रविवार, अप्रैल 11, 2010

अगस्त्य मुनि और हिन्दु महासागर

अगस्त्य मुनि की प्रतिमा का चित्र - विकिपीडिया के सौजन्य से
अब हिंदु महासागर के द्वीप एवं दक्षिण-पूर्व एशिया के देश। कभी अगस्ति (अगस्त्य) (Agastya) मुनि ने हिंदु महासागर का अन्वेषण किया था। इसी से आलंकारिक भाषा में कहते हैं, उन्होंने उस 'महासागर को चुल्लू में भरकर पी लिया'। दक्षिणी गोलार्द्घ में महासागर यात्रा करते समय उनकी कीर्ति का सूचक दक्षिण का अगस्ति तारा पथ-प्रदर्शक बना (देखें- पूष्ठ ४०)। प्राचीन काल में गुजरात से सीधा दक्षिणी ध्रुव का सागर मार्ग, जिस पर बीच में कोई भूमि नहीं पड़ती, पता था। आज सोमनाथ मंदिर के परकोटे पर दक्षिणी ध्रुव तक यह सीधा सागर मार्ग बताता, तीर चिन्हांकित पट्ट देख सकते हैं। शरद हेबालकर ने अपनी पुस्तक 'भारतीय संसकृति का विश्व-संचार' में भारत के उन साहसी नाविकों की महासागर की विजय-गाथा और भारतीय संस्कृति के इन प्रचारकों की कहानी का हृदयग्राही वर्णन किया है-जिन्होंने उत्ताल तूफानी तरंगों के बीच, आँधियों के साये में, काल से खेलते हुए अनजाने प्रदेशों की यात्रा कर नवीन भूखंडों में भारतीय संस्कृति का दीप प्रज्वलित किया।

कभी श्रीलंका (सिंहल द्वीप : Ceylon ) और ब्रम्ह देश ( या बर्मा : Burma) (आधुनिक म्याँमार : Myanmar) वैसे ही भारत के अंग थे जैसे गांधार (कंधार और अफगानिस्तान)। इनका संपूर्ण सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जीवन भारतीयों द्वारा निर्मित था। भारत के प्राचीन साहित्य में यह 'लंका', 'सिंहल' अथवा 'रत्नद्वीप' कहकर विख्यात है। रामायण में राम द्वारा लंका विजय का वर्णन है। कहते हैं कि चित्तौड़ की रानी पद्मिनी सिंहल द्वीप की राजकुमारी थी।

सिंहली परंपरा, जो प्राचीन ग्रंथ 'महावंश' में उल्लिखित है, के अनुसार गुजरात से सिंहपुर का राजकुमार विजय अपने सात सौ साथियों सहित विक्रम संवत् पूर्व पाँचवीं शताब्दी में पोत से श्रीलंका आया। किंवदंती है कि उसके पूर्वज बंगाल में सिंहपुर के निवासी थे तथा अपने को 'सिंहल' कहते थे। लंका में यक्षों का निवास था। विजय ने एक यक्ष-कन्या से विवाह भी किया; पर बाद में वह चली गयी। तब मदुराई के पांडु राजा से निवेदन करने पर उसका विवाह पांडु राजकुमारी के साथ हुआ और उसके सभी साथियों को वधुएँ प्राप्त हुयीं। बाद में विजय ने अपने छोटे भाई को सिंहपुर (बंगाल) से बुला भेजा, जिसने अपने कनिष्ठ पुत्र पांडुवासुदेव को भेजा। वह अपने कुछ साथियों सहित पूर्वी तट पर 'गोकन्न' (आधुनिक त्रिंकोमाली) पत्तन पर उतरा। विजय और पांडुवासुदेव के वंशजों ने सिंहली राज्य स्थापित किया, जो उतार-चढ़ाव तथा व्यवधानों के बीच उन्नीसवीं शताब्दी तक चलता रहा। इस प्रकार उत्तरी भारत के पूर्व एवं पश्चिम दोनों ओर से आकर सिंहल बसे और फिर दक्षिण भारतीय। इन्होंने अपनी राजधानी अनुराधापुर, सारस्वत सभ्यता की नगर-रचना के समान बनाई और उसी प्रकार की समाज-रचना और राजनीतिक ढाँचा खड़ा किया। भारतीय संस्कृति का यह नवीन पालना बना।

