियर को उत्‍तर की ओर भगा दिया। अब दक्षिण में बढ़े घास के मैदान, जंगल और पशु। शीघ्र ही रेनडियर मानव के बाद दूसरी लहरें श्‍यामल मानव की यूरोप में पहुँची। ये अपने साथ लाए धनुष-बाण, कृषि का प्रारंभिक ज्ञान एवं मिट्टी के बरतन, मृद्भांड।

हम भोपाल से रेल द्वारा होशंगाबाद की यात्रा करें तो दूर विंध्‍याचल की पहाडियों में गढ़ी भीमबेतका की खड़ी चट्टानें दिखेंगीं। यहॉं भित्ति चित्रों से युक्‍त कंदराऍं हैं, जहॉं संभवतया दो (बीस ?) लाख वर्ष से मानव निवास करते थे। और पूर्व पाषाण युग से लेकर कंदरा-कला का सिलसिलेवार दर्शन हो जाता है। वहॉं 40,000 वर्ष हुए विभिन्‍न रंगों के रेखाचित्र बनते थे, वे कालांतर में मांसल हो गए। ऐतिहासिक कालखंड आते-आते (तीस सहस्‍त्राब्‍दी संवत् पूर्व) उस प्रकार के सांकेतिक और ज्‍यामितीय रेखाचित्र भी आने लगे, जैसे वर्षा ऋतु में त्‍योहार के दिन देहात में लोग मुख्‍य द्वार के दोनों ओर बनाते हैं।

भारत में, जहॉं चतुर्थ हिमाच्‍छादन का प्रभाव हिमालय की रक्षा पंक्ति और मौसमी हवाओं के कारण नगण्‍य था, पुरातत्‍व के उक्‍त युगों का संक्रमण अगोचर ही था। लगभग 60,000 वर्ष पहले भी मिट्टी के बरतनस का प्रयोग यहॉं था और उसकी चित्रकारी की नकल पहाड़ी कंदराओं में मिलती है। यूरोपीय मध्‍य एवं नव प्रस्‍तर युग के पालिशदार तथा परिष्‍कृत हथियार, पतले धारदार फलक (blade) यहॉं पहले से थे। मानव ने ‘अमृत मंथन’ से प्राप्‍त धनुष-बाण धारण किया। प्रति वर्ष आती वर्षा ऋतु और उससे उत्‍पन्‍न हरियाली के अध्‍ययन से खेती और पशुओं से निकट संपर्क होने पर पशुपालन प्रारंभ हुआ। देखा कि मिट्टी से लिपी टोकरी जब आग में जल जाती है तब उसके आकार का पका मिट्टी का बरतन बचा रहता है। इससे मृद्भांड अनेक प्रकार के मिलते हैं-धूसर, लोहित, गेरूए तथा काले; वैसे ही पालिशदार, चमकदार या चित्रित। संभवतया फैशन के समान भिन्‍न प्रकार के मृद्भांड भिन्‍न समय में अपनाए गए। यूरोपीय पूर्व पाषाण युग के वल्‍कल और चमड़े (खाल) के वस्‍त्रों का स्‍थान भारत में ( जहॉं कपास पाई जाती थी) बुने वस्‍त्रां ने लिया। बिना खेती के ग्राम का गठन और उसके बाद नागरिक जीवन संभव न था। नगरों के प्रारंभ होने तक मानव सभ्‍यता के अधिकांश आधार जुट चुके थे।

प्राकृतिक संकट यातायात के साधनों के अभाव में उग्र हो जाते हैं। खेती और यातायात से संबंधित अनेक आविष्‍कार इसी काल में हुए। मानव ने खेती के लिए हल, बैलों को जोतने के लिए जुआ, पालदार नाव और दो या चार पहिए की गाड़ी का आविष्‍कार किया। इस युग का सबसे क्रांतिकारी आविष्‍कार था ‘पहिया’। गाड़ी का चलन भारत के मैदानों से प्रारंभ हुआ। प्रकृति ने जीव-सृष्टि में पहिए का उपयोग नहीं किया। हाथ-पैर के क्रिया-कलाप तो उत्‍तोलक ( lever) के सिद्धांत पर आधारित हैं। आज विरली ही मशीनें मिलेंगी जो पहिए का उपयोग नहीं करतीं। पहिए के आविष्‍कार ने कुम्‍हार के चाक को जन्‍म दिया, जिससे मिट्टी के सुडौल और अच्‍छे पात्र बनने लगे। नाव में पाल के उपयोग ने यातायात का सबसे सस्‍ता साधन उपलब्‍ध किया।


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं
- समय का पैमाना
- समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय
- सभ्‍यता का दोहरा कार्य
४- पाषाण युग

मंगलवार, नवंबर 27, 2007

सभ्‍यता का दोहरा कार्य - सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं

सभ्‍यता का दोहरा कार्य रहा है। एक ओर नग्‍न प्रकृति भयानकता में खड़ी है। वह आग उगलता ज्‍वालामुखी और मानो क्रोध में कॉंपती पृथ्‍वी, वह हहराती और सब कुछ ढहाती बाढ़, वह रक्‍त से रँगे जानवर के पंजे व दॉंत और महामारी तथा मृत्‍यु का दारूण दु:ख। पश्चिमी विचारधारा कहती है कि प्रकृति के ऊपर विजय प्राप्‍त करना सभ्‍यता का प्रथम लक्ष्‍य है। मानव के पास नवीन उपकरणों के निर्माण के लिए हाथ थे। उसके पास विकासोन्‍मुख वाक्-शक्ति और अत्‍यंत उन्‍नत मस्तिष्‍क था। इन तीन साधनों से वह धीरे-धीरे प्रकृति और अन्‍य प्राणियों पर प्रभुत्‍व पाने के लिए बढ़ा।

पर हिंदु विचारों ने यह दृष्टिकोण कभी नहीं स्‍वीकारा। सामी सभ्‍यताओं के लिए प्रकृति एक ‘स्‍त्री’ है। उसके ऊपर विजय प्राप्‍त करना, उसे दबाकर अपनी मुट्ठी में रखना, यही उन सभ्‍यताओं की मूल प्रवृत्ति थी। पर भारतीय दर्शन ने प्रकृति को ‘मॉं’ की संज्ञा दी। इसी से उपजा उसके प्रति भक्ति एवं श्रद्धा का भाव; प्राकृतिक सुषमा की उपासना। ऐसे सुंदर स्‍थल देवी-देवताओं के निवास, तीर्थ बने। इसी से संपूर्ण प्रकृति एवं चराचर सृष्टि के साथ सह-अस्तित्‍व की और पर्यावरण के संरक्षण की भावना आई। इसी से प्रारंभ हुआ भूमि पर कुछ करने के पहले भूमि-पूजन। प्रात: शय्या से नीचे पैर रखते समय प्रार्थना—‘समुद्रवसने देवि, पर्वतस्‍तन मंडले; विष्‍णुपत्नि: नमस्‍तुभ्‍यं पादस्‍पर्श क्षमस्‍व में।‘ माता समान प्रकृति से सामंजस्‍य स्‍थापित कर पुत्रवत् भाव से प्राकृतिक शक्तियों का आवाहन। यह विज्ञान की ओर देखने का भारतीय दृष्टिकोण है। उसका उपयोग प्रकृति के शोषण और इस प्रकार अंततोगत्‍वा वनस्‍पति तथा अन्‍य जीवन के विनाश के लिए नहीं वरन् सृष्टि के संरक्षण के लिए एक माध्‍यम अथवा सरणि प्रदान करना है।

इसी प्रकार मानव-मानव के बीच संबंध न्‍यायपूर्ण एवं स्‍नेह से निर्मित हों, जिसपर समाज का ढॉचा खड़ा हो सके, यह दूसरा उतना ही महत्‍वपूर्ण कार्य है। पहले कार्य से कुछ कम प्रयत्‍न मनुष्‍यों के संबंध निर्धारण करने में और एक न्‍यायपूर्ण सामाजिक ढॉंचा खड़ा करने में नहीं लगे। सिग्‍मंड फ्रायड ने अपनी पुस्‍तक ‘सभ्‍यता के कार्य’ ( The Tasks of Civilization) में यूरोपीय दृष्टिकोण से मानव सभ्‍यता के उद्देश्‍यों का मनोवैज्ञनिक विश्‍लेषण किया है।

प्राचीन वैदिक साहित्‍य में कभी-कभी शब्‍द- प्रयोग आते हैं ‘विद्या’ और ‘अविद्या’। ‘विद्या’ से अभिप्राय उस दर्शन या विचारों से है जो ‘मानव’ और ‘भगवान्’ के संबंधों का निरूपण करें। जैसा ‘गीता’ में कहा, समाज भगवान का व्‍यक्‍त स्‍वरूप है। इसलिये मानव और समाज के संबंध या दूसरे शब्‍दों में समाज में मानव-मानव के संबंध के विचार ही सर्वश्रेष्‍ठ ‘ज्ञान’ है, यही ‘विद्या’ है। अर्थात ‘समाजशास्‍त्र’ (social sciences), जिसे महाविद्यालयीन पाठ्यक्रम में मानविकी (humanities) कहते हैं, ‘विद्या’ है। ‘अविद्या’ कभी-कभी उस दर्शन या विचारों को कहते थे जो मानवशास्‍त्र से परे प्रकृति के बारे में थे। इसे अब ‘विज्ञान’ कहते हैं। यह द्विभाजन सभ्‍यता के दोहरे ध्‍येय को दर्शाता है। प्राचीन भारतीय संस्‍कृति में इन दोनों प्रकार के शास्‍त्रों का समान स्‍थान था। जहॉं एक ओर ऋषि-मुनियों ने सामाजिक शास्‍त्रों का चिंतन किया वहॉं उन्‍होंने आधुनिक विज्ञान के क्षेत्र में भी कार्य किया। यह तो बाद में हुआ कि भारतीय चिंतन पर एकपक्षीय आवरण छाता गया।

किस प्रकार मानव सभ्‍यता अपने इन दो लक्ष्‍यों की ओर बढ़ी - यह अगली बार।

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं
- समय का पैमाना
- समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय
३-

गुरुवार, नवंबर 22, 2007

समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय - सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं

यदि सूर्य की निर्मिति से हम इस पॉच किलोमीटर लंबे काल-पैमाने (time scale) पर यात्रा करें तो लगभग तीन किलोमीटर की सूनी यात्रा के बाद ( आज से लगभग २ x १०^९ वर्ष पहले) सौरमंडल में पृथ्‍वी का जन्‍म दिखेगा। एक किलोमीटर और जाने के पहले ( लगभग १.२० x१०^९ वर्ष पर) दिखेगा कि पृथ्‍वी पर पपड़ी जमकर उसके छिछले गरम पानी के पोखरों में अध:जीवन का कंपन प्रारंभ हुआ। यह आदि जैविक महाकल्‍प का समय है। धीरे-धीरे लसलसी झिल्‍ली तथा काई सरीखे पौधे दिखने लगे, जो जलीय कीट तथा सेवार में बदल गए। अंत से लगभग ५४० मीटर पर ( लगभग ५४ करोड़ वर्ष पहले) ज्‍यों यह काल्‍पनिक यात्री पुराजीवी महाकल्‍प में बढ़ते हैं, सागर में जीवन बढ़ता जाता है और कछुए, मछली आदि की वहॉं भरमार है। लो, अब जीवन-स्‍थल की बढ़ा। उभयचर पृथ्‍वी पर आ चुके हैं और धीरे-धीरे वनस्‍पति एवं जंतु दलदलों और जलमार्गो से स्‍थल में बढ़ रहे हैं। इसी समय उष्‍ण-नम जलवायु में कार्बोनी युग के जंगल दिखते हैं। तब तक हम लगभग सारी यात्रा कर आए हैं, केवल २००-१५० मीटर दूरी पैमाने पर शेष है। बीच के एक प्राय: सूने अंतराल के बाद मध्‍यजीवी महाकल्‍प की जीवन की विपुलता दिखाई देती है जब भीमकाय सरीसृप घूमते हैं और फैले हैं सदाहरित वृक्षों के जंगल। अंत से लगभग १२१.५ मीटर पहले (आज से १.२१५ x१०^८ वर्ष पहले) भारतीय गणना के अनुसार उस ‘कल्‍प’ का प्रारंभ हुआ जो आज तक चला आ रहा है। कुछ वैज्ञानिक इसी समय को जीवन का आरंभ कहते हैं। इसके बाद किसी भयानक दुर्घटना के कारण पृथ्‍वी की धुरी एक ओर झुक जाती है। ग्रीष्‍म एवं शीत ऋतुऍं आरंभ होती हैं और सरीसृप संभवतया इसे सहन न कर सकने के कारण नष्‍ट हो जाते हैं। पून: लगभग सूना अंतराल। और जब जीवन फिर विवधिता में प्रस्‍फुटित होता है तब नूतनजीवी कल्‍प आ गया है; आ गए स्‍तरपायी जीव एवं पक्षी। अब कुछेक करोड़ वर्ष की यात्रा, जो हमारे पैमाने पर १०० मीटर से कम है, ही शेष है। लगभग ३० मीटर की शेष यात्रा पर भयानक भूकंपों से पृथ्‍वी कॉंप उठती है और ऊँची पर्वत-श्रेणियों का निर्माण होता है।

इस पॉंच किलोमीटर की यात्रा में जब केवल दस मीटर की यात्रा रह जाती है तब आता है हिमानी युग। तुलना में इस थोड़ी सी दूरी में उष्‍ण कटिबन्‍ध के आसपास तथा पर्वत रक्षित भारत छोड़कर शेष पृथ्‍वी हिमाच्‍छादन से कई बार कॉंप उठती है। इसी में अवमानव के दर्शन होते हैं। जब लगभग बीस सेंटीमीटर ( दो लाख वर्ष) हमारी मंजिल रह गई तब मानव के दर्शन हुए। और मंजिल से पॉंच सेंटीमीटर पहले नियंडरथल मानव को चतुर्थ हिमाच्‍छादन की क्रूर ठंडक का शिकार बनते देखते हैं। पुरातत्‍व के अनुसार तीन सेंटीमीटर (३०,००० वर्ष) पहले हम दक्षिणी एशिया और अफ्रीका से यूरोप तथा उत्‍तरी एशिया में बढ़ती वनस्‍पति, घास और जंगल के साथ मानव को भी वहॉं जाते देखते हैं। इस विचार से हमारे पैमाने पर मानव सभ्‍यता तीन सेंटीमीटर (३०,००० वर्ष) की, जब से चिंतन प्रभावी हुआ, देन है।


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं
- समय का पैमाना
२- समय का पैमाने पर मानव जीवन का उदय

सोमवार, नवंबर 12, 2007

समय का पैमाना - सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं

मानव जीवन में सभ्‍यता की सचेतन धारा कब आई ? इसके लिए समय के प्रवाह का चित्र सामने रखना होगा। ब्रम्‍हाण्‍ड की कहानी कहते समय सौरमंडल का एक छोटा सा प्रतिमान (model) खड़ा किया था। वैसा ही काल विमा ( time dimension) का एक छोटा सा नमूना बनाकर सभ्‍यता की विलक्षणता को समझा जा सकता है।

दिग्‍भेद (parallax) के लंबन सिद्धांत से दूरी एक सीमा तक नाप सकते हैं जो सौरमंडल में लाखों किलोमीटर में सही हो और अंतरिक्ष में अरबों किलोमीटर में। पर हर दशा में समय नापने की एक विधि नहीं है। जीवाश्‍मों के काल का कुछ अनुमान पास की परतों में कार्बन समस्‍थानिकों (carbon isotopes) का अनुपात लगाकर हो जाता है। कार्बन के कई समस्‍थानिक हैं, जो उन्‍मुक्‍तावस्‍था में निश्चित अनुपात में रहते हैं। जब कार्बन का अंश पृथ्‍वी में दब जाता है तब कार्बन-१४ ( C-१४) का रेडियोधर्मिता के कारण ह्रास होता रहता है। पर कार्बन के दूसरे समस्‍थानिकों का वायुमंडल से संपर्क विच्‍छेद और कार्बन-द्वि-ओषिद न बनने के कारण उनके आपस के अनुपात में अंतर हो जाता है। पृथ्‍वी में दबे कार्बन में उसके समस्‍थानिकों का अनुपात जानकर उसके दबने की आयु का पता शताब्‍दी के हेर-फेर से कर सकते हैं। कुछ और नए तरीके ईजाद हुए हैं। पर सृष्टि की कहानी की अन्‍य घटनाओं के बारे में अटकलें ही हो सकती हैं। इसी से अभी तक कल्‍पों और युगों की धुँधली अस्‍पष्‍ट इकाई में बात करने की आवश्‍यकता पड़ी।

सूर्य की निर्मिति से आज तक समय को दिग्‍दर्शित करने के लिए एक पॉंच किलोमीटर लंबा पैमाना लें। इस पैमाने में एक किलोमीटर एक अरब वर्ष (109) के कालखंड के बराबर है, और विक्रमी संवत् के दो सहस्‍त्र वर्ष का काल दो किलोमीटर द्वारा दिखाया गया है। ऐतिहासिक कालखंड के लगभग तीन किलोमीटर हैं। अब कल्‍पना करें कि हम समय की विमा के यात्री हैं और विहंगम दृष्टि से दुनिया को देख रहे हैं। जैसी एच.जी.वेल्‍स. (H.G.Wells) की कहानी ‘काल यंत्र’ (The Time Machine) में एक वैज्ञानिक ने समय में काल्‍पनिक यात्रा की; सोचें कि वैसी यात्रा हम कर रहे हैं।


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश
१- समय का पैमाना - सभ्‍यता की प्रथम किरणें एवं दंतकथाऍं

गुरुवार, नवंबर 08, 2007

मानव का आदि देश

पुरानी दुनिया का केंद्र – भारत। भूमंडल के गोलक (globe) में पुरानी दुनिया को लें। एक रेखा यूरोप में स्‍कंद देश (स्‍कैंडीनेविया) के उत्‍तरी छोर से आस्‍ट्रेलिया के दक्षणि में तस्‍मानिया (Tasmania) द्वीप तक खींचें और दूसरी साइबेरिया तथा अलास्‍का के बीच बेहरिंग जलसंधि से अफ्रीका के दक्षिण में आशा अंतरीप ( Cape of Good Hope) तक। ये दोनों देखाऍं एक-दूसरे को भारत में पार करती हैं।

चतुर्थ हिमाच्‍छादन का लगभग एक लाख वर्ष का समय जीव के लिए महान विपत्ति का काल था। उसकी पराकाष्‍ठा के समय उष्‍ण कटिबन्‍ध की ओर बढ़ते हिमनद एवं हित के ढक्‍कन ने पश्चिमी तथा उत्‍तरी यूरेशिया को लपेट लिया था। यह एक ओर आल्‍पस पर्वत (Alps) के पार पहुँचा, दूसरी ओर यूरोप और एशिया के मध्‍यवर्ती सागर को छूने लगा,जो काला सागर से कश्‍यप सागर तथा अरल सागर को अपने अंदर समाए हुए उत्‍तर तक फैला था। अधोशून्‍य ( शून्‍य से नीचे) तापमान के भयंकर बर्फानी तूफानों और तुषार ने मध्‍य यूरेशिया का जीवन संकटग्रस्‍त कर दिया। इसमें नियंडरथल मानव काल की भेंट चढ़े। ऐसे समय में केवल उष्‍ण कटिबंध केआसपास पर्वतों की रक्षा-पॉंति की ओट में ही जीवन पल सका। वहॉं इस भीषण संकट से मुक्‍त कोने में विशुद्ध मानव का संवर्धन हो सका। जिस समय नियंडरथल मानव तथा अवमानव मध्‍य यूरेशिया में कठोर शीतलहरी से जूझ रहे थे, उस समय वि शुद्ध मानव ने किसी आश्रय-स्‍थान में शरीरिक गठन तथा अंगों के उपयोग में निपुणता प्राप्‍त की, अनुक पीढियों के अनुभवों से अपने जीवन को समृद्ध किया और मस्तिष्‍क की प्रतिभा का विकास किया।

जिस मॉं की ममता से पक्षी एवं स्‍तनपायी जीवों के कुटुंब प्रारंभ हुए, उसी स्‍नेह के स्‍पर्श से सामाजिकता का उदय हुआ। स्‍वाभाविक रूप में मानव ने दल या गिरोह में रहना आरंभ किया। इस प्रकार का जीवन तो ऐसे ही भूभाग में पनप सका जहॉं भोजन प्रचुर मात्रा में था। आज जो भी जीव हैं उनका भोजन वनस्‍पति या जीवजनित पदार्थ ही हैं। ‘जीवो जीवस्‍य जीवनम ‘ इस अर्थ में भी सही है कि जीवन ( अर्थात वनस्‍पति एवं जीव) से प्राप्‍त पदार्थ छोड़ मोटे तौर पर कोई भी अन्‍य वस्‍तु पचाकर मानव शरीर संवर्धन नहीं कर सकता। ऐसी दशा में जीवन ( वनस्‍पति और प्राणी) से समृद्ध प्रदेश ही मानव के कुछ लाख वर्षों की शैशव-लीलास्‍थली बना।

ऐसे रक्षित प्रदेश की सम जलवायु में विशुद्ध मानव ने सामाजिकता के प्रथम पाठ सीखे। यहीं पर साथ रहने की भावना से प्रेरित हो वरदान रूपी वाणी विकसित की। यह कितनी बड़ी देन मानव जीवन को है। वाणी के माध्‍यम से परस्‍पर बात करना, समझना सीखा। वाणी से रूप-भाव उत्‍पन्‍न होते हैं, जिससे क्रमबद्ध विचार संभव हुआ। मन और चरित्र का विकास हुआ और व्‍यक्तित्‍व का बोध हुआ। उसी के साथ आया समाज का जीवन।

नृवंशशास्त्रियों ( ethnologists) का विश्‍वास है कि यूरेशिया और अफ्रीका के उत्‍तरी तट के विशुद्ध मानव एक ही मूल धारा के थे। वे गेहुँए या श्‍यामल रंग के थे। उनकी एक शाखा जो भूमध्‍य सागर के देशों में पाई जाती थी ‘बरबर’ कहलाई और जो उत्‍तरी यूरोप में गई वह ‘नार्डिक’ । सहस्‍त्राब्दियों में धीरे-धीरे बदलाव आया और वे गोरे हो गए। जो पूर्वी एशिया और वहॉं से अलास्‍का होते हुए नई दुनिया, अमेरिका पहुँचे वे कालांतर में कुछ पिंगल हो गए। आर्य और पिंगल प्रजाति अधिक समान हैं, इसी से कुछ नृवंशशास्‍त्री इन्‍हें एक मानते हैं। जो अफ्रीका के घने विषुवतीय (equatorial) जंगलों में रहते थे उनसे सॉंवली नीग्रो प्रजाति बनी। इसी प्रकार के ऑस्‍ट्रेलिया, न्‍यू गिनी आदि के ऑस्‍ट्रेलियाई हैं। इन सबका, या कम-से –कम आर्य एवं पिंगल प्रजातियों का कुछ-न-कुछ अंश लिये यह संगम-स्‍थल भारत है।

चतुर्थ हिमाच्‍छानज के समय हिमालय पर्वत से रक्षित प्रकृति की अनुपम छवि-छटा का स्‍थल, उस समय भी सम एवं स्थिर जलवायु के वरदान से मंडित यह भारत, जहॉं प्रकृति ने वनस्‍पति एवं जीव-जंतुओं से भरपूर धरती दी। इनकी विपुलता में मानव जाति को भोजन प्राप्‍त होता रहा। इस सम एवं स्थिर जलवायु के लगभग दो लाख वर्षों ने यहॉं मानव को शारीरिक- मानसिक क्षमता प्राप्‍त करने का अनुपम आश्रय-स्‍थान दिया। उस समय उत्‍तर का यह मैदान अपनी सहायक नदियों के साथ सिंधु और यमुना आदि से सिंचित था। इनके बीच बहती सरस्‍वती नदी, जो आज लुप्‍त हो गई, राजस्‍थान के अंदर तक फैले सागर में गिरती थी। आज कच्‍छ का रन और राजस्‍थान की खारे पानी की सॉंभर झील उस सागर की याद दिलाती है । अब आसपास का सारा स्‍थान बालुकामय मरूस्‍थल हो गया है। हो सकता है कि उस समय आज का सिंध तथा बंगाल के कुछ भाग सागर तल रहे हों। इस सिंधु- यमुना के मैदान के दक्षिण में हैं विंध्‍याचल पर्वत की श्रेणियां, उनके दक्षिण में है भारत का प्रायद्वीप जिसके मानो रत्‍नाकर ( सिंधु सागर), जिसे अब अरब सागर (Arabian Sea) भी कहते हैं, और महोदधि ( गंगा सागर), जिसे अब बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) कहकर पुकारते हैं, चरण पखार रहे हैं। यह प्रायद्वीप समान उष्‍ण जलवायु के प्राचीन काल के जंगल, महाकांतर और दंडकारण्‍य से ढका था। अरब निवासियों का विश्‍वास है कि यही दक्षिण का प्रायद्वीप, आदम और हव्‍वा की अदन वाटिका (Garden of Eden) है। उसके दक्षिण में है हिंदु महासागर, जिसकी उत्‍ताल तरंगों पर कभी फैला भारत का अधिराज्‍य।

दक्षिण भारत और हिदु महासागर से संबंधितअगस्ति (अगस्‍त्‍य) मुनि की गाथा है। उन्‍होंने विंध्‍याचल के बीच से दक्षिण का मार्ग निकाला। किंविंदंती है कि विंध्‍याचलपर्वत ने उनके चरणों पर झुककर प्रणाम किया। उन्‍होंने आशीर्वाद देकर कहा कि जब तक वे लौटकर वापस नहीं आते, वह इसी प्रकार झुका खड़ा रहे। वह वापस लौटकर नहीं आए और आज भी विंध्‍याचल पर्वत वैसे ही झुका उनकी प्रतीक्षा कर रहा है। दक्षिणी पठार, जो पीठ की तरह है, उसको देखकर ही झुकने की बात सूझी होगी। उनके चरणों ने दक्षिण जाने का मार्ग सरल किया, इसी से यह जनश्रुति चल निकली। भूवैज्ञानिक (geologists) विश्‍वास करते हैं कि पहले विंध्‍याचल पर्वत ऊँचा था, पर भूकंप युग में नीचा हो गया।

इसके बाद अगस्ति मुनि ने हिंदु महासागर का दूर तक अन्‍वेषण किया। इसी से कहा जाता है कि मानो उन्‍होंने समस्‍त महासागर पी लिया था। उनका बाद का जीवन इस महासागर में घूमते बीता। दक्षिणी गोलार्द्ध के आकाश में चमकते ‘त्रिशंकु नक्षत्र’ (The Southern Cross) को, जो दक्षिण भारत से ही दिखता है, उन्‍होंने हिदु महासागर की नौ-यात्रा का पथ-प्रदर्शक नक्षत्र बनाया। आधुनिक नौ-यात्रा के साधनों के पहले तक दक्षिणी गोलार्द्ध में समुद्र-यात्रा करते समय इस नक्षत्र का प्रयोग चला आता रहा है। त्रिशंकु नक्षत्र के प्रमुख तारे का नाम, जो दक्षिणी खगोलार्द्ध में सबसे अधिक चमकता तारा है, ‘अगस्‍त्‍य’ (Augustus) पड़ा। इसी तारे का उल्‍लेख करते हुए तुलसीदास ने रामचरितमानस के किष्किंधाकांड में लिखा है—‘उदित अगस्ति पंथ जल सोखा।‘

इस भ्रांति का कि आर्य नाम की कोई एक प्रजाति है, जो भारत की मूल निवासिनी न थी वरन बाहर से आई, संसार के इतिहास में सानी नहीं है। पहले-पहल इस भ्रांत मत का उच्‍चतर संवत १८९८ ( सन १८४०) में हुआ। तब जॉन शोर ने, जो ईस्‍ट इंडिया कंपनी के विदेश विभाग में था तथा विलियम बेंटिंक के बाद कुछ काल के लिए गवर्नर जनरल बना, अपनी पुस्‍तक में इसे प्रतिपादित किया। इसके पहले यह किसी की कल्‍पना में भी न था। यह समय था जब भारत के सांस्‍कृतिक जीवन को समाप्‍त कर अंग्रेजीकरण की नीति बनाई गई।

जब अंग्रेज भारत में व्‍यापार करने और प्रारब्‍ध ने उन्‍हें इस देश का स्‍वामी बनाया, तब अपनी साम्राज्‍य- लिप्‍सा के समर्थन में उन्‍होंने यह कहना प्रारंभ किया कि ‘अंग्रेजों ने यह देश हथियारों के बल पर जीता, वैसे ही जैसे मुगलों ने कभी जीता था। उसी प्रकार यहॉं के आर्य भी बाहर से आए थे और यहॉं के अनार्यों को जीतकर उनका सब छीन लिया। इस भूमि पर जितना अधिकार आर्यों का है उतना ही मुगलों का था और उतना ही अंग्रेजों का है।‘ यह कहकर उन्‍होंने यहॉं के निवासियों को झुठलाने का यत्‍न किया। पहले उन्‍होंने ‘द्रविड़’ को एक अलग प्रजाति कहकर यहॉं का मूल निवासी बताया। बाद में पादरियों ने एक नया दावा प्रारंभ किया कि ये द्रविड़ भी कहीं बाहर से आए-‘शायद भूमध्‍य सागर के ‘बर्बर’ थे। भारत के मूल निवासी यहॉं के वनवासी, कोल, भील, संथाल आदि हैं।‘ (इतिहास उलटा जानता है कि बर्बर दक्षिण-पूर्व से यूरोप में गए।) पहले इन्‍हीं को ‘विंध्‍याचल पर्वत के अवशिष्‍ट द्रविड़’ कहते थे, अब इन्‍हें ‘आदिवासी’ की एक अलग संज्ञा दे दी। नृवंशीय दृष्टि से इन द्रविड़ या आदिवासीजन का आकार, बनावट, चेहरा-मोहरा भारत के अन्‍य निवासियों से मिलता-जुलता है और ऊपरी रूपांतर सम्मिश्रण या सहस्‍त्राब्दियों के भिन्‍न प्राकृतिक वातावरण तथा उत्‍परिवर्तन का परिणाम है।

‘आर्य’ का शाब्दिक अर्थ है ‘श्रेष्‍ठ’। यह कोई जाति न थी। पर ‘आर्य’ शब्‍द का प्रयोग कभी-कभार गेहुँए रंग की भारत-यूरोपीय प्रजाति (Indo-European Race) का बोध, पिंगल तथा नीग्रो प्रजातियों से वैषम्‍य दिखाने के लिए होता है। आर्य भारत की प्राचीन हिंदु सभ्‍यता है, जिसने कभी संसार की सभी प्रुख प्राचीन सभ्‍यताओं को प्रभावित किया।

आर्यो के अस्तित्‍व तथा आदि निवास के बारे में आज भी पश्चिमी इतिहासज्ञ अनिश्चित हैं। पहले कहा जाता था कि आर्य मध्‍य एशिया से—कश्‍यप सागर तथा अरल सागर के बीच के भूभाग-या प्राचीन कैकय प्रदेश ( काकेशिया : Caucasus) से, जहॉं की दशरथ की रानी कैकई थी, आए। पर चतुर्थ हिमाच्‍छादन के समय कश्‍यप सागर और अरल सागर का मध्‍यवर्ती प्रदेश सागर तल था और कैकय प्रदेश हिमाच्‍छादित। अतएव डेन्‍यूब (Danube) नदीतल में कुछ प्राचीन घरों के अवशेष मिलने पर एक नया मत चल निकलाकि आर्य डेन्‍यूब घाटी के निवासी थे और वहॉं से निकलकर चारों ओर फैले। शायद इस कल्‍पना के पीछे एक मनोग्रंथि (complex) हावी थी, जिसने पिछली तीन-चार शताब्दियों से यूरोपवासियों को स्‍वप्रदत्‍त ‘गोरों’ का कर्तव्‍य-भार (white man’s burden)—संसासर को सभ्‍य बनाना है’ के नाम पर घोर अत्‍याचार, उत्‍पीड़न और जाति-संहार करने की छूट दी। आखिर यह महिमामय आर्य प्रजाति यूरोप के किसी कोने केअतिरिक्‍त और कहॉं पैदा हो सकती है ?

एक चुटकुला है। एक बार एक पादरी ने सब कामनाओं की पूर्ति करने वाला,सब सुखों से पूर्ण स्‍वर्ग का चित्र खींचा और एक देहाती से पूछा, ‘क्‍या तुम स्‍वर्ग नहीं जाना चाहते ?’ बेचारे देहाती ने सिर हिलाया, ‘नहीं।‘ देहाती ने इतना ही कहा, ‘यदि वह कोई अच्‍छी जगह होती तो गोरों ( यूरोपवासियों) ने उसे पहले ही हथिया लिया होता।‘ यूरोपवासियों के दंभ ने पहले एटलांटिस नामक एक काल्‍पनिक महाद्वीप की सृष्टि की जो प्रलय के समय अटलांटिक महासागर में डूब गया। वहॉं के निवासी बड़ीउन्‍नत सभ्‍यता के धनी कहे गए। पर इसका जब कोई प्रमाण न मिला तो यूरोप में मानव सभ्‍यता के आदि चिन्‍ह ढूँढ़ना प्रारंभ किया। डेन्‍यूब घाटी या कश्‍यपसागर के पास की भूमि में चतुर्थ हिमाच्‍छादन के बर्फानी तूफानों को तथा वहॉं के विपत्ति भरे जीवन की दृष्टि-ओट कर दिया और जब पिल्‍टडाउन (इंग्‍लैंड) में अस्थि-अवशेष प्राप्‍त हुए तो उसे पॉंच लाख वर्ष पुराना ‘उषा-मानव’ (dawn-man) कहा। बाद में पता चला किरासायनिक प्रक्रिया द्वारा इसे प्राचीन बनाया गया था।

इस कल्‍पना ने कि आर्य कहीं बाहर से आए, भारतीय इतिहास का एक विकृत अध्‍याय रचा। भ्रमित कल्‍पना कहती है कि संवत् से एक हजार वर्ष पूर्व आर्य हिंदुकुश पर्वत के दर्रों से होकर भारत आए और पहले पंजाब में बसे। वहॉं से वे नदियों के किनारे सिंधु-सागर तक और पूर्व में गंगा के किनारे बंगाल तक फैल गए। यहॉं के मूल, जंगली एवं गिरि-कंदराओं में रहने वाले अनार्यों से उनका युद्ध हुआ होगा। आर्यो ने उनकी संपूर्ण भूमि छीनकर दक्षिण में भगा दिया। फिर दक्षिण में भी आक्रमण कर इनको जीतकर आत्‍मसात कर लिया। इस तरह कल्‍पना बेलगाम दौड़ती है।

परंतु अपने प्राचीन ग्रंथों में आर्यों के कहीं बाहर से आने का उल्‍लेख या किंवदंती नहीं मिलती। आर्यों-अनार्यों के युद्ध का वर्णन उक्‍त ग्रंथों में नहीं है। केवल देवासुर संग्राम का वर्णन आता है, जिसे कुछ पुरातत्‍वज्ञ प्रतीकात्‍मक (allegorical) मानते हैं। ‘देव’ तथा ‘असुर’ आर्यों की ही दो शाखाऍं थीं। आर्य-अनार्यों के तथाकथित संघर्ष की कोई झलक हमें ऐतिहासिक सामग्री में नहीं मिलती। इसके विरूद्ध महाभारत में भारत को मानव का आदि देश कहा गया है। अपनी सभी दंतकथाओं, पौराणिक आख्‍यानों, परंपराओं एवं मान्‍यताओं में यह अंतर्निहित है कि आर्यों का आदि देश भारत है। ब्राम्‍हणों की प्रमुख शाखाऍं पंच-गौड़ (उत्‍तरी भारत की) एवं पंच- द्रविड़ ( दक्षिण भारत की) कहलाती हैं। संसार का सांस्‍कृतिक ( विशेषकर प्राचीन बृहत्‍तर भारत के पूर्वी भाग तथा दक्षिण-पूर्व एशिया का) इतिहास बताता है कि जिन्‍होंने वहॉं से आगे बढ़कर सुदूर मध्‍य तथा दक्षिण अमेरिका तक भारतीय आर्य सभ्‍यता का प्रसार किया, वे द्रविड़ (द्रृ = द्रष्‍टा; विद अथवा विर =͉ ज्ञानी) कहाते थे। वे दिग्दिगंत में आर्य सभ्‍यता के अधीक्षक थे।

प्रमाण में कि आर्य भारत में बाहर से आए, दो बातें कही जाती हैं। प्रथम, भारत में सभी प्रकार के लोग पाए जाते हैं-गोरे, काले तथा उत्‍तर-पूर्व में मंगोल लक्षण लिये हुए भी। इससे कहते हैं कि गोरे आर्यों तथा काले अनार्यों के सम्मिश्रण से आज के गेहुँए भारतीय पैदा हुए। मंगोल लक्षणों के लिए वे कहते हैं कि कुछ मंगोल भी उत्‍तर-पूर्व में बस गए होंगे। ये आधारविहीन कल्‍पनाऍं हैं। संसार में पिंगल प्रजाति भी है और भारत में उस चेहरे-मोहरे के लोग हैं। यदि संसार में गोर-काले ही होते तभी केवल जलवायु के प्रभाव से यह भेद उत्‍पन्‍न होना कहा जा सकता था। भारत सभी प्रजातियों का संगम स्‍थल है, जहॉं से मानव भिन्‍न दिशाओं में, अन्‍य परिस्थितियों एवं जलवायु में गए। इन प्रवासियों में नई विशिष्‍टताऍं एवं लक्षण उत्‍पन्‍न हुए और नई प्रजातियॉं बनीं। इसी प्रकार जो यूरोपवासी अमेरिका जाकर बसे उनकी संतति, चेहरे-मोहरे में शताब्दियों में परिवर्तन आया। यूरोपीय इतिहासज्ञ भूलते हैं कि चतुर्थ हिमाच्‍छादन के बाद यूरोप में दक्षिण-पूर्व से जब विशुद्ध मानव पहुँचे तो वे गेहुँए या श्‍यामल वर्ण के थे, जैसे अधिकांश भारतीय आज हैं।

इस ऐतिहासिक भ्रम ने कैसा विष उत्‍पन्‍न किया, इसकी छाया तमिलनाडु के हिंदी-विरोधी आंदोलनों में देखी जा सकती है। एक बार विचित्र अनुभव हुआ। तब यह आंदोलन प्रारंभ हुआ था। इटारसी से नागपुर जाते समय मैं रेल के छोटे डिब्‍बे में कोने में बैठा पुस्‍तक पढ़ रहा था। इतने में देखा कि एक श्‍याम तमिल सज्‍जन अंग्रेजी में उत्‍तरी भारत के विरूद्ध, उत्‍तर के गोरे लोगों के विरूद्ध और हिंदी के विरूद्ध बक रहे थे और‍ डिब्‍बे में सबसे हुँकारी भरा रहे थे। सब उनसे त्रस्‍त थे, पर उनका ‘उत्‍तरी भारत’, ‘गोरे आर्य’ तथा ‘हिंदी’ के ‘साम्राज्‍यवाद’ के विरूद्ध प्रस्‍ताव चालू था। अंत में मेरी ओर घूमकर उन्‍होंने कहा, ‘क्‍यों साहब, आप कुछ नहीं बोल रहे ?’ मैंने कहा, ‘मैं तो उलटा ही जानता हूँ। यदि दक्षिण के साम्राज्‍यवाद से छुटकारा मिल जाए तो हम लोगों का बड़ा भला हो।‘ उनकी त्‍योरियॉं चढ़ गई, ‘यह कैसे ?’ मैंने कहा, ‘एक शंकराचार्य दक्षिण में केरल के कालडी ग्राम में पैदा हुआ। कहते हैं, उसने उत्‍तर भारत आकर दिग्विजय की। तब से कैसे नियम बना गए—गंगा का जल ले जाकर रामेश्‍वरम में चढ़ाओ। भारत के चार कोनों में स्‍थापित चारों धाम की यात्रा करो। हम उत्‍तरी भारत में बेवकूफ बने उसकी कही करते रहते हैं। -- और तो और, इतिहासज्ञ कहते हैं कि आर्य जब भारत में आए तो वे गोरे थे, पर द्रविड़ों ने अपने देवी-देवता उन्‍हें दे दिए। हमारे राम भी सॉंवले, कृष्‍ण का नाम ही कृष्‍ण है। ‘काली’ को देखते भय लगता है। और देवों के देवता ‘महादेव’ भी सॉंवले। अब हम उत्‍तर में इन सॉंवले देवी- देवताओं की पूजा करते फिरते हैं।– इससे भी बढ़कर सीता जगन्‍माता हैं, इसलिए उनके सौंदर्य का वर्णन कहीं नहीं है। पर जिसे महाभारत में अनिंद्य सुंदरी कहकर पुकारा, वह द्रौपदी भी काली। इसी से कृष्‍ण की बहन कहलाई। जिसके कारण चित्‍तौड़गढ़ में जौहर हुआ, भारत के संघर्ष काल की अद्वितीय सुंदरी पदिमनी, वह भी सॉंवली। सॉंवलों से तथा उनके देवी-देवताओं से पीछा छूटे तो हम उबर जाऍं।‘ क्रोध के मारे उन सज्‍जन की आवा न निकली। डिब्‍बे के लोग हँस पड़े और चैन सॉंस ली। जब दृष्टि भ्रमवश संकुचित हो जाती है तो कैसा विकार उत्‍पन्‍न होता है।


दूसरा भाषा का प्रमाण देते हैं। मैक्‍समूलर का प्रसिद्ध उदाहरण है-कैसे संस्‍कृत का ‘पितृ’ शब्‍द (हिंदी ‘पिता’), देहाती अपभ्रंश में ‘पितर’ बनता है, वही फारसी में ‘पिदर’, लैटिन तथा जर्मन भाषा में ‘पेटर’ (pater) और अंग्रेजी में ‘फादर’ (father) बन जाता है। इस प्रकार के सहस्‍त्रों उदाहरण मिलते हैं। हिंद-यूरोपीय (Indo-European) भाषाओं के अद्भुत साम्‍य के कारण कुछ इतिहासज्ञ कहने लगे-‘भारत के आर्य और यूरोपीय किसी एक ही प्रदेश में जनमें हैं। एक शाखा निकली, यह यूरोप में बस गई। दूसरी भारत आई। बीच में कश्‍यप सागर के आसपास का क्षेत्र है। इसलिए ये दोनों शाखाऍं वहीं से निकती होंगी। वही आर्यों का आदि देश है।‘ भाषा के साम्‍य को इस बात का प्रमाण मान सकते हैं कि आर्यों का आदि देश एक था, जिससे शब्‍द –ध्‍वनियों की बानगी उनके पास बनी रही।

आज जो ‘जिप्‍सी’ (Gypsy) मध्‍य यूरोप में घुमक्‍कड़ जिंदगी व्‍यतीत करते हैं उनकी भाषा ‘रामणी’ (Romany) में बहुत से भारत के देहाती शब्‍द हैं। इन जिप्सियों के परंपरागत विश्‍वास, उनकी दंतकथाऍं और रीति-रिवाज बताते हैं कि वे संवत͉ पूर्व पंजाब से मिस्‍त्र (Egypt) ( इसी से जिप्‍सी कहलाए) तथा अनेक मंजिलें पार कर मध्‍य यूरोप पहुँचे।

एक घटना याद आती है। मेरे छोटे बाबाजी को पुरातत्‍व से लगाव था। एक दिन उन्‍होंने मुझसे कहा, ‘अंग्रेजी में हमारी ठेठ भाषा के ठेठ देहाती शब्‍द हैं। उन बेचारों को उच्‍चारण नहीं आता, इससे दूसरी भाषा बन गई।‘ मैं तब नौवीं कक्षा में पढ़ता था। मेरे चेहरे पर संदेह देखकर उन्‍होंने कहा, ‘पूछो तुम शब्‍द।‘ तब मैं अंग्रेजी शब्‍द कहता और वह उसीसे मिलते-जुलते हिंदी के पर्याय शब्‍द बताते चलते। हम एक कस्‍बे में रहते थे। तंग आकर मैंने पूंछा, ‘टाउन ( town) ?’ उन्‍होंने हँसकर कहा, ‘अब तुम ठेठ देहाती शब्‍द पर उतर आए हो। बुंदेलखंडी में पूछते हैं, ‘तुहार ठॉंव कवन आय ?’ यह ‘ठॉंव’ ही ‘टाउन’ है। जब मुझे विश्‍वास नहीं हुआ तो मुझसे ‘आंग्‍ल विश्‍वकोश (Encyclopedia Brittanica) दिखवाया। उसमें ‘टाउन’ शब्‍द के विवेचन के बाद लिखा था, ‘तुलना करें, संस्‍कृत ‘स्‍थान’। संस्‍कृत ‘स्‍थान’ से ही ‘ठॉंव’ और ‘टाउन’ दोनों बने। उन्‍होंने हजारों अंग्रेजी शब्‍दों के उसी से मिलते-जुलते हिंदी पर्याय लिखे थे।

भाषा के आश्‍चर्यजनक साम्‍य से यह निष्‍कर्ष भी निकलता है कि आर्य किसी एक स्‍थान, जैसे भारत से पश्चिमी एशिया और यूरोप में फैले। संस्‍कृत संसार की प्राचीनतम और समृद्धतम भाषा है। हर प्रकार के साहित्‍य का, जिनमें वेद-पुराण प्रमुख हैं, बहुत बड़ा भंडार उसके पास है और है शब्‍द बनाने तथा भाव व्‍यक्‍त करने का सरल एवं अनुपम ढंग तथा विश्‍व भाषा बनने की क्षमता। ऐसी दशा में संस्‍कृत यदि आर्य सभ्‍यता की मूल भाषा ( या उसके निकट-पूर्व की प्रचलित भाषा) रही हो तो क्‍या आश्‍चर्य।

आर्य भाषाओं साम्‍य का एक और कारण अनुमान कर सकते हैं। कल्‍पना करें कि यह विस्‍मरण हो जाए कि भारत में कभी अंग्रेजी राज्‍य था। अंग्रेजी के बहुत से शब्‍द हिंदी में और हिंदी के अनेक शब्‍द अंग्रेजी में प्रतिदिन के व्‍यवहार में आते हैं। इसे देखकर यदि कोई कहे कि अंग्रेज और भारतीय कहीं बीच के निवासी थे, कुछ इंग्‍लैंड चले गए और कुछ भारत आए तो कितनी हास्‍यास्‍पद बात होगी! कभी भारतीय सभ्‍यता का प्रभाव सारे संसार में फैला; उसने अखिल मानव जीवन को दिशा दी। इसी से आदि भारती के शब्‍दो को लोगों ने सिर-माथे लगाया। पर इतनी बड़ी मात्रा में आर्य भाषाओं में अद्भुत साम्‍य है कि आर्य प्रजाति का भारत से जाना भी युक्तिसंगत है।

आखिर पुरातत्‍व से भाषाशास्‍त्र में वे क्‍यों घुसे ? इसकी कहानी बाबाजी ( चौ0 धनराज सिंह) ने बताई थी। एक रात गांव में लेटे हुए बाहर सियारों का ‘हुआना’ ( हुआ-हुआ) सुनते रहे। उनको लगा कि संसार में एक जाति के जानवर एक प्रकार से बोलते हैं, फिर मानव की अनेक भाषाऍं क्‍यो हैं ? इसके बारे में बाबुल (Babul) की एक दंतकथा है। कहते हैं कि पहले मानव की एक ही भाषा थी। तब पृथ्‍वी के लोगों ने स्‍वर्ग तक ऊँची मीनार उठाने का विचार किया, जिससे सशरीर स्‍वर्ग पहुँच सकें। जब मीनार बननी प्रारंभ हुई तो देवताओं को भय लगा। उन्‍होंने शाप दिया कि आगे से एक-दूसरे की भाषा मनुष्‍य समझ न पाऍंगे। इस पर मीनार का निर्माण कार्य ठप्‍प हो गया। आज भी फारस की खाड़ी में, जहॉं की यह दंतकथा है, बाबुलमंदप नामक स्‍थान देखा जा सकता है। पर मानव की कभी एक भाषा रही होगी,ऐसा विश्‍वास भाषाशास्त्रियों का नहीं है।

अनुमान है कि प्रस्‍तरयुगीन मानव के पास बहुत कम शब्‍द होंगे—भय, क्रोध, प्रेम आदि की चिल्‍लाहट या वस्‍तुओं की नकल से प्राप्‍त ध्‍वनि। आपस में बात करने के लिए संकेतों का भी प्रयोग होता होगा, जैसा अमेरिका के भिन्‍न भाषा वाले आदि निवासी करते थे। लाखों वर्षो के जीवन के बाद कहीं विचारों के लिए शब्‍दों का निर्माण हो पाया। भारत की प्राचीन भाषा, जिसके अवशिष्‍ट अंश चहुँओर सभी आर्य सभ्‍यताओं में बिखरे, कैसी महान उपलब्धि थी।

प्रजाति के विभाग या वर्गीकरण से मेल खाते हैं संसार की भाषाओं के वर्ग। एक वर्ग के अंदर धातुऍं एवं शब्‍द गढ़ने का तरीका, वाक्‍य-विन्‍यास, अभिव्‍यक्ति की पद्धति तथा व्‍याकरण एक-सा मिलता है। सबसे बड़ा विभाग आर्य भाषाओं का है जिनमें मूल संस्‍कृत एवं पाली है और हैं भारत की सभी भाषाऍं, फारसी, अरमीनी तथा यूरोपीय। दूसरा बड़ा वर्ग सामी (Semitic) भाषाओं का है जिसमें अरबी, इब्रानी (Hebrew), एबीसीनी (Abyssinian) और उस क्षेत्र की प्राचीन भाषाऍं हैं। इसी प्रकार एक अन्‍य बड़ा वर्ग पूर्वी एशिया की भाषाओं का है जहॉं कुछ प्रारंभिक ध्‍वनियों से बोली बनती है। उनका स्‍वर तथा उतार-चढ़ाव उनको भिन्‍न अर्थ देता है। यह चीनी भाषाओं का वर्ग है। आर्य भाषा रूपकों में स्‍पष्‍ट चित्र खड़ा करती है; वहॉं चीनी भाषा सार मात्र देती है, जिसके भिन्‍न संदर्भ में भिन्‍न-भिन्‍न अर्थ होते हैं। इनकी व्‍याकरण की कल्‍पना भिन्‍न है-या जैसा कुछ भाषाशास्‍त्री कहते हैं, व्‍याकरण है ही नहीं। इसलिए चीनी भाषा से आर्य भाषा में शब्‍दानुवाद संभव नहीं।

वेदग्रंथ संभवतया संवत् के बीस सहस्‍त्र वर्ष पूर्व रचे गए। भारतीय गणना के अनुसार वे सदा थे, पर साधना द्वारा व्‍यक्‍त हुए। ‘ऋग्‍वैदिक’ घटनाओं और ‘शतपथ ब्राम्‍हण’ के वाक्‍य से कि ‘कृत्तिकाऍं ठीक पूर्व दिशा में उदय होती हैं’ पंचांग-सुधार एवं वेदों के लिपिबद्ध करने का समय संवत् के आरंभ से कम-से –कम छह सहस्‍त्र वर्ष पूर्व अथवा उसके पहले जब कभी वैसा समय आया हो, प्रमाणित होता है। रचना के समय वैदिक संस्‍कृत एक उन्‍नत और सशक्‍त भाषा थी, जिसमें घटनाओं और मनोभावों से लेकर अध्‍यात्‍म, विज्ञान और दर्शन की परिकल्‍पनाओं को व्‍यक्‍त करने की सामर्थ्‍य थी।

किंतु यूरोपीय इतिहासज्ञों के अनुसार आर्य भारत में संवत् के सहस्‍त्र वर्ष पूर्व उत्‍तर-पश्चिम के दर्रो से आकर पंजाब में बसे और वहॉं से पूर्व एवं दक्षिण की ओर बढ़े। किंतु हम जानते हैं कि रामायण काल और दशरथ का अयोध्‍या का राज्‍य इससे पहले आया। तब पूर्व में मगध एवं कौशल प्रतापी राज्‍य थे। और संवत् के करीब ३५०० पूर्व महाभारत काल और हस्तिनापुर (दिल्‍ली) का राज्‍य आया। इसी प्रकार मोइन-जो-दड़ो (मृतकों की डीह) तथा हड़प्‍पा के पृथ्‍वी में दबे नगर और उनकी सभ्‍यता पंजाब से पुरानी सिद्ध होती है। इसलिए पूर्व एवं दक्षिण की सभ्‍यताऍं पंजाब से गई हुई नहीं हैं। एक गलत पूर्वाग्रह के कैसे दुष्‍परिणाम हाते हैं कि सारा इतिहास उलट गया।

आर्य खेती जानते थे। यह प्रकृति के अध्‍यययन उन्‍होंने सीखा। भारत में ऋतुओं के क्रम, और साल में एक बार वर्षा के आगमन से जब बीज जमते और सारी प्रकृति हरा परिधान धारण करती, खेती के विचार का जन्‍म हुआ। अन्‍यत्र कहॉं बहती हैं मौसमी हवाऍं और कहॉं आती हैं षट ऋतुऍं ? यह जलवायु तो संसार में अन्‍यत्र नहीं। मानव ने उत्‍तरी भारत के मैदानों में पहले-पहल पृथ्‍वी से अन्‍न उपजाया। चतुर्थ हिमाच्‍छादन के बाद जब प्रस्‍तरयुगीन प्रव्रजन की अनेक लहरें यूरोप पहुँचीं तब वे खेती से परिचित थे।

नव प्रस्‍तर युग में भूमंडल की मेखलाकार पट्टी में फैली एक विशेष संस्‍कृति दिखाई पड़ती है। यह मेखला आइबेरियन प्रायद्वीप से लेकर भूमध्‍य सागर के दोनों ओर के प्रदेश, संपूर्ण दक्षिण एशिया और प्रशांत महासागर के द्वीपों को लेकर उस पार मेक्सिको और पेरू तक नई दुनिया में फैली थी। इसके कुछ लक्षण ऐसे विचित्र थे कि पृथ्‍वी के दूरस्‍थ भागों में उनका स्‍वाभाविक रीति से प्रकट होना असंभव है। चारों ओर घेरती इस मेखला में सूर्य-पूजा तथा नाग –पूजा के साथ ‘स्‍वस्तिक’ का शुभ चिन्‍ह के रूप में प्रयोग दिखता है। इसमें सूर्य-पूजा होने के कारण कुछ पुरातत्‍वज्ञ इसे सूर्यप्रस्‍तर संस्‍कृति ( Heliolithic Culture) कहते हैं।

सूर्य को अपने यहॉं भगवान का स्‍वरूप कहा है। इसे प्राचीन ग्रंथों में अनेक नामों से पुकारा गया है और वेद की ऋचाऍं उसकी महिमा गाती हैं। ऋग्‍वेद एवं बौधायन ने सूर्य को आकाश मार्ग पर हिरण्‍य रथ पर सवार दिखाया है, जिसे सात भिन्‍न रंगों के घोड़े हॉंक रहे हैं। यह इंद्रधनुषी वर्णक्रम ( spectrum) का वर्णन है। सूर्य- रश्मियों से प्रकाश- रासायनिक प्रक्रिया (photo chemical process) द्वारा जीवन प्रारंभ हुआ—सूर्य जीवनदाता है। यह अन्‍यत्र ऊर्जा का उद्गम है, जिससे संसार का संचालन होता है। कोणार्क का सूर्य मंदिर प्रसिद्ध है-वैसे ही हैं दक्षिण अमेरिका में पेरू ( Peru) के सूर्य मंदिर। पृष्‍ठ २०-२१ पर पृथ्‍वी को आवेष्टित और इस प्रकार धारण करती जल-प्‍लावन के समय शेष रही पर्वतमाला की भारतीय कल्‍पना का ‘शेषनाग’ के नाम से वर्णन है। इसी से है नाग-पूजा। फनीशियन ( Phoenecians: यह संभवतया ‘फणीश’ अर्थात नाग का अपभ्रंश है) नाग-पूजक थे। ये वेदों में पणि नाम से उल्लिखित हैं। सूर्य और नाग दोनोंकिंवदंतियों में मिलते हैं। भूमंडल को चारों ओर से कटिबंध की भॉंति घेरती ये उपासनाऍं भारतीय हैं। एच.जी.वेल्‍स ने अपनी प्रसिद्ध पुस्‍तक ‘इतिहास की रूपरेखा’
(Outline of History) में लिखा है – ‘किंतु अंततोगत्‍वा जब कभी रहन-सहन के प्रस्‍तरयुगीन तौर- तरीकों का प्रसार-केंद्र निर्धारित होगा तो वह प्रदेश होगा जहॉं सर्प और धूप जीवन में मूलभूत महत्‍व के होंगे।‘ दुर्भाग्‍यवश वे इन विचारों के अवश्‍यंभावी परिणाम भारत तक न पहुँच सके।

मानव सभ्‍यता के आदि काल का प्रमुख त्‍योहार सूर्य-पूजा से संबंधित है। हम जानते हैं कि सूर्य २३ दिसंबर को उत्‍तरायण होते हैं। जब भारतीय पंचाग का अंतिम पुनर्निर्धारण हुआ, तब यह घटना सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ होती थी। इसी से दक्षिणतम रेखा को, जहॉं सूर्य ( २१ तथा २२ दिसंबर को) लंबवत चमकता है, ‘मकर रेखा’ ( Tropic of Capricorn) कहा और उसके उत्‍तरायण होने के दिन को मकर संक्रांति। यही भारतीय खिचड़ी ( पोंगल) का त्‍योहार है। कालांतर में पृथ्‍वी सूर्य के चारों ओर जो दीर्घवृत्‍त बनाती है उसके पात ( प्रतिच्‍छेद बिंदु: nodes) पीछे हटते गए, और अब सूर्य के मकर राशि में प्रवेश का दिन १४ जनवरी है। स्‍मरण होगा कि नरेंद्रनाथ दत्‍त (स्‍वामी विवेकानंद) का जन्‍म मकर संक्रांति के दिन १२ जनवरी को हुआ था। ईसाई पंथ के प्रारंभिक विस्‍तार के समय सभी प्राचीन सभ्‍यताओं में ‘बड़ा दिन’ (अर्थात सूर्य के उत्‍तरायण होने का भारतीय उत्‍सव, यानी उस समय सूर्य के मकर राशि में प्रवेश का दिन) २५ दिसंबर था।

पृथ्‍वी को आवेष्टित करती प्राचीन आदि सभ्‍यताओं की मेखला में सर्वत्र यह मकर संक्रांति अथवा सूर्य के उत्‍तरायण होने का त्‍योहार सूर्य-पूजा का अंग समझकर मनाया जाता था। ईसाई पंथ के प्रचारकों ने आदि सभ्‍यताओं में प्रचलित इस भारतीय त्‍योहार को ईसा मसीह का जन्‍म- दिवस कहकर अपना लिया। नवीन शोध बताते हैं कि ईसा के जन्‍म के समय प्रभात में तीन ग्रहों की एक साथ युति दिखी, एक जात्‍वल्‍यमान प्रकाश के रूप में, वह घटना ९ सितंबर ईस्‍वी पूर्व तीसरे या छठे वर्ष की है। हिंदी विश्‍वकोश के अनुसार संवत ५८५ (सन ५२७) के लगभग रोम निवासी पादरी डायोसिनियस ने गणना करके रोम की स्‍थापना के ७९५ वर्ष बाद ईसा मसीह का जन्‍म होना निश्चित किया तथा छठी शताब्‍दी से ईस्‍वी ‘सन्’ का प्रचार प्रारंभ हुआ। इस प्रकार २५ दिसंबर को मनाया जाने वाला विशुद्ध भारतीय त्‍योहार ‘बड़े दिन’ को ईसाई जगत के लिए अपहृत कर लिया गया और भारतीय पद्धति के अनुसार उन्‍होंने शिशु ईसा की ‘छठी’ का दिन १ जनवरी तथा ‘बरहों’ ६ जनवरी को मनाना प्रारंभ किया।

ईसाई और मुसलिम मान्‍यता है कि मानव का प्रारंभ आदम और हव्‍वा से अदन वाटिका में हुआ। यह मानव की जन्‍मस्‍थली अदन वाटिका थी कहॉं ? इस विषय में अरब ( प्राचीन अर्व देश, अर्थात अच्‍छे घोड़ों का देश) की किंवदंतियों तथा विश्‍वासों का सहारा लें तो मानव का आदि प्रदेश उसके शैशव की लीलास्‍थली, जहॉं से वे संसार में फैले, उनके देश के पूर्व में दक्षिण भारत के पठारी शीतोष्‍ण जलवायु के अरण्‍य में थी।

स्‍वस्तिक चिन्‍ह सदा-सर्वदा भारत में मंगल, सर्वकल्‍याणकारी, शुभ चिन्‍ह के रूप में प्रयोग होता आया है। कहते हैं, प्रारंभ में ऋषियों ने आकाश के किसी भाग में तारों को देखकर इस शुभ चिन्‍ह की कल्‍पना की थी। भारत में पूजा, हवन या अन्‍य शुभ अवसरों पर, घर तथा मंदिरों में यह चिन्‍ह बनाते हैं। भारत में यह दक्षिणावर्ती ( clockwise) है, पर कहीं वामावर्ती ( anti- clockwise) स्‍वस्तिक चिन्‍ह भी प्रचलित था। जब हिटलर ने जर्मन लोगों को विशुद्ध आर्य कहना प्रारंभ किया तब ‘वामावर्ती स्‍वस्तिक’ धारण किया। इसके पहले लगभग सहस्‍त्र वर्ष से इसका उपयोग भारत में सीमित रह गया था। यह स्‍वस्तिक चिन्‍ह भारत से उक्‍त भू-मेखला में फैला।

संभवतया भारत के सांस्‍कृतिक प्रभाव के कारण ही इन पूजा और स्‍वस्तिक चिन्‍ह ने संसार का चक्‍कर काटा। यह विशेषकर पुरानी दुनिया के लिए ही नहीं वरन् नई दुनिया, मेक्सिको और पेरू के लिए भी सत्‍य है जहॉं पिंगल प्रजाति के लोग भी बसे। मानव केवल रूप-रंग का आकार नहीं। उसने विचारों की सृष्टि की, जिन्‍होंने एक सभ्‍यता उपजाई। प्राचीन सभ्‍यताओं की प्रेरणा का कोई केंद्र, कोई छोर है क्‍या, जहॉं से वह नि:सृत हुई ? ज्‍यों-ज्‍यों अधखुले नेत्रों से प्रारंभ होकर मानव सभ्‍यता की यह कहानी आगे बढ़ती है, यह केंद्र स्‍पष्‍टतर होता जाता है।

भारत मानव एवं सभ्‍यता का आदि देश है, जहॉं ‘आर्य’ सभ्‍यता पली और बड़ी हुई। इन दोनों का सदा का नाता चला आया है। विश्‍व रंगमंच में खेली गई मानव की इस कहानी के पूर्वाग्रहविहीन ध्‍यान से पन्‍ने पलटने पर लगेगा कि भारत की देन, प्राचीन सभ्‍यताओं की प्रेरणा में ही नहीं वरन् ज्ञान-विज्ञान, मानविकी और ब्रम्‍हांडिकी, माया से आत्‍मा-परमात्‍मा तक फैली असीमित परिधि में कितनी बड़ी है। इसके कितने ही क्षेत्र आधुनिक विज्ञान और शास्‍त्र द्वारा आज भी अनखोजे हैं। तभी लगेगा कि वास्‍तव में यह देश और असकी प्राचीन संस्‍कृति ‘जगज्‍जननी’ है।

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
भौतिक जगत और मानव
मानव का आदि देश

बुधवार, अक्तूबर 17, 2007

ईसा मसीह का जन्म दिन - बड़ा दिन और भारतीय त्योहार

मानव सभ्‍यता के आदि काल का प्रमुख त्‍योहार सूर्य-पूजा से संबंधित है। हम जानते हैं कि सूर्य २३ दिसंबर को उत्‍तरायण होते हैं। जब भारतीय पंचाग का अंतिम पुनर्निर्धारण हुआ, तब यह घटना सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ होती थी। इसी से दक्षिणतम रेखा को, जहॉं सूर्य (२१ तथा २२ दिसंबर को) लंबवत चमकता है, ‘मकर रेखा’ (Tropic of Capricorn) कहा और उसके उत्‍तरायण होने के दिन को मकर संक्रांति। यही भारतीय खिचड़ी ( पोंगल) का त्‍योहार है। कालांतर में पृथ्‍वी सूर्य के चारों ओर जो दीर्घवृत्‍त बनाती है उसके पात (प्रतिच्‍छेद बिंदु: nodes) पीछे हटते गए, और अब सूर्य के मकर राशि में प्रवेश का दिन १४ जनवरी है। स्‍मरण होगा कि नरेंद्रनाथ दत्‍त (स्‍वामी विवेकानंद) का जन्‍म मकर संक्रांति के दिन १२ जनवरी को हुआ था। ईसाई पंथ के प्रारंभिक विस्‍तार के समय सभी प्राचीन सभ्‍यताओं में ‘बड़ा दिन’ (अर्थात सूर्य के उत्‍तरायण होने का भारतीय उत्‍सव, यानी उस समय सूर्य के मकर राशि में प्रवेश का दिन) २५ दिसंबर था।

पृथ्‍वी को आवेष्टित करती प्राचीन आदि सभ्‍यताओं की मेखला में सर्वत्र यह मकर संक्रांति अथवा सूर्य के उत्‍तरायण होने का त्‍योहार सूर्य-पूजा का अंग समझकर मनाया जाता था। ईसाई पंथ के प्रचारकों ने आदि सभ्‍यताओं में प्रचलित इस भारतीय त्‍योहार को ईसा मसीह का जन्‍म- दिवस कहकर अपना लिया। नवीन शोध बताते हैं कि ईसा के जन्‍म के समय प्रभात में तीन ग्रहों की एक साथ युति दिखी, एक जात्‍वल्‍यमान प्रकाश के रूप में, वह घटना ९ सितंबर ईस्‍वी पूर्व तीसरे या छठे वर्ष की है। हिंदी विश्‍वकोश के अनुसार संवत ५८५ (सन ५२७) के लगभग रोम निवासी पादरी डायोसिनियस ने गणना करके रोम की स्‍थापना के ७९५ वर्ष बाद ईसा मसीह (Jesus Christ) का जन्‍म होना निश्चित किया तथा छठी शताब्‍दी से ईस्‍वी ‘सन्’ का प्रचार प्रारंभ हुआ। इस प्रकार २५ दिसंबर को मनाया जाने वाला विशुद्ध भारतीय त्‍योहार ‘बड़े दिन’ (christmas) को ईसाई जगत के लिए अपहृत कर लिया गया और भारतीय पद्धति के अनुसार उन्‍होंने शिशु ईसा की ‘छठी’ का दिन १ जनवरी तथा ‘बरहों’ ६ जनवरी को मनाना प्रारंभ किया।

ईसाई और मुसलिम मान्‍यता है कि मानव का प्रारंभ आदम और हव्‍वा से अदन वाटिका में हुआ। यह मानव की जन्‍मस्‍थली अदन वाटिका थी कहॉं ? इस विषय में अरब (प्राचीन अर्व देश, अर्थात अच्‍छे घोड़ों का देश) की किंवदंतियों तथा विश्‍वासों का सहारा लें तो मानव का आदि प्रदेश उसके शैशव की लीलास्‍थली, जहॉं से वे संसार में फैले, उनके देश के पूर्व में दक्षिण भारत के पठारी शीतोष्‍ण जलवायु के अरण्‍य में थी।

स्‍वस्तिक चिन्‍ह सदा-सर्वदा भारत में मंगल, सर्वकल्‍याणकारी, शुभ चिन्‍ह के रूप में प्रयोग होता आया है। कहते हैं, प्रारंभ में ऋषियों ने आकाश के किसी भाग में तारों को देखकर इस शुभ चिन्‍ह की कल्‍पना की थी। भारत में पूजा, हवन या अन्‍य शुभ अवसरों पर, घर तथा मंदिरों में यह चिन्‍ह बनाते हैं। भारत में यह दक्षिणावर्ती (clockwise) है, पर कहीं वामावर्ती (anti- clockwise) स्‍वस्तिक (swastik) चिन्‍ह भी प्रचलित था। जब हिटलर ने जर्मन लोगों को विशुद्ध आर्य कहना प्रारंभ किया तब ‘वामावर्ती स्‍वस्तिक’ धारण किया। इसके पहले लगभग सहस्‍त्र वर्ष से इसका उपयोग भारत में सीमित रह गया था। यह स्‍वस्तिक चिन्‍ह भारत से उक्‍त भू-मेखला में फैला।

संभवतया भारत के सांस्‍कृतिक प्रभाव के कारण ही इन पूजा और स्‍वस्तिक चिन्‍ह ने संसार का चक्‍कर काटा। यह विशेषकर पुरानी दुनिया के लिए ही नहीं वरन् नई दुनिया, मेक्सिको और पेरू के लिए भी सत्‍य है जहॉं पिंगल प्रजाति के लोग भी बसे। मानव केवल रूप-रंग का आकार नहीं। उसने विचारों की सृष्टि की, जिन्‍होंने एक सभ्‍यता उपजाई। प्राचीन सभ्‍यताओं की प्रेरणा का कोई केंद्र, कोई छोर है क्‍या, जहॉं से वह नि:सृत हुई? ज्‍यों-ज्‍यों अधखुले नेत्रों से प्रारंभ होकर मानव सभ्‍यता की यह कहानी आगे बढ़ती है, यह केंद्र स्‍पष्‍टतर होता जाता है।


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
९ ईसा मसीह का जन्म दिन - बड़ा दिन और भारतीय त्योहार

शनिवार, अक्तूबर 13, 2007

मानव का आदि देश-८

नव प्रस्‍तर युग में भूमंडल की मेखलाकार पट्टी में फैली एक विशेष संस्‍कृति दिखाई पड़ती है। यह मेखला आइबेरियन प्रायद्वीप से लेकर भूमध्‍य सागर के दोनों ओर के प्रदेश, संपूर्ण दक्षिण एशिया और प्रशांत महासागर के द्वीपों को लेकर उस पार मेक्सिको और पेरू तक नई दुनिया में फैली थी। इसके कुछ लक्षण ऐसे विचित्र थे कि पृथ्‍वी के दूरस्‍थ भागों में उनका स्‍वाभाविक रीति से प्रकट होना असंभव है। चारों ओर घेरती इस मेखला में सूर्य-पूजा तथा नाग –पूजा के साथ ‘स्‍वस्तिक’ का शुभ चिन्‍ह के रूप में प्रयोग दिखता है। इसमें सूर्य-पूजा होने के कारण कुछ पुरातत्‍वज्ञ इसे सूर्यप्रस्‍तर संस्‍कृति ( Heliolithic Culture) कहते हैं।

सूर्य को अपने यहॉं भगवान का स्‍वरूप कहा है। इसे प्राचीन ग्रंथों में अनेक नामों से पुकारा गया है और वेद की ऋचाऍं उसकी महिमा गाती हैं। ऋग्‍वेद एवं बौधायन ने सूर्य को आकाश मार्ग पर हिरण्‍य रथ पर सवार दिखाया है, जिसे सात भिन्‍न रंगों के घोड़े हॉंक रहे हैं। यह इंद्रधनुषी वर्णक्रम ( spectrum) का वर्णन है। सूर्य- रश्मियों से प्रकाश- रासायनिक प्रक्रिया (photo chemical process) द्वारा जीवन प्रारंभ हुआ—सूर्य जीवनदाता है। यह अन्‍यत्र ऊर्जा का उद्गम है, जिससे संसार का संचालन होता है। कोणार्क का सूर्य मंदिर प्रसिद्ध है-वैसे ही हैं दक्षिण अमेरिका में पेरू ( Peru) के सूर्य मंदिर। पृष्‍ठ २०-२१ पर पृथ्‍वी को आवेष्टित और इस प्रकार धारण करती जल-प्‍लावन के समय शेष रही पर्वतमाला की भारतीय कल्‍पना का ‘शेषनाग’ के नाम से वर्णन है। इसी से है नाग-पूजा। फनीशियन ( Phoenecians: यह संभवतया ‘फणीश’ अर्थात नाग का अपभ्रंश है) नाग-पूजक थे। ये वेदों में पणि नाम से उल्लिखित हैं। सूर्य और नाग दोनोंकिंवदंतियों में मिलते हैं। भूमंडल को चारों ओर से कटिबंध की भॉंति घेरती ये उपासनाऍं भारतीय हैं। एच.जी.वेल्‍स ने अपनी प्रसिद्ध पुस्‍तक ‘इतिहास की रूपरेखा’
(Outline of History) में लिखा है – ‘किंतु अंततोगत्‍वा जब कभी रहन-सहन के प्रस्‍तरयुगीन तौर- तरीकों का प्रसार-केंद्र निर्धारित होगा तो वह प्रदेश होगा जहॉं सर्प और धूप जीवन में मूलभूत महत्‍व के होंगे।‘ दुर्भाग्‍यवश वे इन विचारों के अवश्‍यंभावी परिणाम भारत तक न पहुँच सके।


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
८ मानव का आदि देश

सोमवार, अक्तूबर 01, 2007

मानव का आदि देश-७

वेदग्रंथ संभवतया संवत् के बीस सहस्‍त्र वर्ष पूर्व रचे गए। भारतीय गणना के अनुसार वे सदा थे, पर साधना द्वारा व्‍यक्‍त हुए। ‘ऋग्‍वैदिक’ घटनाओं और ‘शतपथ ब्राम्‍हण’ के वाक्‍य से कि ‘कृत्तिकाऍं ठीक पूर्व दिशा में उदय होती हैं’ पंचांग-सुधार एवं वेदों के लिपिबद्ध करने का समय संवत् के आरंभ से कम-से –कम छह सहस्‍त्र वर्ष पूर्व अथवा उसके पहले जब कभी वैसा समय आया हो, प्रमाणित होता है। रचना के समय वैदिक संस्‍कृत एक उन्‍नत और सशक्‍त भाषा थी, जिसमें घटनाओं और मनोभावों से लेकर अध्‍यात्‍म, विज्ञान और दर्शन की परिकल्‍पनाओं को व्‍यक्‍त करने की सामर्थ्‍य थी।

किंतु यूरोपीय इतिहासज्ञों के अनुसार आर्य भारत में संवत् के सहस्‍त्र वर्ष पूर्व उत्‍तर-पश्चिम के दर्रो से आकर पंजाब में बसे और वहॉं से पूर्व एवं दक्षिण की ओर बढ़े। किंतु हम जानते हैं कि रामायण काल और दशरथ का अयोध्‍या का राज्‍य इससे पहले आया। तब पूर्व में मगध एवं कौशल प्रतापी राज्‍य थे। और संवत् के करीब ३५०० पूर्व महाभारत काल और हस्तिनापुर ( दिल्‍ली) का राज्‍य आया। इसी प्रकार मोइन-जो-दड़ो (मृतकों की डीह) तथा हड़प्‍पा के पृथ्‍वी में दबे नगर और उनकी सभ्‍यता पंजाब से पुरानी सिद्ध होती है। इसलिए पूर्व एवं दक्षिण की सभ्‍यताऍं पंजाब से गई हुई नहीं हैं। एक गलत पूर्वाग्रह के कैसे दुष्‍परिणाम हाते हैं कि सारा इतिहास उलट गया।

आर्य खेती जानते थे। यह प्रकृति के अध्‍यययन उन्‍होंने सीखा। भारत में ऋतुओं के क्रम, और साल में एक बार वर्षा के आगमन से जब बीज जमते और सारी प्रकृति हरा परिधान धारण करती, खेती के विचार का जन्‍म हुआ। अन्‍यत्र कहॉं बहती हैं मौसमी हवाऍं और कहॉं आती हैं षट ऋतुऍं ? यह जलवायु तो संसार में अन्‍यत्र नहीं। मानव ने उत्‍तरी भारत के मैदानों में पहले-पहल पृथ्‍वी से अन्‍न उपजाया। चतुर्थ हिमाच्‍छादन के बाद जब प्रस्‍तरयुगीन प्रव्रजन की अनेक लहरें यूरोप पहुँचीं तब वे खेती से परिचित थे।


कालचक्र: सभ्यता की कहानी
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
७ मानव का आदि देश

गुरुवार, सितंबर 20, 2007

मानव का आदि देश-६

एक घटना याद आती है। मेरे छोटे बाबाजी को पुरातत्‍व से लगाव था। एक दिन उन्‍होंने मुझसे कहा,
अंग्रेजी में हमारी ठेठ भाषा के ठेठ देहाती शब्‍द हैं। उन बेचारों को उच्‍चारण नहीं आता, इससे दूसरी भाषा बन गई।
मैं तब नौवीं कक्षा में पढ़ता था। मेरे चेहरे पर संदेह देखकर उन्‍होंने कहा,
‘पूछो तुम शब्‍द।
तब मैं अंग्रेजी शब्‍द कहता और वह उसीसे मिलते-जुलते हिंदी के पर्याय शब्‍द बताते चलते। हम एक कस्‍बे में रहते थे। तंग आकर मैंने पूंछा,
‘टाउन ( town)?
उन्‍होंने हँसकर कहा,
‘अब तुम ठेठ देहाती शब्‍द पर उतर आए हो। बुंदेलखंडी में पूछते हैं, "तुहार ठॉंव कवन आय ?" यह ‘ठॉंव’ ही ‘टाउन’ है।
जब मुझे विश्‍वास नहीं हुआ तो मुझसे आंग्‍ल विश्‍वकोश (Encyclopedia Brittanica) दिखवाया। उसमें ‘टाउन’ शब्‍द के विवेचन के बाद लिखा था, ‘तुलना करें, संस्‍कृत ‘स्‍थान’। संस्‍कृत ‘स्‍थान’ से ही ‘ठॉंव’ और ‘टाउन’ दोनों बने। उन्‍होंने हजारों अंग्रेजी शब्‍दों के उसी से मिलते-जुलते हिंदी पर्याय लिखे थे।

भाषा के आश्‍चर्यजनक साम्‍य से यह निष्‍कर्ष भी निकलता है कि आर्य किसी एक स्‍थान, जैसे भारत से पश्चिमी एशिया और यूरोप में फैले। संस्‍कृत संसार की प्राचीनतम और समृद्धतम भाषा है। हर प्रकार के साहित्‍य का, जिनमें वेद-पुराण प्रमुख हैं, बहुत बड़ा भंडार उसके पास है और है शब्‍द बनाने तथा भाव व्‍यक्‍त करने का सरल एवं अनुपम ढंग तथा विश्‍व भाषा बनने की क्षमता। ऐसी दशा में संस्‍कृत यदि आर्य सभ्‍यता की मूल भाषा (या उसके निकट-पूर्व की प्रचलित भाषा) रही हो तो क्‍या आश्‍चर्य।

आर्य भाषाओं साम्‍य का एक और कारण अनुमान कर सकते हैं। कल्‍पना करें कि यह विस्‍मरण हो जाए कि भारत में कभी अंग्रेजी राज्‍य था। अंग्रेजी के बहुत से शब्‍द हिंदी में और हिंदी के अनेक शब्‍द अंग्रेजी में प्रतिदिन के व्‍यवहार में आते हैं। इसे देखकर यदि कोई कहे कि अंग्रेज और भारतीय कहीं बीच के निवासी थे, कुछ इंग्‍लैंड चले गए और कुछ भारत आए तो कितनी हास्‍यास्‍पद बात होगी! कभी भारतीय सभ्‍यता का प्रभाव सारे संसार में फैला; उसने अखिल मानव जीवन को दिशा दी। इसी से आदि भारती के शब्‍दो को लोगों ने सिर-माथे लगाया। पर इतनी बड़ी मात्रा में आर्य भाषाओं में अद्भुत साम्‍य है कि आर्य प्रजाति का भारत से जाना भी युक्तिसंगत है।

आखिर पुरातत्‍व से भाषाशास्‍त्र में वे क्‍यों घुसे ? इसकी कहानी बाबाजी (चौ. धनराज सिंह) ने बताई थी। एक रात गांव में लेटे हुए बाहर सियारों का ‘हुआना’ ( हुआ-हुआ) सुनते रहे। उनको लगा कि संसार में एक जाति के जानवर एक प्रकार से बोलते हैं, फिर मानव की अनेक भाषाऍं क्‍यो हैं ? इसके बारे में बाबुल (Babul) की एक दंतकथा है। कहते हैं कि पहले मानव की एक ही भाषा थी। तब पृथ्‍वी के लोगों ने स्‍वर्ग तक ऊँची मीनार उठाने का विचार किया, जिससे सशरीर स्‍वर्ग पहुँच सकें। जब मीनार बननी प्रारंभ हुई तो देवताओं को भय लगा। उन्‍होंने शाप दिया कि आगे से एक-दूसरे की भाषा मनुष्‍य समझ न पाऍंगे। इस पर मीनार का निर्माण कार्य ठप्‍प हो गया। आज भी फारस की खाड़ी में, जहॉं की यह दंतकथा है, बाबुलमंदप नामक स्‍थान देखा जा सकता है। पर मानव की कभी एक भाषा रही होगी,ऐसा विश्‍वास भाषाशास्त्रियों का नहीं है।

अनुमान है कि प्रस्‍तरयुगीन मानव के पास बहुत कम शब्‍द होंगे—भय, क्रोध, प्रेम आदि की चिल्‍लाहट या वस्‍तुओं की नकल से प्राप्‍त ध्‍वनि। आपस में बात करने के लिए संकेतों का भी प्रयोग होता होगा, जैसा अमेरिका के भिन्‍न भाषा वाले आदि निवासी करते थे। लाखों वर्षो के जीवन के बाद कहीं विचारों के लिए शब्‍दों का निर्माण हो पाया। भारत की प्राचीन भाषा, जिसके अवशिष्‍ट अंश चहुँओर सभी आर्य सभ्‍यताओं में बिखरे, कैसी महान उपलब्धि थी।

प्रजाति के विभाग या वर्गीकरण से मेल खाते हैं संसार की भाषाओं के वर्ग। एक वर्ग के अंदर धातुऍं एवं शब्‍द गढ़ने का तरीका, वाक्‍य-विन्‍यास, अभिव्‍यक्ति की पद्धति तथा व्‍याकरण एक-सा मिलता है। सबसे बड़ा विभाग आर्य भाषाओं का है जिनमें मूल संस्‍कृत एवं पाली है और हैं भारत की सभी भाषाऍं, फारसी, अरमीनी तथा यूरोपीय। दूसरा बड़ा वर्ग सामी (Semitic) भाषाओं का है जिसमें अरबी, इब्रानी (Hebrew), एबीसीनी (Abyssinian) और उस क्षेत्र की प्राचीन भाषाऍं हैं। इसी प्रकार एक अन्‍य बड़ा वर्ग पूर्वी एशिया की भाषाओं का है जहॉं कुछ प्रारंभिक ध्‍वनियों से बोली बनती है। उनका स्‍वर तथा उतार-चढ़ाव उनको भिन्‍न अर्थ देता है। यह चीनी भाषाओं का वर्ग है। आर्य भाषा रूपकों में स्‍पष्‍ट चित्र खड़ा करती है; वहॉं चीनी भाषा सार मात्र देती है, जिसके भिन्‍न संदर्भ में भिन्‍न-भिन्‍न अर्थ होते हैं। इनकी व्‍याकरण की कल्‍पना भिन्‍न है-या जैसा कुछ भाषाशास्‍त्री कहते हैं, व्‍याकरण है ही नहीं। इसलिए चीनी भाषा से आर्य भाषा में शब्‍दानुवाद संभव नहीं।

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
६ मानव का आदि देश

बुधवार, सितंबर 12, 2007

मानव का आदि देश-५

प्रमाण में कि आर्य भारत में बाहर से आए, दो बातें कही जाती हैं। प्रथम, भारत में सभी प्रकार के लोग पाए जाते हैं-गोरे, काले तथा उत्‍तर-पूर्व में मंगोल लक्षण लिये हुए भी। इससे कहते हैं कि गोरे आर्यों तथा काले अनार्यों के सम्मिश्रण से आज के गेहुँए भारतीय पैदा हुए। मंगोल लक्षणों के लिए वे कहते हैं कि कुछ मंगोल भी उत्‍तर-पूर्व में बस गए होंगे। ये आधारविहीन कल्‍पनाऍं हैं। संसार में पिंगल प्रजाति भी है और भारत में उस चेहरे-मोहरे के लोग हैं। यदि संसार में गोर-काले ही होते तभी केवल जलवायु के प्रभाव से यह भेद उत्‍पन्‍न होना कहा जा सकता था। भारत सभी प्रजातियों का संगम स्‍थल है, जहॉं से मानव भिन्‍न दिशाओं में, अन्‍य परिस्थितियों एवं जलवायु में गए। इन प्रवासियों में नई विशिष्‍टताऍं एवं लक्षण उत्‍पन्‍न हुए और नई प्रजातियॉं बनीं। इसी प्रकार जो यूरोपवासी अमेरिका जाकर बसे उनकी संतति, चेहरे-मोहरे में शताब्दियों में परिवर्तन आया। यूरोपीय इतिहासज्ञ भूलते हैं कि चतुर्थ हिमाच्‍छादन के बाद यूरोप में दक्षिण-पूर्व से जब विशुद्ध मानव पहुँचे तो वे गेहुँए या श्‍यामल वर्ण के थे, जैसे अधिकांश भारतीय आज हैं।

इस ऐतिहासिक भ्रम ने कैसा विष उत्‍पन्‍न किया, इसकी छाया तमिलनाडु के हिंदी-विरोधी आंदोलनों में देखी जा सकती है। एक बार विचित्र अनुभव हुआ। तब यह आंदोलन प्रारंभ हुआ था। इटारसी से नागपुर जाते समय मैं रेल के छोटे डिब्‍बे में कोने में बैठा पुस्‍तक पढ़ रहा था। इतने में देखा कि एक श्‍याम तमिल सज्‍जन अंग्रेजी में उत्‍तरी भारत के विरूद्ध, उत्‍तर के गोरे लोगों के विरूद्ध और हिंदी के विरूद्ध बक रहे थे और‍ डिब्‍बे में सबसे हुँकारी भरा रहे थे। सब उनसे त्रस्‍त थे, पर उनका ‘उत्‍तरी भारत’, ‘गोरे आर्य’ तथा ‘हिंदी’ के ‘साम्राज्‍यवाद’ के विरूद्ध प्रस्‍ताव चालू था। अंत में मेरी ओर घूमकर उन्‍होंने कहा,
‘क्‍यों साहब, आप कुछ नहीं बोल रहे ?’
मैंने कहा,
‘मैं तो उलटा ही जानता हूँ। यदि दक्षिण के साम्राज्‍यवाद से छुटकारा मिल जाए तो हम लोगों का बड़ा भला हो।
उनकी त्‍योरियॉं चढ़ गई,
‘यह कैसे ?’
मैंने कहा,
‘एक शंकराचार्य दक्षिण में केरल के कालडी ग्राम में पैदा हुआ। कहते हैं, उसने उत्‍तर भारत आकर दिग्विजय की। तब से कैसे नियम बना गए—गंगा का जल ले जाकर रामेश्‍वरम में चढ़ाओ। भारत के चार कोनों में स्‍थापित चारों धाम की यात्रा करो। हम उत्‍तरी भारत में बेवकूफ बने उसकी कही करते रहते हैं। -- और तो और, इतिहासज्ञ कहते हैं कि आर्य जब भारत में आए तो वे गोरे थे, पर द्रविड़ों ने अपने देवी-देवता उन्‍हें दे दिए। हमारे राम भी सॉंवले, कृष्‍ण का नाम ही कृष्‍ण है। ‘काली’ को देखते भय लगता है। और देवों के देवता ‘महादेव’ भी सॉंवले। अब हम उत्‍तर में इन सॉंवले देवी- देवताओं की पूजा करते फिरते हैं।– इससे भी बढ़कर सीता जगन्‍माता हैं, इसलिए उनके सौंदर्य का वर्णन कहीं नहीं है। पर जिसे महाभारत में अनिंद्य सुंदरी कहकर पुकारा, वह द्रौपदी भी काली। इसी से कृष्‍ण की बहन कहलाई। जिसके कारण चित्‍तौड़गढ़ में जौहर हुआ, भारत के संघर्ष काल की अद्वितीय सुंदरी पदिमनी, वह भी सॉंवली। सॉंवलों से तथा उनके देवी-देवताओं से पीछा छूटे तो हम उबर जाऍं।
क्रोध के मारे उन सज्‍जन की आवा न निकली। डिब्‍बे के लोग हँस पड़े और चैन सॉंस ली। जब दृष्टि भ्रमवश संकुचित हो जाती है तो कैसा विकार उत्‍पन्‍न होता है।

दूसरा भाषा का प्रमाण देते हैं। मैक्‍समूलर का प्रसिद्ध उदाहरण है-कैसे संस्‍कृत का ‘पितृ’ शब्‍द (हिंदी ‘पिता’), देहाती अपभ्रंश में ‘पितर’ बनता है, वही फारसी में ‘पिदर’, लैटिन तथा जर्मन भाषा में ‘पेटर’ (pater) और अंग्रेजी में ‘फादर’ (father) बन जाता है। इस प्रकार के सहस्‍त्रों उदाहरण मिलते हैं। हिंद-यूरोपीय (Indo-European) भाषाओं के अद्भुत साम्‍य के कारण कुछ इतिहासज्ञ कहने लगे-‘भारत के आर्य और यूरोपीय किसी एक ही प्रदेश में जनमें हैं। एक शाखा निकली, यह यूरोप में बस गई। दूसरी भारत आई। बीच में कश्‍यप सागर के आसपास का क्षेत्र है। इसलिए ये दोनों शाखाऍं वहीं से निकती होंगी। वही आर्यों का आदि देश है।‘ भाषा के साम्‍य को इस बात का प्रमाण मान सकते हैं कि आर्यों का आदि देश एक था, जिससे शब्‍द –ध्‍वनियों की बानगी उनके पास बनी रही।

आज जो ‘जिप्‍सी’ (Gypsy) मध्‍य यूरोप में घुमक्‍कड़ जिंदगी व्‍यतीत करते हैं उनकी भाषा ‘रामणी’ (Romany) में बहुत से भारत के देहाती शब्‍द हैं। इन जिप्सियों के परंपरागत विश्‍वास, उनकी दंतकथाऍं और रीति-रिवाज बताते हैं कि वे संवत͉ पूर्व पंजाब से मिस्‍त्र (Egypt) ( इसी से जिप्‍सी कहलाए) तथा अनेक मंजिलें पार कर मध्‍य यूरोप पहुँचे।

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
५ मानव का आदि देश

बुधवार, सितंबर 05, 2007

मानव का आदि देश-४

इस भ्रांति का कि आर्य नाम की कोई एक प्रजाति है, जो भारत की मूल निवासिनी न थी वरन बाहर से आई, संसार के इतिहास में सानी नहीं है। पहले-पहल इस भ्रांत मत का उच्‍चतर संवत १८९८ ( सन १८४०) में हुआ। तब जॉन शोर ने, जो ईस्‍ट इंडिया कंपनी के विदेश विभाग में था तथा विलियम बेंटिंक के बाद कुछ काल के लिए गवर्नर जनरल बना, अपनी पुस्‍तक में इसे प्रतिपादित किया। इसके पहले यह किसी की कल्‍पना में भी न था। यह समय था जब भारत के सांस्‍कृतिक जीवन को समाप्‍त कर अंग्रेजीकरण की नीति बनाई गई।

जब अंग्रेज भारत में व्‍यापार करने और प्रारब्‍ध ने उन्‍हें इस देश का स्‍वामी बनाया, तब अपनी साम्राज्‍य- लिप्‍सा के समर्थन में उन्‍होंने यह कहना प्रारंभ किया कि ‘अंग्रेजों ने यह देश हथियारों के बल पर जीता, वैसे ही जैसे मुगलों ने कभी जीता था। उसी प्रकार यहॉं के आर्य भी बाहर से आए थे और यहॉं के अनार्यों को जीतकर उनका सब छीन लिया। इस भूमि पर जितना अधिकार आर्यों का है उतना ही मुगलों का था और उतना ही अंग्रेजों का है।‘ यह कहकर उन्‍होंने यहॉं के निवासियों को झुठलाने का यत्‍न किया। पहले उन्‍होंने ‘द्रविड़’ को एक अलग प्रजाति कहकर यहॉं का मूल निवासी बताया। बाद में पादरियों ने एक नया दावा प्रारंभ किया कि ये द्रविड़ भी कहीं बाहर से आए-
'शायद भूमध्‍य सागर के "बर्बर" थे। भारत के मूल निवासी यहॉं के वनवासी, कोल, भील, संथाल आदि हैं।' (इतिहास उलटा जानता है कि बर्बर दक्षिण-पूर्व से यूरोप में गए।)
पहले इन्‍हीं को ‘विंध्‍याचल पर्वत के अवशिष्‍ट द्रविड़’ कहते थे, अब इन्‍हें ‘आदिवासी’ की एक अलग संज्ञा दे दी। नृवंशीय दृष्टि से इन द्रविड़ या आदिवासीजन का आकार, बनावट, चेहरा-मोहरा भारत के अन्‍य निवासियों से मिलता-जुलता है और ऊपरी रूपांतर सम्मिश्रण या सहस्‍त्राब्दियों के भिन्‍न प्राकृतिक वातावरण तथा उत्‍परिवर्तन का परिणाम है।

‘आर्य’ का शाब्दिक अर्थ है ‘श्रेष्‍ठ’। यह कोई जाति न थी। पर ‘आर्य’ शब्‍द का प्रयोग कभी-कभार गेहुँए रंग की भारत-यूरोपीय प्रजाति (Indo-European Race) का बोध, पिंगल तथा नीग्रो प्रजातियों से वैषम्‍य दिखाने के लिए होता है। आर्य भारत की प्राचीन हिंदु सभ्‍यता है, जिसने कभी संसार की सभी प्रुख प्राचीन सभ्‍यताओं को प्रभावित किया।

आर्यो के अस्तित्‍व तथा आदि निवास के बारे में आज भी पश्चिमी इतिहासज्ञ अनिश्चित हैं। पहले कहा जाता था कि आर्य मध्‍य एशिया से—कश्‍यप सागर तथा अरल सागर के बीच के भूभाग-या प्राचीन कैकय प्रदेश ( काकेशिया: Caucasus) से, जहॉं की दशरथ की रानी कैकई थी, आए। पर चतुर्थ हिमाच्‍छादन के समय कश्‍यप सागर और अरल सागर का मध्‍यवर्ती प्रदेश सागर तल था और कैकय प्रदेश हिमाच्‍छादित। अतएव डेन्‍यूब (Danube) नदीतल में कुछ प्राचीन घरों के अवशेष मिलने पर एक नया मत चल निकलाकि आर्य डेन्‍यूब घाटी के निवासी थे और वहॉं से निकलकर चारों ओर फैले। शायद इस कल्‍पना के पीछे एक मनोग्रंथि (complex) हावी थी, जिसने पिछली तीन-चार शताब्दियों से यूरोपवासियों को स्‍वप्रदत्‍त ‘गोरों’ का कर्तव्‍य-भार (white man’s burden)—संसासर को सभ्‍य बनाना है’ के नाम पर घोर अत्‍याचार, उत्‍पीड़न और जाति-संहार करने की छूट दी। आखिर यह महिमामय आर्य प्रजाति यूरोप के किसी कोने केअतिरिक्‍त और कहॉं पैदा हो सकती है ?

एक चुटकुला है। एक बार एक पादरी ने सब कामनाओं की पूर्ति करने वाला,सब सुखों से पूर्ण स्‍वर्ग का चित्र खींचा और एक देहाती से पूछा,
‘क्‍या तुम स्‍वर्ग नहीं जाना चाहते ?’
बेचारे देहाती ने सिर हिलाया,
'नहीं।'
देहाती ने इतना ही कहा,
'यदि वह कोई अच्‍छी जगह होती तो गोरों ( यूरोपवासियों) ने उसे पहले ही हथिया लिया होता।'
यूरोपवासियों के दंभ ने पहले एटलांटिस नामक एक काल्‍पनिक महाद्वीप की सृष्टि की जो प्रलय के समय अटलांटिक महासागर में डूब गया। वहॉं के निवासी बड़ीउन्‍नत सभ्‍यता के धनी कहे गए। पर इसका जब कोई प्रमाण न मिला तो यूरोप में मानव सभ्‍यता के आदि चिन्‍ह ढूँढ़ना प्रारंभ किया। डेन्‍यूब घाटी या कश्‍यपसागर के पास की भूमि में चतुर्थ हिमाच्‍छादन के बर्फानी तूफानों को तथा वहॉं के विपत्ति भरे जीवन की दृष्टि-ओट कर दिया और जब पिल्‍टडाउन (इंग्‍लैंड) में अस्थि-अवशेष प्राप्‍त हुए तो उसे पॉंच लाख वर्ष पुराना ‘उषा-मानव’ (dawn-man) कहा। बाद में पता चला किरासायनिक प्रक्रिया द्वारा इसे प्राचीन बनाया गया था।

इस कल्‍पना ने कि आर्य कहीं बाहर से आए, भारतीय इतिहास का एक विकृत अध्‍याय रचा। भ्रमित कल्‍पना कहती है कि संवत् से एक हजार वर्ष पूर्व आर्य हिंदुकुश पर्वत के दर्रों से होकर भारत आए और पहले पंजाब में बसे। वहॉं से वे नदियों के किनारे सिंधु-सागर तक और पूर्व में गंगा के किनारे बंगाल तक फैल गए। यहॉं के मूल, जंगली एवं गिरि-कंदराओं में रहने वाले अनार्यों से उनका युद्ध हुआ होगा। आर्यो ने उनकी संपूर्ण भूमि छीनकर दक्षिण में भगा दिया। फिर दक्षिण में भी आक्रमण कर इनको जीतकर आत्‍मसात कर लिया। इस तरह कल्‍पना बेलगाम दौड़ती है।

परंतु अपने प्राचीन ग्रंथों में आर्यों के कहीं बाहर से आने का उल्‍लेख या किंवदंती नहीं मिलती। आर्यों-अनार्यों के युद्ध का वर्णन उक्‍त ग्रंथों में नहीं है। केवल देवासुर संग्राम का वर्णन आता है, जिसे कुछ पुरातत्‍वज्ञ प्रतीकात्‍मक (allegorical) मानते हैं। ‘देव’ तथा ‘असुर’ आर्यों की ही दो शाखाऍं थीं। आर्य-अनार्यों के तथाकथित संघर्ष की कोई झलक हमें ऐतिहासिक सामग्री में नहीं मिलती। इसके विरूद्ध महाभारत में भारत को मानव का आदि देश कहा गया है। अपनी सभी दंतकथाओं, पौराणिक आख्‍यानों, परंपराओं एवं मान्‍यताओं में यह अंतर्निहित है कि आर्यों का आदि देश भारत है। ब्राम्‍हणों की प्रमुख शाखाऍं पंच-गौड़ (उत्‍तरी भारत की) एवं पंच- द्रविड़ ( दक्षिण भारत की) कहलाती हैं। संसार का सांस्‍कृतिक ( विशेषकर प्राचीन बृहत्‍तर भारत के पूर्वी भाग तथा दक्षिण-पूर्व एशिया का) इतिहास बताता है कि जिन्‍होंने वहॉं से आगे बढ़कर सुदूर मध्‍य तथा दक्षिण अमेरिका तक भारतीय आर्य सभ्‍यता का प्रसार किया, वे द्रविड़ (द्रृ = द्रष्‍टा; विद अथवा विर = ज्ञानी) कहाते थे। वे दिग्दिगंत में आर्य सभ्‍यता के अधीक्षक थे।

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
४ मानव का आदि देश

बुधवार, अगस्त 29, 2007

मानव का आदि देश-३

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
मानव का आदि देश
मानव का आदि देश
३ मानव का आदि देश

चतुर्थ हिमाच्‍छानज के समय हिमालय पर्वत से रक्षित प्रकृति की अनुपम छवि-छटा का स्‍थल, उस समय भी सम एवं स्थिर जलवायु के वरदान से मंडित यह भारत, जहॉं प्रकृति ने वनस्‍पति एवं जीव-जंतुओं से भरपूर धरती दी। इनकी विपुलता में मानव जाति को भोजन प्राप्‍त होता रहा। इस सम एवं स्थिर जलवायु के लगभग दो लाख वर्षों ने यहॉं मानव को शारीरिक- मानसिक क्षमता प्राप्‍त करने का अनुपम आश्रय-स्‍थान दिया। उस समय उत्‍तर का यह मैदान अपनी सहायक नदियों के साथ सिंधु और यमुना आदि से सिंचित था। इनके बीच बहती सरस्‍वती नदी, जो आज लुप्‍त हो गई, राजस्‍थान के अंदर तक फैले सागर में गिरती थी। आज कच्‍छ का रन और राजस्‍थान की खारे पानी की सॉंभर झील उस सागर की याद दिलाती है । अब आसपास का सारा स्‍थान बालुकामय मरूस्‍थल हो गया है। हो सकता है कि उस समय आज का सिंध तथा बंगाल के कुछ भाग सागर तल रहे हों। इस सिंधु- यमुना के मैदान के दक्षिण में हैं विंध्‍याचल पर्वत की श्रेणियां, उनके दक्षिण में है भारत का प्रायद्वीप जिसके मानो रत्‍नाकर ( सिंधु सागर), जिसे अब अरब सागर (Arabian Sea) भी कहते हैं, और महोदधि ( गंगा सागर), जिसे अब बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) कहकर पुकारते हैं, चरण पखार रहे हैं। यह प्रायद्वीप समान उष्‍ण जलवायु के प्राचीन काल के जंगल, महाकांतर और दंडकारण्‍य से ढका था। अरब निवासियों का विश्‍वास है कि यही दक्षिण का प्रायद्वीप, आदम और हव्‍वा की अदन वाटिका (Garden of Eden) है। उसके दक्षिण में है हिंदु महासागर, जिसकी उत्‍ताल तरंगों पर कभी फैला भारत का अधिराज्‍य।

दक्षिण भारत और हिदु महासागर से संबंधितअगस्ति (अगस्‍त्‍य) मुनि की गाथा है। उन्‍होंने विंध्‍याचल के बीच से दक्षिण का मार्ग निकाला। किंविंदंती है कि विंध्‍याचलपर्वत ने उनके चरणों पर झुककर प्रणाम किया। उन्‍होंने आशीर्वाद देकर कहा कि जब तक वे लौटकर वापस नहीं आते, वह इसी प्रकार झुका खड़ा रहे। वह वापस लौटकर नहीं आए और आज भी विंध्‍याचल पर्वत वैसे ही झुका उनकी प्रतीक्षा कर रहा है। दक्षिणी पठार, जो पीठ की तरह है, उसको देखकर ही झुकने की बात सूझी होगी। उनके चरणों ने दक्षिण जाने का मार्ग सरल किया, इसी से यह जनश्रुति चल निकली। भूवैज्ञानिक (geologists) विश्‍वास करते हैं कि पहले विंध्‍याचल पर्वत ऊँचा था, पर भूकंप युग में नीचा हो गया।

इसके बाद अगस्ति मुनि ने हिंदु महासागर का दूर तक अन्‍वेषण किया। इसी से कहा जाता है कि मानो उन्‍होंने समस्‍त महासागर पी लिया था। उनका बाद का जीवन इस महासागर में घूमते बीता। दक्षिणी गोलार्द्ध के आकाश में चमकते ‘त्रिशंकु नक्षत्र’ (The Southern Cross) को, जो दक्षिण भारत से ही दिखता है, उन्‍होंने हिदु महासागर की नौ-यात्रा का पथ-प्रदर्शक नक्षत्र बनाया। आधुनिक नौ-यात्रा के साधनों के पहले तक दक्षिणी गोलार्द्ध में समुद्र-यात्रा करते समय इस नक्षत्र का प्रयोग चला आता रहा है। त्रिशंकु नक्षत्र के प्रमुख तारे का नाम, जो दक्षिणी खगोलार्द्ध में सबसे अधिक चमकता तारा है, ‘अगस्‍त्‍य’ (Augustus) पड़ा। इसी तारे का उल्‍लेख करते हुए तुलसीदास ने रामचरितमानस के किष्किंधाकांड में लिखा है—
'उदित अगस्ति पंथ जल सोखा।'

गुरुवार, अगस्त 23, 2007

मानव का आदि देश-२

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
मानव का आदि देश
२ मानव का आदि देश

जिस मॉं की ममता से पक्षी एवं स्‍तनपायी जीवों के कुटुंब प्रारंभ हुए, उसी स्‍नेह के स्‍पर्श से सामाजिकता का उदय हुआ। स्‍वाभाविक रूप में मानव ने दल या गिरोह में रहना आरंभ किया। इस प्रकार का जीवन तो ऐसे ही भूभाग में पनप सका जहॉं भोजन प्रचुर मात्रा में था। आज जो भी जीव हैं उनका भोजन वनस्‍पति या जीवजनित पदार्थ ही हैं। ‘जीवो जीवस्‍य जीवनम ‘ इस अर्थ में भी सही है कि जीवन ( अर्थात वनस्‍पति एवं जीव) से प्राप्‍त पदार्थ छोड़ मोटे तौर पर कोई भी अन्‍य वस्‍तु पचाकर मानव शरीर संवर्धन नहीं कर सकता। ऐसी दशा में जीवन ( वनस्‍पति और प्राणी) से समृद्ध प्रदेश ही मानव के कुछ लाख वर्षों की शैशव-लीलास्‍थली बना।

ऐसे रक्षित प्रदेश की सम जलवायु में विशुद्ध मानव ने सामाजिकता के प्रथम पाठ सीखे। यहीं पर साथ रहने की भावना से प्रेरित हो वरदान रूपी वाणी विकसित की। यह कितनी बड़ी देन मानव जीवन को है। वाणी के माध्‍यम से परस्‍पर बात करना, समझना सीखा। वाणी से रूप-भाव उत्‍पन्‍न होते हैं, जिससे क्रमबद्ध विचार संभव हुआ। मन और चरित्र का विकास हुआ और व्‍यक्तित्‍व का बोध हुआ। उसी के साथ आया समाज का जीवन।

नृवंशशास्त्रियों ( ethnologists) का विश्‍वास है कि यूरेशिया और अफ्रीका के उत्‍तरी तट के विशुद्ध मानव एक ही मूल धारा के थे। वे गेहुँए या श्‍यामल रंग के थे। उनकी एक शाखा जो भूमध्‍य सागर के देशों में पाई जाती थी ‘बरबर’ कहलाई और जो उत्‍तरी यूरोप में गई वह ‘नार्डिक’ । सहस्‍त्राब्दियों में धीरे-धीरे बदलाव आया और वे गोरे हो गए। जो पूर्वी एशिया और वहॉं से अलास्‍का होते हुए नई दुनिया, अमेरिका पहुँचे वे कालांतर में कुछ पिंगल हो गए। आर्य और पिंगल प्रजाति अधिक समान हैं, इसी से कुछ नृवंशशास्‍त्री इन्‍हें एक मानते हैं। जो अफ्रीका के घने विषुवतीय (equatorial) जंगलों में रहते थे उनसे सॉंवली नीग्रो प्रजाति बनी। इसी प्रकार के ऑस्‍ट्रेलिया, न्‍यू गिनी आदि के ऑस्‍ट्रेलियाई हैं। इन सबका, या कम-से –कम आर्य एवं पिंगल प्रजातियों का कुछ-न-कुछ अंश लिये यह संगम-स्‍थल भारत है।

गुरुवार, अगस्त 16, 2007

मानव का आदि देश-१

कालचक्र: सभ्यता की कहानी
१ मानव का आदि देश

पुरानी दुनिया का केंद्र – भारत। भूमंडल के गोलक (globe) में पुरानी दुनिया को लें। एक रेखा यूरोप में स्‍कंद देश (स्‍कैंडीनेविया) के उत्‍तरी छोर से आस्‍ट्रेलिया के दक्षणि में तस्‍मानिया (Tasmania) द्वीप तक खींचें और दूसरी साइबेरिया तथा अलास्‍का के बीच बेहरिंग जलसंधि से अफ्रीका के दक्षिण में आशा अंतरीप ( Cape of Good Hope) तक। ये दोनों देखाऍं एक-दूसरे को भारत में पार करती हैं।

चतुर्थ हिमाच्‍छादन का लगभग एक लाख वर्ष का समय जीव के लिए महान विपत्ति का काल था। उसकी पराकाष्‍ठा के समय उष्‍ण कटिबन्‍ध की ओर बढ़ते हिमनद एवं हित के ढक्‍कन ने पश्चिमी तथा उत्‍तरी यूरेशिया को लपेट लिया था। यह एक ओर आल्‍पस पर्वत (Alps) के पार पहुँचा, दूसरी ओर यूरोप और एशिया के मध्‍यवर्ती सागर को छूने लगा,जो काला सागर से कश्‍यप सागर तथा अरल सागर को अपने अंदर समाए हुए उत्‍तर तक फैला था। अधोशून्‍य ( शून्‍य से नीचे) तापमान के भयंकर बर्फानी तूफानों और तुषार ने मध्‍य यूरेशिया का जीवन संकटग्रस्‍त कर दिया। इसमें नियंडरथल मानव काल की भेंट चढ़े। ऐसे समय में केवल उष्‍ण कटिबंध केआसपास पर्वतों की रक्षा-पॉंति की ओट में ही जीवन पल सका। वहॉं इस भीषण संकट से मुक्‍त कोने में विशुद्ध मानव का संवर्धन हो सका। जिस समय नियंडरथल मानव तथा अवमानव मध्‍य यूरेशिया में कठोर शीतलहरी से जूझ रहे थे, उस समय वि शुद्ध मानव ने किसी आश्रय-स्‍थान में शरीरिक गठन तथा अंगों के उपयोग में निपुणता प्राप्‍त की, अनुक पीढियों के अनुभवों से अपने जीवन को समृद्ध किया और मस्तिष्‍क की प्रतिभा का विकास किया।

मंगलवार, अगस्त 07, 2007

भौतिक जगत और मानव - कालचक्र: सभ्यता की कहानी

:१:
वसंत ऋतु की यह सुहावनी अँधेरी रात्रि। आओ, बाहर निकलकर देखें। अभी आठ बजे हैं और रात्रि प्रारंभ हुई है। सारे आकाश में तारे छिटके हुए हैं। यह अनंताकाश और इसमें टिमटिमाते आसमानी दीपक, इन्‍होंने कितनी सुंदर कवि- कल्‍पनाओं को जन्‍म दिया है। प्राचीन काल में हमारे पूर्वजों ने इस आकाश के गोले यानी खगोल (celestial sphere) को देखा था और इसमें चित्रित अनेक तारा समूह, जिन्‍हें उन्‍होंने नक्षत्र (constellation) की शंज्ञा दी, देखकर भिन्न-भिन्न आकारों की कल्पनाऍं की थीं। उन्हीं आकारों से या उनमें स्थित प्रमुख तारे के नाम से ये नक्षत्र पुकारे जाने लगे। तारे और नक्षत्रों के ये नाम भारतीय ब्रम्हांडिकी (Cosmology) की देन है।

जैसे-जैसे पृथ्वी अपनी धुरी पर घूमती है, तारे पूर्व से पश्चिम की ओर चक्कर काटते दिखाई पड़ते हैं। आकाश में रविमार्ग अर्थात पृथ्वी का केन्द्र, जिस समतल में सूर्य के चारों ओर घूमता है, उसका खगोल (आकाशीय गोले) पर प्रक्षेपण ‘क्रांतिवृत्त’ कहलाता है। इस आकाशीय मार्ग (क्रांतिवृत्त) को १२ बराबर भागों में बॉंटा गया है, जिन्हें राशियां कहते हैं। पूरे वृत्त में ३६० अंश होते हैं, इसलिए प्रत्‍येक राशि ३० अंश की है। यह क्रांतिवृत्‍त २७ नक्षत्रों से गुजरता है और इस प्रकार एक राशि में सवा दो नक्षत्र हैं। ये सभी भारतीय गणनाऍं हैं।

अभी आकाशमंडल के शिरोबिंदु से दक्षिण-पश्चिम में मृगशिरा नक्षत्र (Orion)है, जो आकाश के सबसे मनोहर दृश्यों में से एक है। इसे देहात में ‘हिरना-हिरनी’ कहते हैं। इसमें तीन तारों का एक कटिबंध है और उत्‍तर की ओर है एक लाल तारा ‘आर्द्रा’, तथा दक्षिण में एक चमकदार नीला तारा। कटिबंध एवं पश्चिम के तारे मानो मृग का सिर है और लटकते तीन तारे खूँटा और रस्सी हैं, जिससे वह मृग बंधा है। यह रस्सी खूँटे की रेखा दक्षिण क्षितिज को दक्षिणी बिंदु पर काटती है। इसके पूर्व मिथुन राशि में दो चमकते तारे हैं—‘पुनर्वसु’ एवं ‘कस्तूरी’। उसके पूर्व कर्क राशि में ‘पुष्य’ और ‘अश्लेषा’ हैं तथा उसके भी पूर्व सिंह राशि में ‘मघा’ तारे का उदय हो चुका है। मृगशिरा नक्षत्र के पश्चिम में है रोहिणी नक्षत्र तथा उसी नाम का तारा। उसके पश्चिम दिख रही हैं कृत्तिकाऍं (Pleiades), छोटे-छोटे तारों से भरा एक छोटा सा लंबा-तिकोना पुंज, जिसे देहात में ‘कचबचिया’ कहते हैं। इन्‍हें छोड़ उत्‍तर की ओर दृष्टि डालें तो ध्रुव तारा है और उसके कुछ दूर पूर्व में उदित हुए सप्तर्षि, जिन्हें पहले ऋक्ष ( इसी से अंग्रेजी में Great Bear) कहते थे। इनका चौखटा ऊपर निकल आया है और तीन तारों के हत्थे का अंतिम तारा उदित होने जा रहा है। हत्थे के बीच का तारा ‘वसिष्ठ’ है। उसी के बिल्‍कुल समीप बहुत मद्धिम ‘अरूंधति’ है। चौखटे के ऊपरी दो तारे सीधे ध्रुव तारे की ओर इंगित करते हैं। ध्रुव तारे से नीचे क्षितिज की ओर सप्तर्षि के आकार की ही ऋक्षी (Little Bear) है, जिसके हत्थे का अंतिम तारा ध्रुव है। वैसे ही प्रभात में पॉंच बजे शीर्ष स्थान से कुछ पश्चिम दो ज्वलंत तारे ‘स्वाति’ एवं ‘चित्रा’ क्रमश: थोड़ा उत्तर व दक्षिण में दिखाई देंगे। शीर्ष स्थान के आसपास ‘विशाखा’ नक्षत्र के चार तारे मिलेंगे और पूर्व-दक्षिणी आकाश में वह बिच्छू की शक्ल, वृश्चिक राशि। इस बिच्छू के डंक का चमकीला तारा ‘मूल नीचे की ओर है पर आकाश में सबसे चमकदार तारा ‘ज्येष्ठा’ पास अपनी लाल छवि दिखा रहा है। उसके पश्चिम, जहाँ से बिच्छू के मुख के पंजे प्रारंभ होते हैं, है ‘अनुराधा’।

रात्रि को मृगशिरा के दक्षिण में जिसका आभास-सा दिखेगा, वह गरमी में और भी स्पष्ट, आकाशगंगा की ‘दूध धारा’ (the Milky Way) है। अगणित तारे इस आकाशीय दूध धारा के अंदर दिखते हैं। आकाश गंगा में फैले अगणित तारापुंज हमारी नीहारिका (Galaxy) बनाते हैं। कैसा है यह रंगमंच, जिसके अनंताकाश के धूल के एक कण के समान इस पृथ्वी के अंदर जीवन का उदय हुआ, जिसकी यह कहानी है।

यह नीहारिका [‘दूध धारा’ (the Milky Way)] अधिकांशत: आकाश या शून्यता है, जिसमें अचानक कहीं छोटे से जलते प्रकाश-कण के समान विशाल और लगभग अपरिमित दूरी के बाद तारे मिल जाते हैं। जिस प्रकाश की गति लगभग तीन लाख किलोमीटर प्रति सेकेंड है उसे भी निकटस्थ तारे से पृथ्वी तक आने में साढ़े चार वर्ष और दूर के तारों से तो लाखों वर्ष लगते हैं। कहते हैं कि हमारी नीहारिका एक-दूसरे से ढकी दो तश्तरियों के समान एक दीर्घवृत्तज (ellipsoid) है, जिसके किनारे आकाश गंगा के रूप में दिखते हैं। इसी से संस्कृत में इसे ‘ब्रम्हांड’ कहा गया। आज विज्ञान कहता है कि इन तारों का रहस्य मानव उसी प्रकार जान रहा है जैसे सागर तट पर बालू के कुछ लोकोक्ति कण उसके हाथ पड़ गए हों। इससे समझ सकते हैं कि भारतीय ब्रम्हांडिकी की देन कितनी बड़ी है।

उन [तारों] की दूरी का पता लगाना भी ‘लंबन सिद्धांत’ (parallax) पर आधारित है। रेलगाड़ी में हम यात्रा कर रहे हों तो खिड़की से दिखता है कि पास के पेड़, खंभे या मकान हमारे विरूद्ध दौड़ रहे हैं, और दूर की वस्तुऍं हमारी ही दिशा में। पृथ्वी भी वर्ष में दो बार—अर्थात२२ जून को, जब दिन सबसे बड़ा तथा रात्रि सबसे छोटी होती है और २२ दिसंबर को, जब दिन सबसे छोटा और रात्रि सबसे बड़ी होती है - अपने सूर्य के चारों ओर दीर्घवृत्त कक्षा के दो दूरस्थ बिंदुओं (पात: elliptical nodes)पर रहती है। इन दोनों बिंदुओं से तारों का लंबन नापकर उनकी दूरी की गणना की गई। भारतीय गणितज्ञ भी इस सिद्धांत से भलीभांति परिचित थे।

कुछ युग्म तारे (double stars) हैं। एक भीमकाय तारे के साथ एक वामन तारा एक-दूसरे का चक्कर काट रहे हैं। उभयनिष्ठ परिभ्रमण में जब भीमकाय सूर्य तारे और पृथ्वी के बीच यह काला एवं अंध वामन तारा आ जाता है तो प्रकाश कुछ धीमा पड़ जाता है। यह काला वामन भीमकाय सूर्य की तुलना में सदा बहुत छोटा, पर अत्यधिक सघन होता है। सप्तर्षि मंडल में उल्लिखित वसिष्ठ और अरूंधति (वसिष्ठ पृथ्वी के पास एवं अरूंधति बहुत दूर), दोनों ऐसे ही युग्म तारे हैं।

कहीं-कहीं अपारदर्शी भीमकाय काले गड्ढे आकाश में दिखाई पड़ते हैं। ये काले छिद्र (black holes) (या ‘कालछिद्र’ इन्हें कहें क्या ?) संभवतया ऐसे पदार्थ या तारे हैं जो प्रकाश-कण को भी आकर्षित करते हैं, अर्थात प्रकाश-कण (photons) उससे बाहर नहीं निकल सकते। कहते हैं कि इन तारों की एक चम्मच धूलि इतनी सघन है कि वह इस पृथ्वी के लाखों टन द्रव्यमान (mass) के बराबर है। इन ‘कालछिद्रों’ के अंदर कैसा पदार्थ है, हम नहीं जानते।किस भयंकर ऊर्जा-विस्फोट के दाब ने परमाणु की नाभि (nucleus)और विद्युत कणों (electrons) को इस प्रकार पीस डाला कि ऐसे अति विशाल घनत्व के पदार्थ का सृजन हुआ? वहॉं पर भौतिक नियम, जैसे हम जानते हैं, क्या उसी प्रकार क्रिया करते हैं ? और ‘काल’ की गति वहॉं क्या है, कौन जाने।

हम जानते हैं कि संसार में निरपेक्ष स्थिरता या गति नहीं है। सभी सापेक्ष र्है। आकाशीय पिंडों में कोई ऐसा नहीं जिसे हम स्थिर निर्देश बिंदु मान सकें। यह प़ृथ्‍वी अपने अक्ष पर घूम रही है, जिससे दिन-रात बनते हैं। यह सूर्य के चारों ओर अपनी कक्षा में घूमती है। इसका अक्ष भ्रमण कक्षा के समतल पर लंब (perpendicular) नहीं, पर लगभग २३.२७ अंश का कोण बनाता है। इससे ऋतुओं का सृजन होता है। यजुर्वेद (२००० संवत पूर्व) के अध्याय 3 की कंडिका छह में कहा गया है- ‘यह पृथ्वी अपनी कक्षा में सूर्य के चारों ओर अंतरिक्ष में घूमती है जिससे ऋतुऍं उत्पन्न होती हैं।‘ इसी प्रकार सभी ग्रह सूर्य के चारों ओर घूम रहे हैं। उनकी कक्षाओं में भी कोणीय गति है। इनके अक्ष भी कहीं-कहीं टेढ़े नाचते हुए लट्टू के अक्ष की भॉंति घूमते हैं।

सूर्य सौरमंडल सहित अपनी नीहारिका, आकाशगंगा में अनजाने पथ का पथिक है। यह नीहारिका भी घूम रही है अनजाने केंद्र के चारों ओर। संभवतया यह केंद्र ऋग्‍वैदिक ‘वरूण’ है। लगभग ८० करोड़ सूर्य इस नीहारिका में है। तारे, जो शताब्दियों के खगोलीय वेध के बाद ऊपरी तौर पर स्थिर दिखते हैं, अज्ञात पथ पर चल रहे हैं। इन हलचलों के गड़बड़झाले के बीच कौन कह सकता है, क्या गतिमान है और क्या स्थिर। सभी गति सापेक्ष हैं और सारा ब्रम्हाण्ड आंदोलित है।

गुरूत्वाकर्षण, जो पदार्थ मात्र का गुण है,सदा से वैज्ञानिकों के लिये एक पहेली रहा है। वैशेषिक दर्शन (२००० विक्रमी पूर्व) में इसका उल्लेख आया है। आज भी यह पहेली अनबूझी है और प्रकृति का यह नियम है, कहकर हमने छुट्टी पा ली है। पर हम जानते हैं कि चुंबकीय या विद्युतीय आकर्षण (attraction) और अपकर्षण (repulsion) दोनों होते हैं। गुरूत्‍वाकर्षण और त्वरित गति (acceleration) दोनों के प्रभाव समान हैं। अत: ऐसे ही क्या कहीं कोई विलोम-द्रव्‍य (anti-matter) है, जिसका प्रभाव अपकर्षण होगा? यह जादुई द्रव्य अभी मिला नहीं।

साधारणतया पृथ्वी पर हम आकाशीय समष्टि (space) की तीन विमाओं (dimensions) का जगत जानते हैं; पर सापेक्षिकता सिद्धांत इसमें एक नई दिशा, विमा जोड़ देता है ‘समय’ (time) की। इस दिक-काल (space-time) के चतुर्विमीय ताने-बाने में यह संसार बुना हुआ है। गतिमान जगत में कहीं पर भी समय निर्धारण करने पर ही हमें किसी ( आकाशीय) पिंड की सही स्थिति का ज्ञान हो सकता है। पर ‘काल’ विचित्र विमा है। समष्टि की तीन विमाओं में आगे-पीछे, ऊपर-नीचे, सभी ओर जा सकते हैं; पर ‘काल’ या ‘समय’ सदैव एक ओर प्रवाहित होता है। यह अटल है। बीता हुआ समय फिर कभी वापस नहीं आता। (चाहे जैसी कल्पनाऍं विज्ञान कहानियॉं कर लें।) उसकी यह कैसी अक्षय,अनंत गति है, कौन सा भयानक रहस्य इसमें बँधा है? इसने प्राचीन काल से दार्शनिकों को विमोहित किया है। आज तक इसकी गुत्थी पर जितना विचार हुआ, यह उतनी ही उलझती गयी। ‘काल’ के मूलभूत स्वरूप के बारे में उसकी प्रकृति एवं क्रियाओं पर सोचते हुये भारतीय चिन्तकों ने भौतिकी ( Physics) से पराभौतिकी (Metaphysics) में अतिक्रमण किया है। अंततोगत्वा यह कोरे सिद्धान्तवाद के कल्पना विलास में विलीन हो जाता है। पर इतिहास समय के साथ ग्रथित है।

सूर्य, जिसे हमने जीवन का दाता कहा, अनन्य ऊर्जा केन्द्र है। यह पीला तारा है, तारों के विकास-क्रम में प्रौढ़। यह पृथ्‍वी से लगभग १५ करोड़ किलो मीटर दूर एक आग का गोला है, जहां तप्त-दीप्त धातुओं के वाष्प बादल हिरण्यगर्भ में घुमड़ते रहते हैं। वहाँ से प्रकाश की किरण को पृथ्वी पर आने में लगभग 9 मिनट लगते हैं। सौरमंडल में सूर्य के प्रकाश से आलोकित दस ग्रह एवं अनेक ग्रहिकाऍं हैं, जो दीर्घवृत्त (ellipse) कक्षा में उसकी नाभि पर स्थित सूर्य की परिक्रमा कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त हैं अंतरिक्ष से प्रेत की भॉंति पूँछ फटकारते कभी-कभार आने वाले और आदि मानव को भय-विकंपित करने वाले धूमकेतु या पुच्छल तारे।

अंतरिक्ष कैसी विस्तृत शून्यता से व्याप्त है, यह एक नमूना खड़ा करने से समझ में आ सकता है। यदि पृथ्वी की कल्पना ढाई सेंटीमीटर व्यास की एक छोटी गेंद से करें तो सूर्य २८० सेंटीमीटर व्यास का एक गोला उस ढाई सेंटीमीटर की पृथ्वी से २९,४४३ सेंटीमीटर दूर होगा। इसी प्रकार दो मटर के दानों के समान ग्रह बुध (Mercury) एवं शुक्र (Venus) ११,३४० तथा २१,२१४ सेंटीमीटर दूर होंगे। पृथ्वी की कक्षा के बाहर लाल ग्रह मंगल (Mars), नील ग्रह बृहस्पति (Jupiter), वलयित शनि (Saturn), उरण ( Uranus), वरूण ( Neptune), हर्षल ( Herschell) तथा यम (Pluto) उससे क्रमश: ४४६, १,५८८, २,८०४, ५,६४१, ८,८३९, १०,००० (?) तथा १२,४६२ मीटर दूरी पर होंगे। चंद्रमा उपग्रह पृथ्वी से ३६ सेंटीमीटर की दूरी पर मटर के एक छोटे दाने के समान रहेगा। और कुछ अन्य ग्रहिकाएँ, जो लाल ग्रह मंगल एवं नीलग्रह बृहस्पति के बीच सूर्य का चक्कर लगाती हैं, केवल धूलि कणों के समान दिखेंगी। निकटस्थ तारा तो इस पैमाने पर ६४,४०० किलोमीटर दूर होगा और बहुतांश तारे इस छोटे नमूने में करोडों किलोमीटर दूर होंगे। बीच में और चारों ओर मुँह बाए मानो समष्टि की अगाध शून्यता खड़ी है—निष्प्राण, निर्जीव, ठंडी, केवल रिक्तता। कैसा आश्चर्य है कि इस रिक्तता, अर्थात शून्य आकाश और अंतरिक्ष का भाव सुदूर अतीत में भारतीय चिंतकों के मन में आया।

यह संसार, चराचर सृष्टि कैसे आई, यह गुत्थी आज भी रहस्य की अभेद्य चादर ओढ़े खड़ी है। भारतीय दर्शन का कहना है कि जब संसार में एक ही तत्व था तब वह जाना ही नहीं जा सकता था। ऐसी दशा में न जाननेवाला कोई था, न जो जानी जाय वह वस्तु थी। ब्रम्हांडिकी का आदि सूत्र नासदीय सूक्त है - ‘नासदासीन्नो सदासीत्तदानीम‘। तब कोई अस्तित्व (existence) न था, इसलिये अनस्तित्व (non-existence) भी न था।‘ उस साम्यावस्‍था में आदि पदार्थ (primordial matter) में असंतुलन (imbalance) उत्पन्न होने के कारण भिन्न-भिन्न पदार्थ या पिंड निर्मित हुये। इसी से सृष्टि उत्पन्न हुई (‘सदेव सौम्‍य ! इदमग्रमासीत’)। जब विमोचन होता है तो सृष्टि होती है और जब संकोचन होता है, सब कुछ किसी नैसर्गिक प्रचंड शक्ति के दबाव से सूक्ष्म बनाता है तो प्रलय। आज कुछ वैज्ञानिक विश्वास करते हैं कि ब्रम्हांड किसी मध्यमान के दोनों ओर स्पंदित है और इस समय विस्तार की अवस्था में है। जड़ जगत के निर्माण की यह परिकल्पना ( hypothesis) आज भी अपने ढंग की अनूठी है।

:२:
समय के पैमाने में ब्रम्हाण्ड कब प्रारम्भ हुआ ? समय का स्वाभाविक नपना एक अहोरात्र (दिन-रात) है। इसी का सूक्ष्म रूप ‘होरा’ है, जिससे अंग्रेजी इकाई ‘आवर’ (hour) बनी। पृथ्वी सूर्य के चारों ओर एक वर्ष घूमती है, जिसमें ऋतुओं का एक क्रम पूर्ण होता है। इसे ज्योतिष में ‘सायन वर्ष’ कहते हैं। यह ३६५.२५६ अहोरात्र के बराबर है। चंद्रमा, जिसका एक ओर का चेहरा ही सदा पृथ्वी से दिखता है, एक चंद्रमास में (जो २७ अहोरात्र ७ घंटा ४३ मिनट ८ सेकेंड का होता है) पृथ्वी का एक चक्कर लगाता है। हमारे पंचांग में चंद्रमास से गणना एवं सौर गणना की असंगति को मिटाने के लिए ढाई वर्ष के अनंतर एक चंद्रमास बढ़ा देने की परंपरा है, जिसे अधिमास (अर्थात अधिक मास) कहते हैं। प्राचीन काल से समय की गणना भारत स्थित उज्जैन के समय ( देशांतर ८२०.३०) से होती थी, जो ग्रीनविच (Greenwich) समय से ५.३० घंटे पहले है। यह पुरातन काल में अंतरराष्ट्रीय काल-गणना की पद्धति थी।

भारतीय ज्योतिष (astronomy) के ‘सूर्य- सिद्धान्त’ के अनुसार एक महायुगीन इकाई ‘मन्वंतर’ है। कृतयुग (सतयुग), त्रेता, द्वापर एवं कलियुग को मिलाकर एक चतुर्युगी हुई। कलियुग के ४,३२,००० वर्ष होते हैं, द्वापर उसका दुगुना, त्रेता उसका तिगुना और कृतयुग उसका चौगुना है। अर्थात एक चतुर्युगी कलियुग की दस गुनी हुई। इस प्रकार ७१ चतुर्युग एक ‘मन्वंतर’ बनाते हैं। प्रत्येग मन्वंतर के बाद कृतयुग के बराबर (१७,२८,००० वर्ष) की संध्या अथवा संधिकाल है। इस प्रकार 14 मन्वंतर और उनके संधिकाल की १५ संध्या ( जो स्वयं मिलकर ६ चतुर्युगों के बराबर है), अर्थात १००० चतुर्युगों के बराबर एक ‘कल्प’ (४.३२x१०^९ वर्ष) है। यह ब्रम्हा का एक दिवस है। 2 कल्प मिलकर ब्रम्हा का ‘अहोरात्र’ और ऐसे ३६० ब्रम्ह अहोरात्र मिलकर ब्रम्हा का एक वर्ष कहाते हैं। यह समय-गणना हमें कल्पना के एक ऐसे छोर पर पहुँचा रही है जहॉं मस्तिष्क चक्कर खाने लगे। काल के जिस प्रथम क्षण से हमारे यहॉं गणना आरंभ हुई, उससे इस समय ब्रम्हा के ५१ वें वर्ष का प्रथम दिवस अर्थात कल्प है। इस कल्प के भी ६ मन्वंतर अपनी संध्या सहित बीत चुके हैं। यह सातवाँ (वैवस्वत) मन्वंतर चल रहा है। इसके २७ चतुर्युग बीत चुके हैं, अब २८वें चतुर्युग के कलियुग का प्रारंभ है। यह विक्रमी संवत कलियुग के ३०४४ वर्ष बीतने पर प्रारंभ हुआ। जब हम किसी धार्मिक कृत्य के प्रारंभ में ‘संकल्प’ करते हैं तो कहते हैं—‘ब्रम्हा के द्वितीय परार्द्ध में, श्वेत वारह कल्प में, ७वें ( वैवस्वत) मन्‍वंतर की २८वीं चतुर्युगी के कलियुग में, इस विक्रमी संवत की इस चंद्रमास की इस तिथि को, मैं संकल्प करता हूँ—‘ इतने विशाल ‘काल’ इकाई की आवश्यकता सृष्टि एवं सौरमंडल के काल-निर्धारण के लिए हुई।

खगोलीय वेध से ग्रहों की गति जानने के बाद हमारे पूर्वजों ने सोचा होगा, वह कौन सा वर्ष होगा जिसके प्रारंभ के क्षण सभी ग्रह एक पंक्ति में रहे होंगे। यह विज्ञान की उस कल्पना के अनुरूप है जो सौरमंडल का जन्म किसी अज्ञात आकाशीय भीमकाय पिंड के सूर्य के पास से गुजरने को मानते हैं, जिससे उसका कुछ भाग गुरूत्वाकर्षण से खिंचकर तथा ठंडा होकर सूर्य के चक्कर लगाते भिन्न-भिन्न ग्रहों के रूप में सिकुड़ गया। तभी से काल-गणना का प्रारंभ मान लिया। इस प्रकार यह कल्प अर्थात ब्रम्हांड विक्रमी संवत के १.२१५३१०४१x१०^८ वर्ष पहले प्रारंभ हुआ। अपने यहॉं इसे प्रलय के बाद नवीन सृष्टि का प्रारंभ मानते हैं। इस समय ब्रम्हा की रात्रि समाप्त हुई, संकोचन समाप्त हुआ और विमोचन से सृष्टि फिर जागी। सुदूर अतीत में की गई भारतीय ज्योतिष की इस काल-गणना को आधुनिक खोजों ने सर्वोत्तम सन्निकट अनुमान बताया है।

सौरमंडल कैसे बना, इसके बारे में वैज्ञानिकों के दो मत हैं। पहले सौरमंडल की उष्ण उत्पत्ति की परिकल्पना थी। सूर्य के प्रचंड तरपमान पर, जहॉं सारी धातुऍं तापदीप्त वाष्प अवस्था में हैं, यह चक्कर खाता सूर्य गोला जब किसी विशाल आकाशीय पिंड के पास से गुजरा तो उसके प्रबल गुरूत्वाकर्षण से इसका एक भाग टूटकर अलग हो गया। परंतु फिर भी सूर्य के गुरूत्वाकर्षण से बँध रहकर यह सूर्य की परिक्रमा करने लगा। कालांतर में ठंडा होकर उसके टुकड़े हो गए और वे ठोस होकर ग्रह बने। इसी से सूर्य के सबसे पास और सबसे दूर के ग्रह सबसे छोटे हैं तथा बीच का ग्रह बृहस्पति सबसे बड़ा है। संभवतया एक ग्रह मंगल एवं बृहस्पति के बीच में था, जो किसी कारण से चकनाचूर हो गया और उसके भग्नावशेष छोटी-छोटी ग्रहिकाओं के रूप में दिखते हैं। पृथ्वी, जो कुछ वैज्ञानिक मानते हैं कि नाशपाती की तरह थी, के सिर का टुकड़ा टूटकर पृथ्वी की परिक्रमा करने लगा। इसी से प्रशांत महासागर का गड्ढा और चंद्रमा उपग्रह बना। अमृत मंथन की पौराणिक गाथा है कि सागर से चंद्रमा का जन्म हुआ। धीरे-धीरे ऊपरी पपड़ी जम गई, पर भूगर्भ की अग्नि कभी-कभी ज्वालामुखी के रूप में फूट पड़ती है। वर्तमान में सौरमंडल की शीत उत्पकत्त की एक नई कल्पना प्रस्‍तुत हुई है। पर साधारणतया आज वैज्ञानिक एक विस्फोट (big bang) में सौरमंडल की उत्पत्ति मानते हैं, जब पृथ्वी व अन्य ग्रह अलग हो गए।


आजकल बिग बैंग सौरमंडल की उत्पत्ति मानी जाती है। उसी समय पृथ्वी व अन्य ग्रह अलग हो गए। उस समय वनस्पतिविहीन पृथ्वी में तूफान नाशलीला करते होंगे। पृथ्वी के घूर्णन (revolution) में अपकेंद्री बल (centrifugal force) के कारण तप्त वाष्प के रूप में भाप आदि ऊपर आ गए या ठंडे हो रहे धरातल से उष्णोत्स (geyser) के रूप में फूट निकले। जल क्रिया से परतदार तलछटी शैल ( sedimentary rocks) का कालांतर में निर्माण हुआ। ज्वालामुखी ने अग्नि तथा लावा बरसाया। भूकंप और अन्य भीम दबाव ने बड़े-बड़े भूखंडों को खिलौने की तरह तोड़ डाला, इनसे पहाड़ों का निर्माण हुआ। ये तलछटी शैल पुन: अग्नि में पिघलकर बालुकाश्म (sandstone) या आग्नेय शैल (igneous rocks ) बने। इस तरह अनेक प्रकार की पर्वतमालाओं का जन्म हुआ। यह प्रक्रिया वाराह अवतार के रूप में वर्णित है।

पृथ्वी पर फैली आज की पर्वत-श्रृंखला को देखें, अथवा उसके किसी प्राकृतिक मानचित्र को लें। इसमें हरे रंग से निचले मैदान तथा भूरे,स्लेटी, बैंगनी और सफेद रंग से क्रमश: ऊँचे होते पर्वत अंकित हैं। यह पर्वत-श्रेणी मानो यूरोप के उत्तर नार्वे ( स्कैंडिनेविया : स्कंद देश) में फन काढ़े खड़ी है। फिर फिनलैंड से होकर पोलैंड, दक्षिण जर्मनी होते हुए स्विस आल्पस ( Swiss Alps) पर्वत पर पूर्व की ओर घूम जाती है। यहॉं से यूगोस्लाविया, अनातोलिया (एशियाई तुर्की), ईरान (आर्यान) होकर हिंदुकुश पर्वत, फिर गिरिराज हिमालय, आगे अल्टाई और थियनशान के रूप में एशिया के सुदूर उत्तर-पूर्व कोने से अलास्का में जा पहुँचती है। वहॉं से यह पर्वत-श्रेणी राकीज पर्वतमाला बनकर उत्तरी अमेरिका और एंडीज पर्वत-श्रृंखला बनकर दक्षिणी अमेरिका पार करती है। अंत में इस सर्पिल श्रेणी की टेढ़ी पूँछ नई दुनिया के दक्षिणी छोर पर समाप्त होती है। पुरानी दुनिया के उत्तर नार्वे से नई दुनिया के दक्षिणी छोर तक इस संपूर्ण नगराज को लें। इसने सर्प की भॉंति इस सारी दुनिया को आवेष्टित कर रखा है। हिमयुग के बाद पिघलती बर्फ के जल से प्लावित संसार में उभरा हुआ कुछ शेष रहा तो यह नगराज। मानो इसके द्वारा धरती की धारणा हुई। यही पुरानी भारतीय कल्पनाओं का शेषनाग है।

यह हमारी पृथ्वी ४०,००० किलोमीटर परिधि का गोला है। इसका ज्ञान ऊपरी पपड़ी तक सीमित है। इसे चारों ओर से अवगुंठित करता वायुमंडल ऊपर क्षीण होता जाता है और चिडियाँ कठिनाई से छह किलोमीटर ऊँचाई तक उड़ सकती हैं तथा वायुयान दस किलोमीटर तक। उष्णकटिबंध में भी सात किलोमीटर के ऊपर हिम से ढके पर्वतों पर कोई जीवन नहीं है। सागर में मछलियॉं या वनस्पति लगभग पॉंच-किलोमीटर गहराई तक ही मिलती हैं। इसी धरातल में जीवन का विकास हुआ।

:३:
कितने वर्ष पृथ्वी को निष्फल, अनुर्वर भटकना पड़ा, जब जीवन का प्रथम प्रस्फुटन हुआ? संभवतया एक प्रकार का अध: जीवन (sub-life) तीन अरब (३x१०^९) वर्ष पहले, सद्य: निर्मित ज्वालामुखी के लावा और तूफानों द्वारा ढोए कणों पर ज्वार-भाटा द्वारा निर्मित कीचड़ के किनारे, पोखरों तथा समुद्र-तटो के उष्ण छिछले जल में उत्पन्न हुआ, जहॉं सूर्य की रश्मियॉं कार्बनिक द्विओषिद (carbon-di-oxide) और भाप से बोझिल वातावरण से छनकर अठखेलियॉं करती थीं। इस पृथ्वी पर जीवन की उत्पत्ति चमत्कारिक घटना थी क्या? जीवन के प्रति जिज्ञासा ने मानव को अनादि काल से चकित किया है।

यूनान के दार्शनिक काल में अरस्तु (Aristotle) ने स्वत: जीवन उत्पत्ति का सिद्धांत रखा। उसका कहना था कि जैसे गोबर में अपने आप कीड़े पैदा होते हैं वैसे ही अकस्मात जड़ता में जीवन संश्लेषित हो जाता है। यह विचार इतना व्याप्त हुआ कि यूरोप के २,५०० वर्षों के इतिहास में इसी का बोलबाला रहा। यूरोप में लोगों ने चूहे बनाने का फॉर्मूला तक लिखकर रखा। रक्त, बलि आदि तांत्रिक कर्मकांड के विभिन्न नुस्खे बने। पर सूक्ष्मदर्शी ( microscope) का आविष्कार होने पर देखा गया कि एक बूँद पानी में हजारों सूक्ष्म जंतु हैं। लुई पाश्चर ने पदार्थ को कीटाणुविहीन करने की प्रक्रिया (sterilization) निकाली। उस समय फ्रांसीसी विज्ञान परिषद (L’ Academie Francaise) ने यह सिद्ध करने के लिए कि जड़ वस्तु से स्वत: ही जीवन उत्पन्न हो सकता है या नहीं, एक इनाम की घोषणा की। लुई पाश्चर ने यह सिद्ध करके कि जीव की उत्पत्ति जीव से ही हो सकती है, यह पुरुस्कार जीता। आखिर जो कीड़े गोबर के अन्दर पैदा होते हैं वे उस गोबर के अंदर पड़े अंडों से ही उत्पन्न होते हैं।

पर इससे पहले-पहल जीवन कैसे उत्पन्न हुआ, यह प्रश्न हल नहीं होता। ऐसे वैज्ञानिक अभी भी हैं जो यह विश्वास करते हैं कि पृथ्वी पर जीवन उल्का पिंड (meteors) द्वारा आया।

बाइबिल (Bible) में लिखा है—‘ईश्वर की इच्छा से पृथ्वी ने घास तथा पौधे और फसल देनेवाले वृक्ष, जो अपनी किस्म के बीज अपने अंदर सँजोए थे, उपजाए; फिर उसने मछलियॉं बनाई और हर जीव, जो गतिमान है, और पंखदार चिडियॉं तथा रेंगनेवाले जानवर और पशु। और फिर अपनी ही भॉंति मानव का निर्माण किया और जोड़े बनाए। फिर सातवें दिन उसने विश्राम किया।‘ यही सातवॉं दिन ईसाइयों का विश्राम दिवस (Sabbath) बना। इसी प्रकार की कथा कुरान में भी है। पर साम्यवाद (communism) के रूप में निरीश्वरवादी पंथ आया। इन्होंने ( ओपेरिन, हाल्डेन आदि ने) यह सिद्ध करने का प्रयत्न किया कि जीवन रासायनिक आक्षविक प्रक्रिया (chemical atomic process)से उत्पन होकर धीरे धीरे विकसित हुआ। इसे सिध्द करने के लिए कि ईश्वर नहीं है, उन्होने प्रयोगशाला में जीव बनाने का प्रयत्न किया। कहना चाहा, ‘कहाँ है तुम्हारी काल्पनिक आत्मा और कहाँ गया तुम्‍हारा सृष्टिकर्ता परमात्मा ?’ साम्यवादियों का यह अभिमान कि ईश्वर पर विश्वास के टुकड़े प्रयोगों द्वारा कर सकेंगे, उनकी खोज को कहॉं पहुँचा देगा, उनको पता न था। उन्होंने ईश्वर संबंधी विश्वासों का मजाक उड़ाया और यही उनके शोधकार्य की प्रेरणा बनी।

जीवों के शरीर बहुत छोटी-छोटी काशिकाओं से बने हैं। सरलतम एक-कोशिकाई (unicellular) जीव को लें। कोशिका की रासायनिक संरचना हम जानते हैं। कोशिकाऍं प्रोटीन (protein) से बनी हैं और उनके अंदर नाभिक में नाभिकीय अम्ल (nuclear acid) है। ये प्रोटीन केवल २० प्रकार के एमिनो अम्‍ल (amino acids) की श्रृंखला-क्रमबद्धता से बनते हैं और इस प्रकार २० एमिनो अम्ल से तरह-तरह के प्रोटीन संयोजित होते हैं। अमेरिकी और रूसी वैज्ञानिकां ने प्रयोग से सिद्ध किया कि मीथेन (methane), अमोनिया (ammonia) और ऑक्सीजन (oxygen) को कॉंच के खोखले लट्टू के अंदर बंद कर विद्युत चिनगारी द्वारा एमिनो अम्ल का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहना प्रारंभ किया कि अत्यंत प्राचीन काल में जीवविहीन पृथ्वी पर मीथेन, अमोनिया तथा ऑक्सीजन से भरे वातावरण में बादलों के बीच बिजली की गड़गड़ाहट से एमिनो अम्ल बने, जिनसे प्रोटीन योजित हुए।

अपने प्राचीन ग्रंथों में सूर्य को जीवन का दाता कहा गया है। इसीसे प्रेरित होकर भारत में ( जो जीवोत्पत्ति के शोधकार्य में सबसे आगे था) प्रयोग हुए कि जब पानी पर सूर्य का प्रकाश फॉरमैल्डिहाइड (formaldehyde) की उपस्थिति में पड़ता है तो एमिनो अम्ल बनते हैं। इसमें फॉरमैल्डिहाइड उत्प्रेरक (catalyst) का कार्य करती है। इसके लिए किसी विशेष प्रकार के वायुमंडल में विद्युतीय प्रक्षेपण की आवश्यकता नहीं।

अब कोशिका का नाभिकीय अम्ल ? इमली के बीज से इमली का ही पेड़ उत्पन्न होगा, पशु का बच्चा वैसा ही पशु बनेगा, यह नाभिकीय अम्ल की माया है। यही नाभिकीय अम्ल जीन (gene) के नाभिक को बनाता है, जिससे शरीर एवं मस्तिष्क की रचना तथा वंशानुक्रम में प्राप्त होनेवाले गुण—सभी पुरानी पीढ़ी से नई पीढ़ी को प्राप्त होते हैं। जब प्रजनन के क्रम में एक कोशिका दो कोशिका में विभक्त होती है तो दोनो कोशिकायें जनक कोशिका की भाँति होंगी, यह नाभिकीय अम्ल के कारण है। पाँच प्रकार के नाभिकीय अम्ल को लेकर सीढ़ी की तरह अणु संरचना से जितने प्रकार के नाभिकीय अम्ल चाहें, बना सकते हैं। नाभिकीय अम्ल में अंतर्निहित गुण है कि वह उचित परिस्थिति में अपने को विभक्त कर दो समान गुणधर्मी स्वतंत्र अस्तित्व धारणा करता है। दूसरे यह कि किस प्रकार का प्रोटीन बने, यह भी नाभिकीय अम्ल निर्धारित करता है। एक से उसी प्रकार के अनेक जीव बनने के जादू का रहस्य इसी में है।

क्या किसी दूरस्थ ग्रह के देवताओं ने, प्रबुद्ध जीवो ने ये पाँच नाभिकीय अम्ल के मूल यौगिक (compound) इस पृथ्वी पर बो दिए थे?

एक कोशिका में लगभग नौ अरब (९x१०^९) परमाणु (atom) होते हैं। कैसे संभव हुआ कि इतने परमाणुओं ने एक साथ आकर एक जीवित कोशिका का निर्माण किया। विभिन्न अवस्थाओं में भिन्न-भिन्न प्रकार के प्रोटीन या नाभिकीय अम्ल बनने के पश्चात भी यह प्रश्न शेष रहता है कि इन्होंने किस परिस्थिति में संयुक्त होकर जीवन संभव किया।

भारत में डॉ. कृष्ण बहादुर ने प्रकाश-रासायनिक प्रक्रिया (photo-chemical process) द्वारा जीवाणु बनाए। फॉरमैल्डिहाइड की उत्प्रेरक उपस्थिति में सूर्य की किरणों से प्रोटीन तथा नाभिकीय अम्ल एक कोशिकीय जीवाणु मे संयोजित हुए। ये जीवाणु अपने लिए पोषक आहार अंदर लेकर, उसे पचाकर और कोशिका का भाग बनाकर बढ़ते हैं। जीव विज्ञान (biology) में इस प्रकार स्ववर्धन की क्रिया को हम उपापचय (metabolism) कहते हैं। ये जीवाणु अंदर से बढ़ते हैं, रसायनशाला में घोल के अंदर टँगे हुए सुंदर कांतिमय रवा (crystal) की भॉंति बाहर से नहीं। जीवाणु बढ़कर एक से दो भी हो जाते हैं,अर्थात प्रजनन (reproduction) भी होता है। और ऐसे जीवाणु केवल कार्बन के ही नहीं, ताँबा, सिलिकन (silicon) आदि से भी निर्मित किए, जिनमें जीवन के उपर्युक्त गुण थे।

कहते हैं कि जीव के अंदर एक चेतना होती है। वह चैतन्य क्या है? यदि अँगुली में सुई चुभी तो अँगुली तुरंत पीछे खिंचती है, बाह्य उद्दीपन के समक्ष झुकती है। मान लो कि एक संतुलित तंत्र है। उसमें एक बाहरी बाधा आई तो एक इच्छा, एक चाह उत्पन्न हुई कि बाधा दूर हो। निराकरण करने के लिए किसी सीमा तक उस संतुलित तंत्र में परिवर्तन (बदल) भी होता है। यदि यही चैतन्य है तो यह मनुष्य एवं जंतुओं में है ही। कुछ कहेंगे, वनस्पतियों, पेड़-पौधों में भी है। पर एक परमाणु की सोचें—उसमें हैं नाभिक के चारों ओर घूमते विद्युत कण। पास के किसी शक्ति-क्षेत्र (fore-field) की छाया के रूप में कोई बाह्य बाधा आने पर यह अणु अपने अंदर कुछ परिवर्तन लाता है और आंशिक रूप में ही क्यों न हो, कभी-कभी उसे निराकृत कर लेता है। बाहरी दबाव को किसी सीमा तक निष्प्रभ करने की इच्छा एवं क्षमता—आखिर यही तो चैतन्य है। यह चैतन्य सर्वव्यापी है। महर्षि अरविंद के शब्दों में, ‘चराचर के जीव ( वनस्पति और जंतु) और जड़, सभी में निहित यही सर्वव्यापी चैतन्य ( cosmic consciousness) है।‘

पर जीवन जड़ता से भिन्न है, आज यह अंतर स्पष्ट दिखता है। सभी जीव उपापचय द्वारा अर्थात बाहर से योग्य आहार लेकर पचाते हुए शरीर का भाग बनाकर, स्ववर्धन करते तथा ऊर्जा प्राप्त करते हैं। जड़ वस्तुओं में इस प्रकार अंदर से बढ़ने की प्रक्रिया नहीं दिखती। फिर मोटे तौर पर सभी जीव अपनी तरह के अन्य जीव पैदा करते हैं। निरा एक- कोशिक सूक्ष्मदर्शीय जीव भी; जैसे अमीबा (amoeba) बढ़ने के बाद दो या अनेक अपने ही तरह के एक-कोशिक जीवों में बँट जाता है। कभी-कभी अनेक अवस्थाओं से गुजरकर जीव प्रौढ़ता को प्राप्त होते हैं, और तभी प्रजनन से पुन: क्रम चलता है। किसी-न-किसी रूप में प्रजनन जीवन की वृत्ति है, मानो जीव-सृष्टि इसी के लिए हो। पर ये दोनों गुण‍ जीवाणु में भी हैं। यदि यही वृत्तिमूलक परिभाषा (functional definition) जीवन की लें तो जीवाणु उसकी प्राथमिक कड़ी है।

कोशिका में ये वृत्तियॉं क्यों उत्पन्न हुई ? इसका उत्तर दर्शन, भौतिकी तथा रसायन के उस संधि-स्थल पर है जहां जीव विज्ञान प्रारंभ होता है। यहां सभी विज्ञान धुँधले होकर एक-दूसरे में मिलते हैं, मानों सब एकाकार हों। इसके लिये दो बुनियादी भारतीय अभिधारणाएँ हैं—(1) यह पदार्थ (matter) मात्र का गुण है कि उसकी टिकाऊ इकाई में अपनी पुनरावृत्ति करनेकी प्रवृत्ति है। पुरूष सूक्त ने पुनरावृत्ति को सृष्टि का नियम कहा है। (2) हर जीवित तंत्र में एक अनुकूलनशीलता है; जो बाधाऍं आती हैं उनका आंशिक रूप में निराकरण, अपने को परिस्थिति के अनुकूल बनाकर, वह कर सकता है। इन गुणों का एक दूरगामी परिणाम जीव की विकास-यात्रा है। चैतन्य सर्वव्यापी है और जीव तथा जड़ सबमें विद्यमान है,यह विशुद्ध भारतीय दर्शन साम्यवादियों को अखरता था। उपर्युक्त दोनों भारतय अभिधारणाओं ने, जो जीवाणु का व्यवहार एवं जीव की विकास-यात्रा का कारण बताती हैं, उन्हें झकझोर डाला।

यह विश्वास अनेक सभ्यताओं में रहा है कि ईश्वर ने सृष्टि की रचना की। भारतीय दर्शन में ईश्वर की अनेक कल्पनाऍं हैं। ऐसा समझना कि वे सारी कल्पनाऍं सृष्टिकर्ता ईश्वर की हैं, ठीक न होगा। ईश्वर के विश्वास के साथ जिसे अनीश्वरवादी दर्शन कह सकते हैं, यहॉं पनपता रहा। कणाद ऋषि ने कहा कि यह सारी सृष्टि परमाणु से बनी है।

सांख्य दर्शन को भी एक दृष्टि से अनीश्वरवादी दर्शन कह सकते हैं। सांख्य की मान्यता है कि पुरूष एवं प्रकृति दो अलग तत्व हैं और दोनों के संयोग से सृष्टि उत्पन्न हुई। पुरूष निष्क्रिय है और प्रकृति चंचल; वह माया है और हाव-भाव बदलती रहती है। पर बिना पुरूष के यह संसार, यह चराचर सृष्टि नहीं हो सकती। उपमा दी गई कि पुरूष सूर्य है तो प्रकृति चंद्रमा, अर्थात उसी के तेज से प्रकाशवान। मेरे एक मित्र इस अंतर को बताने के लिए एक रूपक सुनाते थे। उन्होंने कहा कि उनके बचपन में बिजली न थी और गैस लैंप, जिसके प्रकाश में सभा हो सके, अनिवार्य था। पर गैस लैंप निष्क्रिय था । न वह ताली बजाता था, न वाह-वाह करता था, न कार्यवाही में भाग लेता था, न प्रेरणा दे सकता था और न परामर्श। पर यदि सभा में मार-पीट भी करनी हो तो गैस लैंप की आवश्यकता थी, कहीं अपने समर्थक ही अँधेरे में न पिट जाऍं। यह गैस लैंप या प्रकाश सांख्य दर्शन का ‘पुरूष’ है। वह निष्क्रिय है,कुछ करता नहीं। पर उसके बिना सभा भी तो नहीं हो सकती थी।

इसी प्रकार प्रसिद्ध नौ उपनिषदों में पॉंच उपनिषदों को, जिस अर्थ में बाइबिल ने सृष्टिकर्ता ईश्वर की महिमा कही, उस अर्थ में अनीश्वरवादी कह सकते हैं। जो ग्रंथ ईश्वर को सृष्टिकर्ता के रूप में मानते हैं उनमें एक प्रसिद्ध वाक्य आता है, ‘एकोअहं बहुस्यामि’। ईश्वर के मन में इच्छा उत्पन्न हुई कि मैं एक हूँ, अनेक बनूँ, और इसलिए अपनी ही अनेक अनुकृतियॉं बनाई—ऐसा अर्थ उसमें लगाते हैं। पर एक से अनेक बनने का तो जीव का गुण है। यही नहीं, यह तो पदार्थ मात्र की भी स्वाभाविक प्रवृत्ति है।

भारतीय दर्शन के अनुसार यह सृष्टि किसी की रचना नहीं है, जैसा कि ईसाई या मुसलिम विश्वास है। यदि ईश्वर ने यह ब्रम्हाण्ड रचा तो ईश्वर था ही, अर्थात कुछ सृष्टि थी। इसलिए ईश्वर स्वयं ही भौतिक तत्व अथवा पदार्थ था, ऐसा कहना पड़ेगा। ( उसे किसने बनाया?) इसी से कहा कि यह अखिल ब्रम्हांड केवल उसकी अभिव्यक्ति अथवा प्रकटीकरण (manifestation) है, रचना अथवा निर्मित (creation) नहीं। उसी प्रकार जैसे आभूषण स्वर्ण का आकार विशेष में प्रकटीकरण मात्र है। इसी रूप में भारतीय दर्शन ने सृष्टि को देखा।

धार्मिक प्रवृत्ति के लोगों को यह विचार कि जीवन इस पृथ्वी पर स्वाभाविक और अनिवार्य रासायनिक- भौतिक प्रक्रिया द्वारा बिना किसी चमत्कारी शक्ति के उत्पन्न हुआ, इसलिए प्रतिकूल पड़ता है कि वे जीव का संबंध आत्मा से जोड़ते हैं। उनका विश्वास है कि बिना आत्मा के जीवन संभव नहीं और इसलिए कोई परमात्मा है जिसमें अंततोगत्वा सब आत्माऍं विलीन हो जाती हैं। पर जड़ प्रकृति का स्वाभाविक सौंदर्य, वह स्फटिक (crystal), वह हिमालय की बर्फानी चोटियों पर स्वर्ण-किरीट रखता सूर्य, वह उष:काल की लालिमा या कन्याकुमारी का तीन महासागरों के संधि-स्थल का सूर्यास्त, अथवा झील के तरंगित जल पर खेलती प्रकाश-रश्मियॉं- ये सब कीड़े-मकोडों से या कैंसर की फफूँद से या अमरबेल या किसी क्षुद्र जानवर से निम्न स्तर की हैं क्या? पेड़-पौधे और उनमें उगे कुकुरमुत्ते में आत्मा है क्या ? एक बात जो मुसलमान या ईसाई नहीं मानते। सृष्टि में इस प्रकार के जीवित तथा जड़ वस्तुओं में भेदभाव भला क्यों ?

शायद हम सोचें, सभी जीवधारियों का अंत होता है। ‘केहि जग काल न खाय।‘ वनस्पति और जंतु सभी मृत्यु को प्राप्त होते हैं और उनका शरीर नष्ट हो जाता है। परंतु यदि एक-कोशिक जीव बड़ा होकर अपने ही प्रकार के दो या अधिक जीवों में बँट जाता है तो इस घटना को पहले जीव की मृत्यु कहेंगे क्या ? वैसे तो संतति भी माता-पिता के जीवन का विस्तार ही है, उनका जीवनांश एक नए शरीर में प्रवेश करता है।

जीवन और मृत्यु का रहस्य अपने प्राचीन चिंतन का बहुत बड़ा भाग रहा है। यह चिंतन आत्मा रूपी केंद्र से प्रारंभ होकर संपूर्ण जीव और जड़ सृष्टि तथा उनके नियमों को व्याप्त करता था। इस दर्शन में कालांतरजनित विकृति, क्षेपक, अंधविश्वास और मत-मतांतरों के तोड़-मरोड़ जुड़ गए। पर आज भी उसकी नैसर्गिक हृदयग्राही अपील देश तथा युगों के परे सनातन है। इसलिए यह हिंदु संस्कृति आध्यात्मिक कहलाई।

इसी से संबंधित पुनर्जन्म का विश्वास है। मेरे एक मामाजी का पुत्र तीन-चार वर्ष की अवस्था में युद्ध के आधुनिकतम शास्त्रास्त्रों की, जिन्हें कम आयु में समझना संभव न था, चर्चा करने लगा। उसने बताया कि कैसे लद्दाख के मोरचे पर खंदक में एकाएक प्रबल प्रकाश कौंध गया। उसी समय एक चीनी बम गिरने से वह आहत हो गया और अंत में सैनिक अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई; कि वह डोगरा है और उसके पत्नी और बच्चे हैं। इस तरह की अनेक घटनाऍं सुनने में आती हैं, जहॉं जीवन-मरण के उस पार से अचेतन मन को स्पर्श करता हुआ एक इंद्रियातीत स्मृति का झोंका आ रहा हो परा-मनोविज्ञान ( para psychology) के रहस्यों के इन किनारों की ओर,जिन्हें पहले कपोल कल्पना कहकर टाल देते थे, अब वैज्ञानिकों का ध्यान आकर्षित हो रहा है। फिर भी जिस ‘आत्मा’ की खोज में ऋषि-मुनियों ने इतनी पीढियॉं लगाई, उसका ज्ञान आज विलक्षण अनुभूमि के अतिरिक्त दिखता नहीं, न वैज्ञानिक जगत इसे समझता है।

इसी ‘आत्मा’ के साथ उलझा है जीवन-मरण का परम सत्य। वास्तव में जीवन और मृत्यु क्या है, यह निश्चित रूप से कहना कठिन है। और उनके बीच की विभाजन रेखा प्रारंभ में कहाँ थी, यह जानना तो और कठिन है। भारत में ‘आत्मा’ साधारणतया उस अनुभूति को मानते थे जो किसी शरीर को अनुप्राणित रखे और परमात्मा मन की उस चरम अनुभूमि को, जो सृष्टि में व्याप्त सामूहिक सत्ता का बोध कराए।

:४:
जीव के स्ववर्धन, प्रवजन और मृत्यु रूपी चक्र (cycle)के आश्चर्यजनक परिणाम हुए। इस चक्र के कारण जीव के विकास का चमत्कार संभव हुआ। जो पैदा होता है, व‍ह ( कभी-कभी अन्य अवस्थाओं से गुजरकर) अपने जनक की तरह बनता है। पर वह ठीक जनक का प्रतिरूप नहीं होता, कुछ-न-कुछ अंतर रहता ही है, क्योंकि वह एक पृथक व्यक्तित्व है। आज का जीव- संसार अपने पूर्वजों की तरह है, जो काल-गर्त में चले गए, पर उनसे भिन्न है, क्योंकि यह अपनी प्रजाति की नई पीढ़ी है। यह सभी जीवधारियों के लिए, कीट- पतंगों से लेकर मानव तक, काई से लेकर आधुनिक वृक्षों तक; सत्य है कि जीव की एक पीढ़ी मरण को प्राप्त होती है तो पुन: उस जाति की नई पीढ़ी खड़ी हो जाती है।

सोचें कि नवजन्य पीढ़ी का क्या होगा? यह सच है कि कई दुर्घटना के शिकार बनेंगे या भाग्य उनसे आँखमिचौली खेलेगा, पर साधारणतया जो जीवन यात्रा के लिए अधिक उपयुक्त है, वे टिके रहेगें, प्रौढ़ बनेंगे और नई पीढ़ी को जन्म देंगे; जबकि कमजोर और अनुपयुक्त छँट जाऍंगे। इस प्रकार हर पीढ़ी में उपयुक्त का चयन और अनुपयुक्त की छँटनी सी होती रहती है। इसे हम ‘प्राकृतिक वरण’( natural selection) या ‘योग्यतम की उत्तरजीविता’(survival of the fittest) कहते हैं। इसके द्वारा विभिन्न योनियाँ (species) अपने को प्रत्येक पीढ़ी में काल एवं परिस्थिति के अनुकूल बनाती चलती हैं।

परिस्थितियाँ एक-सी नहीं रहतीं और जलवायु में कभी-कभी आकस्मिक परिवर्तन भी होते हैं। नई पीढ़ी की अनुकूलनशीलता की एक सीमा है। नई पीढ़ी में इक्की-दुक्की संरचना की विलक्षणताऍं, जो पीढ़ी के अंदर की व्यक्तिगत विभिन्नताओं से परे हों, प्रकट होती हैं,जिन्हें जीव विज्ञान में ‘उत्परिवर्तन’ (mutation) कहते हैं। कभी-कभी ये उत्परिवर्तन जीवन-संघर्ष में बाधा बनकर खड़े होते हैं या बेतुका, अनर्गल उत्परिवर्तन हुआ तो प्राकृतिक वरण द्वारा ऐसे जीवों की छँटनी हो जाती है। कभी ये उत्परिवर्तन जीवन-संघर्ष में सहायक होते हैं तथा ऐसे जीवों को अपनी जाति में प्रोत्साहन मिलता है। और कभी-कभी ये उत्परिवर्तन उस जाति की जीवित रहने की शक्ति को प्रभावित नहीं करते, पर असंबद्ध होने पर भी फैल जाते हैं।

जब परिस्थिति या जलवायु में शीघ्रता से परिवर्तन होता है और कोई सहायक उत्परिवर्तन नहीं होते तो समूची योनि ( प्रजाति) नष्ट हो जाती है। पर जहां बदलती परिस्थिति के साथ अनुकूल उत्परिवर्तन होते हैं और उन्हें क्रमिक पीढियों द्वारा फैलने का समय मिलता है तो कठिन समय को पार कर वह प्रजाति पीढ़ी-दर-पीढ़ी अपने को जलवायु एवं परिस्थिति की चुनौती स्वीकार करने योग्य बनाती है। इसी को योनियों का रूपांतर (modification of species) कहते हैं। यदि एक भाग में परिवर्तन आया तो पूर्वजों से भिन्न एक नई प्रजाति खड़ी होगी। यही योनियों अथवा प्रजातियों का विभेदीकरण (differentiation of species) है।

इस प्रकार जीवन सदा बदल रहा है। इस जन्म, वर्द्धन, प्रजनन और मृत्यु के चक्कर में फँसकर, प्राकृतिक उथल-पुथल के बीच, विकासपरक परिवर्तन उसकी मूल प्रवृत्ति है। पुरानी प्रजातियॉं लुप्त होती रहेंगी और नई, जो परिस्थितियों की चुनौती का सामना कर सकेंगी, प्रकट होंगी। यही इतिहास की प्रक्रिया है। जैसे यह जीव के लिए सच है वैसे ही मानव सभ्यता के लिए।

मेरे बचपन में एक चुटकुला कहा जाता था। दार्शनिक ने पूछा, ‘मुरगी पहले आई या मुरगी का अंडा।‘ आखिर मुरगी के पहले मुरगी का अंडा रहा होगा, जिससे मुरगी ने जन्म लिया, और अंडे के पहले मुरगी, जिसने वह अंडा दिया। पर यह स्पष्ट है कि यह मुरगी, जो अंडे से निकली, वह मुरगी नहीं है जिसने अंडा दिया था। यह उससे भिन्न सदा विकसित होती रही, अनगिनत सूक्ष्म परिवर्तनों से होकर। इसलिए उपर्युक्त प्रश्न उठता ही नहीं।

जीवन के विकास के पद-चिन्ह प्रकृति ने पृथ्वी की पपड़ी के शैलखंडों पर छोड़े हैं। पर यह उस पुस्तक की तरह है जो अनजान भाषा में लिखी गई है, जिसके पन्ने फट गए हैं। कुछ उलट-पुलट कर गायब भी हो गए हैं। कुछ गल गए या जल गए हैं। अथवा क्रूर समय के हाथों ने जिनके भग्नावशेषों को इधर-उधर सभी दिशाओं में विसर्जित कर दिया है।

पर शैल चिन्ह छोड़ सकने के लिए भी जीव को लंबी विकास यात्रा करनी पड़ी। केन नदी के उदगम स्थान के पास एक सहायक नदी में पारभासी (translucent)पत्थर मिलते हैं, जिनमें तरह- तरह के पेड़ पौधे या अन्य चित्र हैं । ये काई के अवशेष लिये पारभासी स्फटिक हैं। अरबों वर्षो के महायुग में एक प्रकार का अध:जीवन ही इस पृथ्वी पर रहा। जब जीव में सीप-घोघें सरीखा कवच या हड्डी या ढांचा प्रारंभ हुआ, तभी से पुराजीवी चट्टानों(palaeozoic rocks) में जीवन की विविधता के संकेत मिलने लगे। पहले घोंघे,सीपी और कीड़े (केकड़े,भीमकाय समुद्री बिच्छू और जलीय रंगनेवाले जीव) और समुद्री सेंवार आदि, ऊपरी परतों में मछलियॉ। इसके बाद आते हैं उभयचर (amphibian) जो जल, थल दोनों में रह सकते हैं और कार्बोनी युग (carboniferous age) के बड़े-बड़े पर्णांग (fern) के जंगल। इन जंगलों की लुगदी आज कोयले के रूप में पृथ्वी की परतों में विद्ययमान है।

जल के बिना जीवन असंभव है। निर्जल (dehydration)होने पर वनस्पति और जंतु मर जाते हैं। कहा गया है कि जल ही अमृत है। आदि जीव जल के बाहर फिंक जाने पर ‘बिना जल के मीन’सरीखे मर जाते थे। इसलिए उन अत्परिवर्तनों को, जिनके द्वारा सूखे में जीव अपने अंदर की नमी कुछ देर बनाए रख सके, प्रोत्साहन मिला। आदि-जैविक महाकल्प (proterozoic age) की विस्तीर्णता में प्रकृति के वे प्रयोग हुए जिनसे जीवन निरंतर जल में रहने की बाध्‍यता से मुक्‍त हो चला।

अगला मध्यजीवी महाकल्प (mesozoic age) जीवन की प्रचुरता और विस्तार के नए चरण से प्रारंभ होता है। अब आए जल रेख के ऊपर नीची भू‍मि पर, सदाहरित वनस्पति और इनके साथ तरह-तरह के सरीसृप; इनकी दुनिया विवधिता से भरपूर थी। डायनासोर (dinosaur : दानवासुर) शरीर में तिमिंगल मछली (whale) के बराबर थे। अर्थर कैनन डायल का एक उपन्यास ‘वह खोई दुनिया’ (The Lost World) प्रसिद्ध है। यह एक अगम्य पठार की, जहॉ मध्यजीवी कल्प के भयानक जानवर थे, उनके बीच कुछ लोगों के जोखिम की कहानी है।

इस भरे-पूरे भीमकाय जंतुओं के कल्प का अंत बड़ा विचित्र है। एक दिन ये जंतु अपने आप मिट गए। जैसा पुराजीवी कल्प के अंत में एक लंबे समय का अंतरात आता है वैसा ही मध्यजीवी कल्प के अंत में हुआ। पर किसी अनजाने भाग्य ने इन भयानक, भीममाय सरीसृपों का सत्यानाश कर डाला। मनव के अवतरण के पहले सबसे विलक्षण घटना यही है। ये सरीसृप स्थिर ग्रीष्म जलवायु में रहने के आदी थे। यह तभी होगा जब पृथ्वी की घुरी उसकी कक्षा पर प्राय: लंबवत् (perpendicular) होगी। एकाएक कठोर शीतयुग आया। इस सर्दी को या तापमान के तात्कालिक बदल को सहन करने का सामर्थ्य उस कल्प के जीवन में न था और सरीसृप एवं वनस्पति संभ्वतया जलवायु की चंचलता के शिकार बने। संभवतया किसी अत्यंत प्रचंड खगोलीय शक्ति से या आकाशीय पिंडाघात से पृथ्वी की धुरी,जो उसकी कक्षा पर प्राय: लंबवत् थी, एक ओर झुक गई। तब ग्रीष्म-शीत ऋतुऍ प्रारंभ हुई । आज भी हम नहीं जानते कि अनिश्चित काल में पृथ्वी को आच्छादित करते ‘हिमयुग’ (ice age) क्यों आए।

भरतीय भूविज्ञान के अनुसार चतुर्युगी के बाद कृतयुग के बराबर संध्या है,प्रलय के कारण सुनसान तथा उजाड़ (देखें – खण्ड २)। इसके बाद विमोचन में पुन: सृष्टि खुलती है। जिस समय जीवन की गाथा मध्यजीवी महाकल्‍प के अंत में विध्वंस और सूने अंतराल के बाद पुन: अपनी विपुलता में खिली, तब नूतनजीवी कल्प(cainozoic age) आ चुका है। विलुप्त भीमकाय सरीसृपों का स्थान उनसे विकसित स्तनपायी जीवों तथा पक्षियों ने ले लिया हे। उनके साथ आधुनिक वृक्ष दिखाई देने लगे हैं । इनमें फूल लगने लगे हैं और इसके साथ आया है तितलियों का थिरकना तथा मधुमक्खियों का गुंजन । मध्यजीवी कल्प के अंत में आई घास ने अब मैदानों और नग्न पर्वतों को छा दिया और वह चट्टानों के नीचे से झॉकने लगी।

स्तनपायी और पक्षी, जो उस महानाश से बच सके, उन सरीसृपों से, जो उसकी बलि चढ़े, कुछ बातों में भिन्न थे। प्रथम, ये तापमान के हेर-फेर सहने में अधिक समर्थ थे। स्तनपायी के शरीर पर रोएँ थे और पक्षी के पर। स्तनपायी को रोएँदार सरीसृप कह सकते हैं। इन बालों ने उसकी रक्षा की। दूसरे स्तनपायी गर्भ को शरीर के अंदर धारण कर और पक्षी अपने अंडे को सेकर उनका ठंडक से त्राण करते हैं और जन्म के बाद अपने बच्चों की, कुछ काल तक ही क्यों न हो, देखभाल करते हैं।

इस अंतिम विशेषता ने स्तनपायी और पक्षियों को एक पारिवारिक प्राणी बना दिया। माँ अपने बच्चे की चिंता करती है, इसलिए अपने कुछ अनुभव एवं शिक्षा अपनी संतति को दे जाती है। किशोरावस्था के पहले माता-पिता पर संतान की निर्भरता और उनका अनुकरण, इससे नई पीढ़ी को सीख देने का राजमार्ग खुला। इसके द्वारा इन प्रजातियों में पीढ़ी – दर – पीढ़ी व्यवहार एवं मनोवृत्ति का सातत्य स्थापित हो सका। एक छिपकली की जिन्दगी उसके स्वयं के अनुभवों की एक बंद दुनिया है। पर एक कुत्ते या बिल्ली को अपने व्यक्तित्व के विकास में वंशानुगत माता के द्वारा देखरेख, उदाहरण एवं दिशा सभी प्राप्त हुई हैं। माँ की ममता ने जीव की मूल अंत:प्रवृत्ति (instinct)में, जो पहले कुछ सीमा तक अपरिवर्तनीय थी, सामाजिक संसर्ग की एक कड़ी जोड़ दी वह शिक्षा तथा ज्ञान देने में सक्षम थी। इसके कारण तीव्र गति से मस्तिष्क का विकास संभव हुआ । आज सभी स्तनपायी जीवों के मस्तिष्क नूतनजीवी कल्प के प्रारंभ के अपने पूर्वजों से लगभग आठ-दस गुना बढ़ गए हैं।

यह नूतनजीवी कल्प का उष:काल था। उसके बाद धरती की कायापलट करनेवाला मध्य नूतन युग (miocene)आया, जो भूकंप काल था और जिसमें बड़ी पर्वत-श्रेणियों का निर्माण हुआ। हिमालय, आल्पस और एंडीज तभी बने। उस समय तापमान गिर रहा था। इसके बाद अतिनूतन युग (pliocene) में आज की तरह का जलवायु और पर्याप्त नवीन जीवन था। पीछे आया अत्यंत नूतन अथवा सद्य: नूतन युग (Pleistocene),जिसे हिमानी युग (glacial age) भी कहते हैं। इस युग में अनेक बार हिमनद ध्रुवों से विषुवत् रेखा की ओर बढ़े और आधी पृथ्वी बर्फ से ढक ली। ऐसे समय में सागरों का कुछ जल पृथ्वी के हिम के ढक्कनों ने समाविष्ट कर लिया और समुद्र से भूमि उघड़ आई। आज वह पुन: सागर तल है। ये हिमाच्छादन जीवन के लिए महान् संकट थे। अब पृथ्वी पुन: उतार – चढ़ाव के बीच धीरे-धीरे ग्रीष्मता की ओर सरक रही है, ऐसा वैज्ञानिक विश्वास है।
नूतनजीवी कल्प के हिमानी युग के घटते-बढ़ते हिम आवरण से मुक्त प्रदेश में अवमानव (sub-man) की झलक दिखाई पड़ती है। यह नूतनजीवी कल्प लाया हिमानी और तज्जनित भयानक विपत्तियाँ और मानव।

:५:
जीवन, जो सागर में कीट या काई की एक क्षीण लहरी-सा प्रारंभ हुआ, उसकी परिणति लाखों योनियों (प्रजातियों: species) से होकर प्रकृति के सर्वश्रेष्ठ जीव मानव में हुई। पर डारविन (Darwin) ने अपनी प्रसिद्ध पुस्‍तकें ‘प्रजातियों की उत्पत्ति’(Origin of Species) और ‘मानव का अवतरण’ (Descent of Man) में विकासवाद, और यह सिद्धान्त कि मानव जैविक विकास-क्रम की नवीनतम कड़ी है, प्रतिपादित किया तो उसके विरूद्ध एक बवंडर उठ खड़ा हुआ। कुछ स्थनों पर इसके पढ़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। बाइबिल पूर्व विधान (Old Testament) के उत‍पत्ति अध्‍याय (Genesis),जिसको ईसाई और मुसलमान दोनों ही मानते हैं, के विचारों से यह मेल नहीं खाता था। वहाँ वर्णित अदन वाटिका (Garden of Eden) की कहानी विदित है। ‘ईश्वर ने पहले आदम (Adem) का अपनी अनुकृति में निर्माण किया और फिर उसकी पसली से हव्वा (Eve) को। उसी वाटिका में सर्प के लुभाने से ज्ञानवृक्ष का वर्जित सेब खाने के कारण ईश्वर के शाप से पीड़ित हो मानव संतति प्रारम्भ हूई। जैसे यह मानव जाति विकास का वरदान न होकर शाप का परिणाम हो, जिसे नारी आज तक ढ़ो रही है। पश्चिमी जगत ने इन कथानकों का शाब्दिक अर्थ लेना छोड़ दिया, फिर भी कुछ लोगों ने मजाक उड़ाया- ‘डारविनपंथी समझें कि वे बंदर की संतान हैं। हम नहीं है’। यद्यपि डारविन ने ऐसा कुछ नहीं कहा था।

रामायण में कपियों का उल्लेख आता है । पर त्रेता युग के जिन ‘वानर’ एवं ‘ऋक्ष’ (रीछ) जातियों का वर्णन है, वे हमारी तरह मनुष्‍य थे। ऑस्ट्रेलिया के आदि निवासियों में अभी तक ऐसी जातियॉ हैं जो किसी प्राणी को पवित्र मानतीं, उसकी पूजा करतीं और उसी के नाम से जानी जाती हैं। इसी प्रकार वानर और ऋक्ष जातियों के गण – चिन्ह थे।

‘पर मानव का वंश – क्रम आदि जीवन से प्रारंभ होता है’ , यह तथ्‍य केवल रीढ़धारी जंतुओं (vertebrates या chordate) के अस्थि – पंजर एवं प्रजातियों के तुलनात्‍मक अध्ययन पर आधारित नहीं है। उसके इस वंश – क्रम का सबसे बड़ा प्रमाण तो मानव – गर्भ की जन्म के पहले की विभिन्न अवस्थाऍ हैं। मानव – गर्भ प्रारंभ होता है जैसे वह मछली हो – वैसे गलफड़े और अंग – प्रत्यंग। वह उन सभी अवस्‍थाओं से गुजरता है जो हमको क्रमश: उभयचर,सरीसृप और स्तनपायी जीवों की याद दिलाते हैं । यहाँ तक कि कुछ समय के लिए उसके पूँछ भी होती है। जीवन के संपूर्ण विकास –क्रम को पार कर वह मानव – शिशु बनता है। यह आयुर्वेद को ज्ञात था।

पुराणों में कहा गया है कि चौरासी लाख योनियों से होकर मानव जीवन प्राप्त होता है। आज भी वैज्ञानिक अस्सी लाख प्रकार के जंतुओं का अनुमान करते हैं। पहले कुछ प्रेत योनियों की कल्पना थी, अभी तक हम नहीं जानते कि वे क्या हैं। पतंजलि ने ‘योगदर्शन’ के एक सूत्र में कहा है कि प्रकृति धीरे – धीरे अपनी कमियों को पूरा करते चलती है, जिसके कारण एक प्रकार का जीव दूसरे में बदल जाता है । यह चौरासी लाख योनियों से होकर मानव शरीर प्राप्त करने की संकल्‍पना सभी जंतुओं को एक सूत्र में गूंथती है। उसके भी आगे, मानव के निम्नस्थ जंतु से विकास का संकेत करती है।

शायद हमें ‘रामचरितमानस’ की उक्ति याद आए – ‘छिति जल पावक गगन समीरा। पंच रचित यह अधम सरीरा।।‘ पर यह पदार्थ (द्रव्य) (matter) की भिन्न अवस्‍थाओं (state)या लक्षणों का वर्णन है। ‘क्षिति’ से अभिप्राय ठोस पदार्थ (solid) है, ‘जल’ से द्रव (liquid), ‘समीर’ से गैस, ‘पावक’ से ऊर्जा (energy) और ‘गगन’(space) से शून्यता । शरीर इन सभी से बना है। ये रासायनिक मूल तत्व (chemical elements) नहीं हैं।

जिस समय डारविन की पुस्तकें प्रकाशित हुई, लोग कपि और मानव के संसंध कडियों में जीवाश्म के विषय में पूछते थे। इस ‘अप्राप्त’ कड़ी (missing link) की बात को लेकर हँसी उड़ाई जाती थी। पर मानव जाति का संबंध सागर से बहुत पहले छूट चुका था। उसके मानव के निकटतम पूर्वज कभी बड़ी संख्या में न थे। वे अधिक होशियार भी थे। अत: आश्चर्य नहीं कि नूतनजीवी कल्प में अवमानव के अस्थि – चिन्ह दुर्लभ या अप्राप्य हैं । वैसे अभी शैल पुस्तिका का शोध प्रारंभिक है। भारत (या एशिया-अफ्रीका), जहाँ अवमानव के बारे में प्रकाश डालनेवाले सबसे मूल्यवान सूत्र दबे होंगे, लगभग अनखोजें हैं।

कभी इस पृथ्वी पर कापियों से भिन्न मानव सदृश प्राणी था, यह हम इस कल्प के पत्थर के हथियारों से जानते हैं । ये चकमक के टुकड़े ऐसे अनगढ़ थे कि वर्षो यही विवाद चलता रहा कि ये प्राकृतिक हैं या कृत्रिम । पर आज पुरातत्‍वज्ञ (archaeologists) यह मानते हैं कि वे किसी प्राणी के द्वारा निर्मित हैं। नूतनजीवी कल्प के अतिनूतन युग में इनके प्रथम दर्शन होते हैं। इसके बाद ये हिमानी युग के प्रथम अंतरिम कालखंड (first inter-glacial period) में बराबर मिलते रहते हैं।

धीरे – धीरे यूरोप में पचास हजार वर्ष से कुछ पुरानी मानवसम खोपडियॉ और हड्डियाँ बड़े प्राणी की प्राप्त होती हैं। तब चौथा हिमाच्छादन पराकाष्ठा पर पहुंच रहा था और तत्कालिक मानव ने कंदराओं में शरण ली। इन्हें ‘नियंडरथल मानव’(Neanderthal man)कहते हैं। यह मानव की भिन्न जाति थी । इनके कुछ चिन्ह मिल सके; क्योंकि हिमयुग के शीत से बचने के लिए इन्होंने कंदराओं की शरण गही। उसके मुख के पास अग्नि प्रज्वलित की – शीत तथा जानवरों से त्राण पाने के लिए।

अग्नि, संसार का अद्वितीय आविष्कार, इसको सुलगाकर सदा प्रज्वलित रखना आदि मानव की चिंता का विषय था । यवन मिथक (Greek mythology)में वर्णित प्रोमीथियस (Prometheus)की एक कहानी है। वह स्वर्ग से अग्नि चुराकर पृथ्वी पर लाया। इसके लिए उसे स्वर्ग से निकाल दिया गया। अंग्रेजी साहित्य में भी मानव जाति के इस महान उपकारी के काव्य लिखे गए हैं। पर ‘प्रोमीथियस’ तो ‘प्रमंथन’ का अपभ्रंश मात्र है। प्रमंथन से ,रगड़ से, यह अग्नि जो अदृश्य थी, प्रकट हुई। अंगिरा ऋषि ने दो सूखी लकड़ी के टुकड़ों के प्रमंथन से, या चकमक टुकड़ों की रगड़ द्वारा अग्नि उत्पन्न करने की विधि बताई है।

नियंडरथल मानव के बारे में अनेक कल्‍पनाऍ पुरातत्वज्ञों ने की हैं। रूड्यार्ड किपलिंग (Rudyard Kipling) की बाल कहानी ‘द जंगल बुक’(The Jungle Book) आदि भेड़ियों की कहानियों पर आधारित है। पर नियंडरथल मानव उस समय की प्रकृति की सर्वश्रेष्‍ठ कृति थी। बहुत बड़ा मस्तिष्क एवं तीक्ष्ण इंद्रियाँ उन्हें मिली थीं, साथ ही विकासजनित सामाजिकता के भाव। पुरातत्वज्ञों ने कल्पना में ये सब ओझल कर दिए।

चतुर्थ हिमाच्छादन में बहुत सारा पानी हिम आवरणों में समाविष्ट हो गया और कुछ भूमि, जो पहले सागर तल थी, निकल आई। हो सकता है कि अफ्रीका का उत्तरी भाग यूरोप से मिला हो । भूमध्य सागर (Mediterranean Sea) के स्थान पर संभवतया बीच में एक या दो झीलें सागर तल से नीची भूमि पर थीं । उधर यूरोप और एशिया के बीच अपने अंदर काला सागर (Black Sea), कश्यप सागर (Caspian Sea) और अरल सागर (Aral Sea) को समाए सुदूर उत्तर तक एक मध्यवर्ती सागर लहराता था; जिसके कारण यूरोप (प्राचीन नाम योरोपा, संस्कृत ‘सुरूपा’ ) एक महाद्वीप कहलाया । उत्तरी ध्रुव प्रदेश से बढ़ते हिम – पुंज ने आल्पस पर्वत के पास तक मघ्य यूरोप ढ़क लिया और उक्त योरेशिया के मध्यवर्ती सागर को छूने लगा।

चतुर्थ हिमाच्छादन के बाद लगभग चालीस सहस्र वर्ष पूर्व ,जब पुन: शीतोष्ण जलवायु मध्य यूरोप में लौटी तब एक भिन्न मानव प्रजाति दक्षिण एवं पूर्व से यूरोप में आने लगी। धीरे- धीरे प्रत्येक शताब्दी में बर्फ उत्तर की ओर हटती गई। यूरोप की जलवायु सुधरी और घास के मैदान एवं वृक्ष भी उत्तर की ओर बढ़े । नवीन मानव प्रजाति उनके पीछे-पीछे नए स्‍थानों पर पहुंची। यह नई प्रस्तरयुगीन प्रजाति विशुद्ध मानव (Homo Sapiens) की थी, जो हम सब हैं।

कालांतर में नियंडरथल मानव भी नष्ट हो गए। संभ्वतया प्रा‍कृतिक विकास क्रम में, या चतुर्थ हिमाच्छादन का भयंकर शीत न सह सकने के कारण । मानव की जो जाति नियंडरथल मानव के बाद आई, वह खुले में रहती थी, पर उसने नियंडरथल मानव की कंदराओं और स्थानों पर भी आधिपत्य जमाया। कुछ पुरातत्वज्ञ ऐसा विश्वास करते हैं कि शायद नियंडरथल मानव का नवीन मानव से भिन्न प्रजाति होने के कारण (जैसे कुत्ते और बिल्ली भिन्न हैं), उनका संकरण नहीं हुआ। पर नियंडरथल मानव चतुर्थ हिमाच्छादन में ही समाप्त हो गए।

:६:
जो उष्ण छिछले सागर के अंदर छोटे से कंपन से लेकर जीव की विकास यात्रा मानव तक आई, वह विकास शारीरिक संरचना और मस्तिष्क में ही नहीं, किंतु प्रवृत्ति, मन तथा भावों के निर्माण में भी हुआ।

जिस प्रकार का विकास कीटों में हुआ वह अन्यत्र नहीं दिखता। मक्खी की एक ऑंख में लगभग एक लाख ऑंखें होती हैं। इन दो लाख ऑंखों से वह चारों ओर देख सकती है। एक कीड़ा अपने से हजार गुना बोझ उठा कसता है। अपनी ऊँचाई-लंबाई से सैकड़ों गुना ऊँचा या दूर कूद सकता है। कैसी अंगो की श्रेष्ठता, कितनी कार्यक्षमता! फिर प्रकृति ने एक और प्रयोग किया कि कीटवंश, उनका समूह एक स्वचालित इकाई की भॉंति कार्य करे। सामूहिकता में शायद सृष्टि का परमोद्देश्य पूरा हो। कीटों के अंदर रची हुई एक मूल अंत:प्रवृत्ति है, जिसके वशीभूत हो वे कार्य करते हैं। इसके कारण लाखों जीव एक साथ, शायद बिना भाव के (?) रह सके। कीटवंशों की बस्तियॉं बनीं। उनका सामूहिक जीवन सर्वस्व बन गया और कीट की विशेषता छोड़ वैयक्तिक गुणों का ह्रास हुआ। इससे मूल जैविक प्रेरणा समाप्त हो गई। प्रारंभिक कम्युनिस्ट साहित्य में इसे समाजवादी जीवन का उत्कृष्ट उदाहरण कहा जाता रहा। इस प्रकार मिलकर सामूहिक, किंतु यंत्रवत कार्य से आगे का विकास बंद हो जाता है। कीट आज भी हमारे बीच विद्यमान हैं। पर पचास करोड़ वर्षों से इनका विकास रूक गया।

रीढ़धारी जतुओं में मछली, उभयचर, सरीसप, पक्षी एवं स्तनपायी हैं। पहले चार अंडज हैं, पर स्तनपायी पिंडज हैं। प्रथम तीन साधारणतया एक ही बार में हजारों अंडे देते हैं, एक अटल, अंधी, अचेतन प्रवृत्ति के वश होकर। पर मॉं जानती नहीं कि अंडे कहॉं दिए हैं और कभी-कभी वह अपने ही अंडे खा जाती है। लगभग सात करोड़ वर्ष पूर्व प्रकृति ने जो नया प्रयोग किया कि संघर्षमय संसार में शायद शक्तिशाली जीव अधिक टिकेगा, इसलिए विशालकाय दॉंत-नख तथा जिरहबख्तरयुक्त दानवासुर बनाए। वे भी नष्ट हो गए।

तब चराचर सृष्टि में एक नया आयाम खुला। क्रांतिकारी परिवर्तन करने वाला एक अद्वितीय तत्‍व उत्‍पन्‍न हुआ। पक्षी और स्‍तनपायी में एक नए भाव का निर्माण हुआ। पक्षी घोंसला बनाते हैं। अंडों को सेते समय उनकी रक्षा करते हैं। बच्‍चा पैदा होने पर कितना असहाय होता है। और मनुष्‍य का बच्‍चा तो सबसे बड़े कालखंड के लिए निर्बल रहता है। मां-बाप उसे खाना देते हैं, जीना सिखाते हैं। कितनी चिंता करके बच्‍चे का पालते हैं। पक्षी ने दाना छोड़ तिनका उठाया-घोंसला बनाने के लिए। घूमना छोड़ अंडा सेया, स्‍वयं न खाकर बच्‍चे को दिया, यह समझकर कि बच्‍चा वह स्‍वयं है। यह बच्‍चे से अभिन्‍नता का भाव स्‍नेह, ममता और उससे जनित अपूर्व त्‍याग सिखाता है।

स्‍नेह, इससे अनेक गुण उत्‍पन्‍न होते हैं। शिक्षा की प्रथम कड़ी इसी से जुड़ती है। पालतू तोता, मैना मनुष्‍य की वाणी की नकल करना तभी सीखते हैं जब वे उससे प्रेम करने लगते हैं। पालतू कुत्‍ता भी घर के बच्‍चों को अपने गोल का समझता है। ‘जन्‍म से स्‍वतंत्र’ (born free) ऐसी शेरनी की पालनकर्ता मनुष्‍य के प्रति स्‍नेह की कहानी है। शिशुक (सूँस: dolphin) के द्वारा मनुष्‍य को सागर से किनारे फेंककर उसकी जान बचाने की अनेक कथाऍं हैं। ऐसा है स्‍तनपायी जीव का नैसर्गिक स्‍नेह, जो सागर को लाट गया। शायद इसे देखकर ही जलपरी (mermaid) की कहानियॉं हैं। कैसे मनुष्‍य के साथ खेलतीं, संगीत सुसनती हैं। मॉं की ममता से कुटुंब बना। स्‍नेह करने से सुख होता है, इससे सामाजिकता आई। गोल या दल बना। यह समाज- निर्माण की प्रक्रिया है। केवल सुरक्षा के लिए समाज नहीं बनता, सामाजिकता के भाव के कारण समाज जुड़े।

ये मछलियॉं, उभयचर तथा सरीसूप अनुभवों से सीखते हैं। उनकी कम-अधिक स्‍मृति भी रहती है। ऊपरी तौर पर उनके अनुभव प्राणी तक ही सीमित रहते हैं और उनकी म़त्‍यु पर खो जाते हैं। पर पक्षी एवं स्‍तनपायी अपने अनुभव कुछ सीमा तक अगली पीढ़ी को दे जाते हैं। ये पीढ़ी-दर-पीढ़ी संचित होते रहते हैं। इनके साथ भाव संलग्‍न हो जाते हैं।

इस विकास-क्रम के पीछे कोई प्रयोजन है क्‍या ? प्रकृति का कौन सा गूढ़ महोद्देश्‍य इसके पीछे है ? यहॉं दो मत हैं। हमने बर्नार्ड शॉ (Bernard Shaw) का नाटक ‘पुन: मेथुसला की ओर’ (Back to Methuselah) और उसकी भूमिका पढ़ी होगी। कैसे एक जीवन शक्ति (élan vital) विकास-क्रम को आगे बढ़ाती है। एक पुरातत्‍वज्ञ एरिक वान दानिकन की पुस्‍तक ‘देवताओं के रथ’ (Erich von Daniken: Chariots of he Gods? Unsolved Mysteries of the Past) का प्रश्‍न है, क्‍या अंतरिक्ष के किसी दूसरे ग्रह के प्रबुद्ध जीव या देवताओं ने इस विकास-धारा को दिशा दी? इस पुस्‍तक में महाभारत की कुंती की कथा का उल्‍लेख है, जब उसने देवताओं का आह्वान कर तेजस्‍वी पुत्र मॉंगे।

जिस प्रकार बच्‍चे के अंग-प्रत्‍यंग उसके माता-पिता तथा उनके पीढियों पुराने पूर्वजों पर निर्भर करते हैं उसी प्रकार वह उनके मनोभावों से प्रभावित संभावनाओं (potentialities) को लेकर पैदा होता है। कर्मवाद का आधार यही है कि हमारा आचरण आने वाले वंशानुवंश को प्रभावित करता है। अत्‍यंत प्राचीन काल में भारतीय दर्शन में कर्मवाद के आधार पर जिस सोद्देश्‍य विकास की बात कही गई,उसके बारे में जीव विज्ञान अभी दुविधा में है। आज के वैज्ञानिक विकास को आकस्मिक एवं निष्‍प्रयोजन समझते हैं, मानों यह संयोगवश चल रहा हो। जैसे कोई एक अंध प्रेरणा अललटप्‍पू हर दिशा में दौड़ती हो और अवरोध आने पर उधर जाना बंद कर नई अनजानी जगह से किसी दूसरी दिशा मे फूट निकलती हो।