ये हिंदुओं के उपनिवेश वैष्णव मतावलंबी थे। जब सम्राट अशोक ने अपने पुत्र महेंद्र को यहाँ भेजा ('महावंश' के अनुसार, वे आकाश मार्ग से आए) तो राजा-प्रजा सभी ने उनका स्वागत किया। राजा ने 'महामेघ' नामक उपवन दिया, जहाँ उन्होंने प्रथम बौद्घ विहार बनाया। बाद में महेंद्र की बहन संघमित्रा भी आई। दोनों ने भिक्षु-भिक्षुणी संघ स्थापित किए। लंका ने बौद्घ मत अपनाया। भारतीय संस्कृति और उसके मत-मतांतर शांति काल के सुफल हैं। दक्षिण भारत के राज्यों ने सिंहल द्वीप पर भी प्रभाव जमाया। तब पांडु, चोल तथा पल्लव राजाओं के झगड़ों का प्रक्षेप लंका पर पड़ना स्वाभाविक था। यदाकदा उनके आपसी झगड़ों की लीलास्थली लंका भी बनी। दक्षिण भारत में मुसलिम राज्य आने पर संस्कृति का भारत से आता प्रवाह सूख गया।

लंका की प्रमुख नदियों को 'गंगा' कहते हैं। 'महावेलि गंगा' पूर्व त्रिकोमाली में सागर में मिलती है; 'कालू गंगा' एवं 'केनाली गंगा' पश्चिम सागर में गिरती है और 'बलवे गंगा' दक्षिण में। नगरों और व्यक्तियों के नाम, प्रशासनिक शब्द तथा पद, जीवन और समाज-रचना, सभी एक लघु भारत की सृष्टि करते हैं, जो उत्तरी भारत के नमूने पर है। उसमें वृंत से कट जाने के कारण भटकाव तथा आपसी संघर्ष आया।

प्राचीन सभ्यताएँ और साम्राज्य
०१ - सभ्यताएँ और साम्राज्य
०२ - सभ्यता का आदि देश
०३ - सारस्वती नदी व प्राचीनतम सभ्यता
०४ - सारस्वत सभ्यता
०५ - सारस्वत सभ्यता का अवसान
०६ - सुमेर
०७ - सुमेर व भारत
०८ - अक्कादी
०९ - बैबिलोनिया
१० - कस्सी व मितन्नी आर्य
११ - असुर जाति
१२ -  आर्यान (ईरान)
१३ - ईरान और अलक्षेन्द्र (सिकन्दर)
१४ - अलक्षेन्द्र और भारत
१५ - भारत से उत्तर-पश्चिम के व्यापारिक मार्ग
१६ - भूमध्य सागरीय सभ्यताएँ
१७ - मिस्र सभ्यता का मूल्यांकन
१८ - पुलस्तिन् के यहूदी
१९ - यहूदी और बौद्ध मत
२० - जाति संहार के बाद इस्रायल का पुनर्निर्माण
२१ - एजियन सभ्यताएँ व सम्राज्य
२२ - फणीश अथवा पणि
२३ - योरोप की सेल्टिक सभ्यता
२४ -  योरोपीय सभ्यता के 'द्रविड़'
२५ - ईसाई चर्च द्वारा प्राचीन यरोपीय सभ्यताओं का विनाश
२६ - यूनान
२७ - मखदूनिया
२८ - ईसा मसीह का अवतरण
२९ - ईसाई चर्च
३० - रोमन साम्राज्य
३१ - उत्तर दिशा का रेशमी मार्ग
३२ -  मंगोलिया
३३ - चीन
३४ - चीन को भारत की देन 
३५ - अगस्त्य मुनि और हिन्दु महासागर

1 टिप्पणी: